Box Office Collections of Diwali Releases in 10 Years: इन फ़िल्मों ने की 1800 करोड़ से ज़्यादा कमाई, 200 करोड़ के पार 4 फ़िल्में
Box Office Report of Diwali Releases in 10 Yearsअक्षय कुमार को दिवाली पर बड़ी सफलता नहीं मिली। अजय देवगन शाह रुख़ ख़ान रितिक रोशन के लिए दिवाली रौशन रही है।
मनोज वशिष्ठ, नई दिल्ली। 27 अक्टूबर को देशभर में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस त्योहार की रौनक धनतेरस के साथ शुरू हो जाती है, जो भैया दूज तक जारी रहती है। ऐसे में बॉलीवुड के लिए भी दीपावली का पर्व ख़ास मायने रखता है। लम्बी छुट्टियों की वजह से इस त्योहार पर रिलीज़ होने वाली फ़िल्मों से अच्छे बिज़नेस की उम्मीद की जाती है। हालांकि पिछले सालों में दिवाली पर रिलीज़ होने वाली फ़िल्मों का असर मिला-जुला देखा गया है।
अगर पिछले 10 सालों में दिवाली पर रिलीज़ हुई फ़िल्मों की बॉक्स ऑफ़िस रिपोर्ट देखें तो 2009 से लेकर 2018 तक मुख्य बातें इस प्रकार हैं-
- दिवाली पर आयी 4 फ़िल्मों ने 200 करोड़ से अधिक कलेक्शन किया।
- दिवाली पर 10 सालों में 16 फ़िल्में रिलीज़ हुईं, जिन्होंने लगभग 1832.59 करोड़ का कारोबार किया।
- दिवाली पर 5 बार बड़ी फ़िल्मों के बीच क्लैश हुए हैं।
- दिवाली पर 5 बार सोलो फ़िल्में रिलीज़ हुई हैं।
- अक्षय कुमार को दिवाली पर बड़ी सफलता नहीं मिली।
- अजय देवगन, शाह रुख़ ख़ान, रितिक रोशन के लिए दिवाली रौशन रही है।
- सलमान ख़ान के लिए दिवाली मिली-जुली रही है।
2009: ऑल द बेस्ट, ब्लू, मैं और मिसेज खन्ना
16 अक्टूबर को रोहित शेट्टी निर्देशित 'ऑल द बेस्ट' रिलीज़ हुई, जिसमें अजय देवगन और संजय दत्त लीड रोल्स में थे। इसके साथ एंथनी डिसूज़ा निर्देशित 'ब्लू' और प्रेम सोनी की 'मैं और मिसेज खन्ना' रिलीज़ हुईं। 'ब्लू' में अक्षय कुमार और संजय दत्त लीड रोल्स में थे, जबकि 'मैं और मिसेज खन्ना' में सलमान ख़ान, करीना कपूर और सोहेल ख़ान ने लीड रोल निभाये। मुक़ाबला तगड़ा था, मगर इनमें सिर्फ़ 'ऑल द बेस्ट' ही बॉक्स ऑफ़िस पर सफल रही।
2010: गोलमाल 3, एक्शन रीप्ले
2010 में दिवाली पर एक बार फिर अक्षय और अजय आमने-सामने आये। गोलमाल सीरीज़ का तीसरा भाग गोलमाल3, 5 नवंबर को रिलीज़ हुआ। इसके साथ विपुल शाह की एक्शन रीप्ले आयी। स्टार पॉवर के हिसाब से दोनों फ़िल्में बराबर थीं, मगर दर्शकों ने गोलमाल3 के साथ दिवाली मनायी।
2011: रा.वन
अजय देवगन की तरह शाह रुख़ ख़ान भी दिवाली पर अक्सर अपनी फ़िल्में रिलीज़ करते रहे हैं। 2011 में 26 अक्टूबर को शाह रुख़ Ra.One लेकर आये। अनुभव सिन्हा निर्देशित इस साइंस फिक्शन फ़िल्म को तकनीकी स्तर पर काफ़ी सराहा गया। बॉक्स ऑफ़िस पर फ़िल्म को 118 करोड़ से अधिक मिले और सफल रही। 2011 की दिवाली पर यह सोलो रिलीज़ फ़िल्म थी।
2012: जब तक है जान, सन ऑफ़ सरदार
13 नवंबर को बॉक्स ऑफ़िस पर फिर बड़ा मुक़ाबला हुआ। यश चोपड़ा निर्देशित आख़िरी फ़िल्म 'जब तक है जान' और अश्विनी धीर की 'सन ऑफ़ सरदार' सिनेमाघरों में पहुंचीं। एक तरफ़ शाह रुख़ ख़ान थे तो दूसरी तरफ़ अजय देवगन और संजय दत्त। दोनों फ़िल्में कामयाब रहीं।
2013: कृष 3
