यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
New Year 2023: खाली या छोटी फिल्मों के नाम रहता है साल का पहला शुक्रवार, क्यों रिलीज नहीं होतीं बड़ी फिल्में?
New Year 2023 Box Office अगर पिछले कुछ सालों का बॉक्स ऑफिस इतिहास उठाकर देखें तो सिर्फ एक फिल्म है ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2022 में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री ने काफी बुरा वक्त देखा है। सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्मों के फ्लॉप होने से इंडस्ट्री को करोड़ों का नुकसान हुआ है, मगर घुटनों पर आयी फिल्म इंडस्ट्री साल बदलने के साथ एक बार फिर खड़ा होने की कोशिश कर रही है। इस साल कई बड़ी और महत्वाकांक्षी फिल्में रिलीज हो रही हैं। कुछ की रिलीज डेट घोषित हो चुकी है तो कुछ की बाकी है।
जनवरी की पहली चर्चित रिलीज कुत्ते है, जो 13 जनवरी को सिनेमाघरों में आ रही है, जो 2023 का दूसरा शुक्रवार है। 6 जनवरी को साल का पहला शुक्रवार लगभग खाली रहेगा, क्योंकि कोई चर्चित फिल्म नहीं आ रही है। टिकट बुकिंग वेबसाइट बुक माइ शो के मुताबिक, 2023 के पहले शुक्रवार 6 जनवरी को तीन फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हो रही हैं- द वाय, एफएम 2 डबल मस्ती और जय देवा। ये तीनों ही कम बजट वाली फिल्में हैं।
यह भी पढ़ें: Avatar 2 Collection- मंडे टेस्ट में अच्छे नंबर्स से पास हुई 'अवतार 2', दुनियाभर में किया रिकॉर्ड तोड़ कलेक्शन
पहले शुक्रवार को रिलीज फिल्मों का ऐसा हुआ हाल?
- इंडस्ट्री में यह परम्परा काफी पुरानी है कि नये साल का पहला शुक्रवार या तो खाली रहता है, या कम बजट की फिल्में रिलीज की जाती हैं। ऐसा देखा गया है कि न्यू ईयर के मौके पर रिलीज होने वाली फिल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल रहती हैं। अगर, पिछले कुछ सालों के रिलीज कैलेंडर देखें तो इस बात की तस्दीक भी होती है।
- 2022 की शुरुआत तो पैनडेमिक की तीसरी लहर की आशंका के साथ हुई थी, इसलिए उस दौरान जनवरी में फिल्में रिलीज ही नहीं हुई थीं। उससे पहले 2021 में पहली जनवरी को सिर्फ एक फिल्म राम प्रसाद की तेहरवीं आयी थी। इस फिल्म में कोंकणा सेन शर्मा, विक्रांत मेसी, विनय पाठक, विनीत कुमार, मनोज पाहवा जैसे बेहतरीन कलाकार नजर आये थे। हालांकि, उस वक्त पैनडेमिक की वजह से सिनेमाघर पूरी तरह खुले नहीं थे।
- 2020 में कोरोना वायरस पैनडेमिक से पहले जनवरी के पहले शुक्रवार को भंगड़ा पाले, सब कुशल मंगल और शिमला मिर्ची रिलीज हुई थीं। ये तीनों ही फिल्में फ्लॉप रही थीं। हालांकि, शिमला मिर्ची में राजकुमार राव, रकुल प्रीत सिंह और हेमा मालिनी जैसे कलाकार थे। इसका निर्देशन रमेश सिप्पी ने किया था।
- 2019 में पहले शुक्रवार को साल्ट ब्रिज आयी थी, जिसमें राजीव खंडेलवाल लीड स्टार कास्ट में थे। 2018 में पहले शुक्रवार को कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई थी।2017 में पहले शुक्रवार को प्रकाश इलेक्ट्रॉनिक नाम की फिल्म आयी थी। 2016 में भी पहला शुक्रवार खाली गया था।
- 2015 में अर्जुन कपूर, सोनाक्षी सिन्हा और मनोज बाजपेयी की फिल्म तेवर दूसरे शुक्रवार यानी 9 जनवरी को आयी थी, जबकि पहले शुक्रवार को इंटरनेशनल हीरो, मुंबई कैन डांस साला और टेक इट ईजी आयी थीं। ये तीनों फिल्में वॉश आउट रहीं।
- 2012 में 6 जनवरी को साल के पहले शुक्रवार को अभिषेक बच्चन स्टारर थ्रिलर फिल्म प्लेयर्स रिलीज हुई थी, जो फ्लॉप रही। यह हॉलीवुड की द इटैलियन जॉब का आधिकारिक रीमेक थी। अभिषेक बच्चन समेत कई जाने-माने कलाकार स्टार कास्ट का हिस्सा थे, मगर फिल्म नहीं चली। 2013 में 4 जनवरी को रिलीज हुई टेबिल नम्बर 21 औसत रही थी।
2011 में आयी विद्या बालन और रानी मुखर्जी की नो वन किल्ड जेसिका पिछले 12 सालों में अकेली ऐसी फिल्म है, जो पहले शुक्रवार को रिलीज होने के बावजूद फायदे में रही थी।
पहले शुक्रवार को रिलीज होने वाली थी आरआरआर
एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर की पहले 2022 में 7 जनवरी को रिलीज करने का एलान किया गया था, मगर तीसरी लहर के चलते सिनेमाघरों में प्रतिबंध लगने लगे और फिल्म की रिलीज स्थगित कर दी गयी थी। आरआरआर बाद में 25 मार्च को दुनियाभर में रिलीज हुई थी।

उत्तर भारत का मौसम भी एक वजह
नये साल की दस्तक के साथ उत्तर भारत में सर्दी बढ़ना भी पहले शुक्रवार को फिल्में रिलीज ना करने की एक वजह है। कड़ाके की ठंड होने की वजह से नाइट शोज में फुटफाल कम हो जाते हैं। हिंदी बेल्ट्स में यह रिस्क बड़ी फिल्मों के निर्माता नहीं उठाना चाहते। दूसरी तरफ कम बजट की फिल्मों के लिए साल का पहला शुक्रवार सुनहरी मौका होता है, क्योंकि कोई बड़ी फिल्म ना होने की वजह से उन्हें आसानी से थिएटर और स्क्रींस मिल जाती हैं।
