RAW Box Office: जॉन अब्राहम की Romeo Akbar Walter ने दो दिनों में कमा लिये इतने करोड़
RAW Day 2 Box Office Collection रॉ को रॉबी ग्रेवाल ने निर्देशित किया है। यह एक एस्पियॉनेज ड्रामा है जिसकी पृष्ठभूमि 1970 के दशक में सेट है।
मुंबई। जॉन अब्राहम की स्पाय फ़िल्म RAW Romeo Akbar Walter ने साधारण शुरुआत के बाद दूसरे दिन बेहतर प्रदर्शन किया है। फ़िल्म ने दो दिनों में 13 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है।
5 अप्रैल को रिलीज़ हुई रॉ ने पहले दिन 6 करोड़ का कलेक्शन किया था। दूसरे दिन शनिवार को कलेक्शंस में बढ़ोत्तरी हुई और 7.70 करोड़ फ़िल्म को मिले, जिसे मिलाकर दो दिनों में रॉ का कलेक्शन 13.70 करोड़ हो चुका है। ट्रेड सूत्रों के अनुसार, फ़िल्म मल्टीप्लेक्सेज़ में ज़्यादा दर्शक बटोर रही है। अगर रविवार को भी यह बढ़त बरकरार रहती है तो फ़िल्म अच्छा ओपनिंग वीकेंड कर लेगी, जो 20 करोड़ के आसपास रहने का अनुमान है। रॉ के पक्ष में यह बात जाती है कि फ़िल्म के सामने फ़िलहाल तगड़ी चुनौती नहीं है। अक्षय कुमार की केसरी तीसरे हफ़्ते में है और इसके कलेक्शन में अब बहुत ज़्यादा उछाल नहीं आने वाला। वहीं, दूसरे हफ़्ते में चल रही विद्युत जाम्वाल की जंगली की रफ़्तार बेहद धीमी है।
रॉ को रॉबी ग्रेवाल ने निर्देशित किया है। यह एक एस्पियॉनेज ड्रामा है, जिसकी पृष्ठभूमि 1970 के दशक में सेट है। फ़िल्म में जॉन का किरदार कई गेटअप में दिखायी देता है। फ़िल्म को क्रिटिक्स की भी मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली है। मौनी रॉय, जैकी श्रॉफ और सिकंदर खेर ने अहम भूमिकाएं निभायी हैं।
अगर रॉ के कलेक्शंस की तुलना जॉन की पिछली फ़िल्मों से करें तो 2018 में आयीं परमाणु- द स्टोरी ऑफ़ पोखरण और सत्यमेव जयते, दोनों ही कामयाब रही थीं। परमाणु ने 4.82 करोड़ की ओपनिंग लेकर 20.78 करोड़ का कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया था, वहीं सत्यमेव जयते ने 20.52 करोड़ की शानदार ओपनिंग मिली थी और 56.91 करोड़ का कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया था। इस लिहाज़ से रॉ परमाणु वाली धारा की फ़िल्म है।