यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Radhe Box Office Collection: सलमान ख़ान की फ़िल्म ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर की ताबड़तोड़ कमाई
Radhe Box Office Collection प्रभुदेवा निर्देशित राधे में दिशा पाटनी फीमेल लीड हैं जबकि रणदीप हुड्डा ने मुख्य विलेन का ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच 13 मई को ईद के मौक़े पर रिलीज़ हुई सलमान ख़ान की फ़िल्म राधे- योर मोस्ट वॉन्टेड भाई ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अच्छी व्यूअरशिप हासिल की है। हालांकि, सिनेमाघर बंद होने की वजह से फ़िल्म देश में सिर्फ़ तीन थिएटर्स में रिलीज़ हुई। वहीं, ओवरसीज़ में फ़िल्म सिनेमाघरों में रिलीज़ की गयी, जहां इसकी कमाई 2 मिलियन डॉलर के क़रीब पहुंच चुकी है।
राधे, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर Pay Per View के आधार पर रिलीज़ की गयी थी। ज़ीप्लेक्स पर फ़िल्म को एक बार देखने के लिए दर्शक को 249 रुपये चुकाने पड़ते हैं। फ़िल्म कम्पेनियन की एक रिपोर्ट में मीडिया ट्रेंड पर नज़र रखने वाली संस्था ओरमेक्स मीडिया के हवाले से बताया गया है कि राधे ने रिलीज़ के चार दिनों में 8.9 मिलियन यानी 89 लाख व्यूज़ हासिल किये थे।
इस आधार पर रिलीज़ के चार दिनों में राधे ने लगभग 221 करोड़ रुपये डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुटाये हैं। इसमें से 4.2 मिलियन व्यू़ज़ पहले दिन के हैं, जिसे ख़ुद निर्माता कम्पनी सलमान ख़ान फ़िल्म्स और ज़ी स्टूडियोज़ ने जारी किया था। ट्रेड जानकार मानते हैं कि राधे को पे-पर-व्यू मॉडल के तहत रिलीज़ करना निर्माताओं के लिए मुनाफ़े का सौदा रहा है।
अब अगर फ़िल्म के थिएट्रिकल बिज़नेस की बात करें तो देश में यह फ़िल्म सिर्फ़ 3 सिनेमाघरों में रिलीज़ की गयी। ये तीनों सिनेमाघर त्रिपुरा में हैं। बॉलीवुड हंगामा वेवसाइट के मुताबिक़, फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में इन 3 सिनेमाघरों से लगभग साठ हज़ार की कमाई की है। यह कमाई तब है, जबकि वहां प्रतिबंधों के साथ बहुत कम देर के लिए सिनेमाघर खोले गये हैं।
राधे की कमाई का तीसरा ज़रिया ओवरसीज़ के सिनेमाघर हैं, जहां फ़िल्म ठीक-ठीक स्क्रींस पर रिलीज की गयी है। अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड और मिडिल ईस्ट में फ़िल्म थिएटर्स में लगी है। ऑस्ट्रेलिया में फ़िल्म ने रिलीज़ के 6 दिनों में लगभग 2.21 करोड़ जमा किये हैं, जबकि न्यूज़ीलैंड में लगभग 42 लाख रुपये बटोरे हैं। ओवरसीज़ में राधे की कमाई 2 मिलियन डॉलर के क़रीब पहुंच चुकी है, जिसमें से लगभग 70 फीसदी मिडिल ईस्ट से आया है।
प्रभुदेवा निर्देशित राधे में दिशा पाटनी फीमेल लीड हैं, जबकि रणदीप हुड्डा ने मुख्य विलेन का किरदार निभाया है। फ़िल्म में जैकी श्रॉफ, गौतम गुलाटी, सुधांशु पांडेय आदि सहयोगी किरदारों में नज़र आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Radhe Movie की पायरेटेड कॉपी सोशल मीडिया में बेचने पर 3 के ख़िलाफ़ FIR, जानें पूरा मामला
