Move to Jagran APP

Roohi Box Office Collection Day 7: सिनेमाघरों में कायम है रूही की दहशत, सात दिनों में हुई इतनी कमाई

कल (19 मार्च) से रूही के सामने दो बड़ी फ़िल्मों संदीप और पिंकी फ़रार और मुंबई सागा की चुनौतियां होंगी। संदीप और पिंकी फ़रार में जाह्नवी के भाई अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा लीड रोल्स में हैं जबकि मुंबई सागा में जॉन अब्राहम और इमरान हाशमी मुख्य भूमिकाओं में दिखेंगे।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Thu, 18 Mar 2021 01:32 PM (IST)Updated: Thu, 18 Mar 2021 07:39 PM (IST)
Janhvi Kapoor and Varun Sharma in Roohi. Photo- Twitter/Maddock Films

नई दिल्ली, जेएनएन। जाह्नवी कपूर, राजकुमार राव और वरुण शर्मा अभिनीत हॉरर-थ्रिलर फ़िल्म रूही की दहशत सिनेमाघरों में जारी है, जिसके चलते फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर अपनी धाक जमाकर रखी है। वर्किंग वीक में कलेक्शंस में गिरावट आयी है, मगर एक निरंतरता बनी हुई है, जिसके चलते फ़िल्म सधी हुई रफ़्तार से चल रही है। 

loksabha election banner

कोरोना वायरस पैनडेमिक के बाद इंडस्ट्री में उपजी अनिश्चतताओं के बीच रूही 11 मार्च को महाशिवरात्रि पर रिलीज़ हुई थी। 17 मार्च को फ़िल्म ने सिनेमाघरों में सात दिन का सफ़र पूरा कर लिया। इन सात दिनों में रूही ने 16.41 करोड़ का कलेक्शन कर लिया। फ़िल्म ने 3.06 करोज़ की ओपनिंग ली थी। इसके बाद शुक्रवार को 2.25 करोड़, शनिवार को 3.42 करोड़, रविवार को 3.85 करोड़, सोमवार को 1.35 करोड़, मंगलवार को 1.26 करोड़ और बुधवार को 1.22 करोड़ रुपये जमा किये। सोमवार से बुधवार तक फ़िल्म के कलेक्शंस देखें तो यह लगातार एक करोड़ से ऊपर बने हुए हैं, जो इसकी स्थिर रफ़्तार की तस्दीक करता है। 

जाह्नवी कपूर, राजकुमार राव और वरुण शर्मा अभिनीत फ़िल्म का निर्देशन हार्दिक मेहता ने किया है। रूही, हॉरर-कॉमेडी फ़िल्म स्त्री की अगली कड़ी के रूप में बनायी गयी है। डेब्यू फ़िल्म धड़क के बाद जाह्नवी की यह दूसरी थिएटर रिलीज़ फ़िल्म है। रूही के सामने अपनी कमाई बढ़ाने के लिए गुरुवार का दिन काफ़ी अहम है, क्योंकि शुक्रवार (19 मार्च) से रूही को नई फ़िल्मों से टक्कर मिलेगी।

रूही के सामने मुंबई सागा और संदीप और पिंकी फ़रार

कल (19 मार्च) से रूही के सामने दो बड़ी फ़िल्मों संदीप और पिंकी फ़रार और मुंबई सागा की चुनौतियां होंगी। दिबाकर बनर्जी निर्देशित संदीप और पिंकी फ़रार में जाह्नवी के भाई अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा लीड रोल्स में हैं, जबकि संजय गुप्ता निर्देशित मुंबई सागा में जॉन अब्राहम और इमरान हाशमी मुख्य भूमिकाओं में दिखेंगे। संदीप और पिंकी फ़रार डार्क कॉमेडी है, वहीं मुंबई सागा गैंगस्टर फ़िल्म है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.