Pati Patni Aur Woh Box Office Collection Day 7: पहले हफ़्ते में 'पति पत्नी और वो' ने की ख़ूब कमाई, दूसरे हफ़्ते में 'मर्दानी' से लड़ाई
Pati Patni Aur Woh Box Office Collection Day 7 पहले हफ़्ते में यह कार्तिक आर्यन की सबसे बड़ी सफलता है। उनकी फ़िल्म लुका छुपी ने 53.70 करोड़ का कलेक्शन पहले हफ़्ते में किया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2019 ऐसी फ़िल्मों के नाम रहा है, जिन्होंने बॉक्स ऑफ़िस पर कमाई से चौंकाया है। इन फ़िल्मों ने उम्मीद से ज़्यादा कलेक्शन किया। ऐसी ही फ़िल्मों में शामिल हो गयी है पति पत्नी और वो। इस रीमेक फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर पहले हफ़्ते में 55 करोड़ से अधिक कलेक्शन कर लिया है।
6 दिसम्बर को रिलीज़ हुई पति पत्नी और वो ने 9.10 करोड़ की ओपनिंग ली थी। शनिवार और रविवार को फ़िल्म ने 12.33 करोड़ और 14.51 करोड़ का कलेक्शन किया था। इस तरह ओपनिंग वीकेंड में ही फ़िल्म ने अपनी ज़मीन मजबूत कर ली। वर्किंग वीक में भी फ़िल्म के कलेक्शंस ठीकठाक रहे। सोमवार को फ़िल्म ने 5.70 करोड़, मंगलवार को 5.35 करोड़, बुधवार को 4.62 करोड़ और गुरुवार को 4.36 करोड़ जमा किये थे। इस तरह 7 दिनों में फ़िल्म ने 55.97 करोड़ जमा कर लिये। वर्किंग वीक में पति पत्नी और वो कलेक्शंस लगभग स्थिर रहे हैं।
When numbers do the talking... #PatiPatniAurWoh emerges a winner... Week 2 - when it faces multiple new films - is crucial... Fri 9.10 cr, Sat 12.33 cr, Sun 14.51 cr, Mon 5.70 cr, Tue 5.35 cr, Wed 4.62 cr, Thu 4.36 cr. Total: ₹ 55.97 cr. #India biz.— taran adarsh (@taran_adarsh) December 13, 2019
पहले हफ़्ते में यह कार्तिक आर्यन की सबसे बड़ी सफलता है। अगर उनकी पिछली फ़िल्मों के पहले हफ़्ते के कलेक्शंस पर गौर करें तो पहले हफ़्ते में यह उनका सबसे बड़ा कलेक्शन है। इसी साल आयी उनकी फ़िल्म लुका छुपी ने 53.70 करोड़ का कलेक्शन पहले हफ़्ते में किया था। वहीं, 2018 में आयी सोनू के टीटू स्वीटी ने 45.94 करोड़ पहले हफ़्ते में कमाये थे, जबकि 2015 में आई प्यार का पंचनामा 2 ने 39.25 करोड़ जमा किये थे।
'पति पत्नी और वो' में कार्तिक आर्यन के साथ भूमि पेडनेकर और अनन्या पांडेय फीमेल लीड रोल में हैं। पहले हफ़्ते में फ़िल्म का मुकाबला पानीपत से था, मगर यह जंग तो 'पति पत्नी और वो' ने आसानी से जीत ली। दूसरे हफ़्ते में फ़िल्म के सामने मर्दानी 2 की चुनौती है, जिसमें रानी मुखर्जी ने लीड रोल निभाया है। मर्दानी 2 को लेकर शुरुआती रिपोर्ट्स उत्साहवर्द्धक हैं। ऐसे में पति पत्नी और वो को कड़ी टक्कर मिल सकती है।