2013 में रितिक रोशन की सुपरहीरो फ़िल्म कृष 3 सिनेमाघरों में पहुंची थी। 31 अक्टूबर को रिलीज़ हुई फ़िल्म ने 240 करोड़ से अधिक कलेक्शन किया था और हिट रही थी। राकेश रोशन निर्देशित फ़िल्म में विवेक ओबेरॉय, प्रियंका चोपड़ा और कंगना रनौत मुख्य किरदारों में दिखे थे। इसी साल रिलीज़ हुई वॉर से पहले कृष 3 रितिक रोशन की सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फ़िल्म थी। 2013 में कृष 3 दिवाली पर रिलीज़ होने वाली अकेली फ़िल्म थी।
2014: हैप्पी न्यू ईयर
2014 की दिवाली पर शाह रुख़ ख़ान एक बार फिर सिनेमाघरों में लौटे। 24 अक्टूबर को फ़राह ख़ान निर्देशित हैप्पी न्यू ईयर रिलीज़ हुई। इस मल्टीस्टारर हाइस्ट फ़िल्म में अभिषेक बच्चन, सोनू सूद, विवान शाह, बमन ईरानी और दीपिका पादुकोण मुख्य किरदारों में नज़र आये। फ़िल्म ने 205 करोड़ का कलेक्शन किया था और फ़ायदे में रही। 2014 की दिवाली पर यह सोलो रिलीज़ फ़िल्म थी।
2015: प्रेम रतन धन पायो
2015 की दिवाली पर 12 नवंबर को सलमान ख़ान की फ़िल्म प्रेम रतन धन पायो रिलीज़ हुई थी। सलमान काफ़ी अर्से बाद दिवाली पर लौटे थे। सूरज बड़जात्या निर्देशित फ़िल्म अकेले रिलीज़ हुई और शानदार कलेक्शन भी किया। फ़िल्म ने 207 करोड़ से अधिक बटोरे थे। फ़िल्म में सोनम कपूर सलमान की लीडिंग लेडी बनी थीं।
2016: ऐ दिल है मुश्किल, शिवाय
28 अक्टूबर को करण जौहर की 'ऐ दिल है मुश्किल' और अजय देवगन निर्देशित 'शिवाय' रिलीज़ हुईं। दोनों फ़िल्में सफल रहीं। हालांकि ऐ दिल है मुश्किल ने बेहतर परफॉर्म किया।
2017: गोलमाल अगेन, सीक्रेट सुपरस्टार
आमिर ख़ान की 'सीक्रेट सुपरस्टार' 19 अक्टूबर को रिलीज़ हुई, जबकि 'गोलमाल अगेन' त्योहार के एक दिन बाद 20 अक्टूबर को सिनेमाघरों में पहुंची। रोहित शेट्टी निर्देशित 'गोलमाल अगेन' और अद्वैत चंदन निर्देशित सीक्रेट सुपरस्टार सफल रही हैं। सीक्रेट सुपरस्टार का निर्माण आमिर ख़ान ने किया था। साथ ही स्पेशल रोल में भी दिखे। गोलमाल अगेन अजय की पहली 200 करोड़ी फ़िल्म बनी।
2018: ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान
2018 में आमिर ख़ान की ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान दिवाली के एक दिन बाद 8 नवंबर को रिलीज़ हुई थी। विजय कृष्ण आचार्य निर्देशित फ़िल्म में अमिताभ बच्चन, आमिर ख़ान और कटरीना कैफ़ जैसे सितारे मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा थे। फ़िल्म को लेकर काफ़ी हाइप थी, लिहाज़ा किसी दूसरी फ़िल्म ने इसके सामने आने की हिम्मत नहीं दिखायी। फ़िल्म को धमाकेदार ओपनिंग भी मिली। मगर, इसके बाद कलेक्शंस लगातार गिरते गये। 145 करोड़ के आसपास कलेक्शन करके ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान 2018 की सबसे बड़ी फ्लॉप फ़िल्मों में शामिल हुई।
इस बार दिवाली के मौक़े पर तीन फ़िल्में रिलीज़ हुईं। सबसे बड़ी फ़िल्म हाउसफुल 4 है, जिसमें अक्षय कुमार, बॉबी देओल, रितेश देशमुख, कृति सनोन, पूजा हेगड़े, कृति खरबंदा और चंकी पांडेय मुख्य भूमिकाओं में हैं।
हाउसफुल 4 को कंपनी देने के लिए सांड की आंख और मेड इन चाइना भी हैं। सांड की आंख, बागपत की मशहूर शूटर दादी चंद्रो तोमर और प्रकाशी तोमर की बायोपिक है। फ़िल्म में तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिकाओं में हैं। तीसरी फ़िल्म मेड इन चाइना में राजकुमार राव, परेश रावल और मौनी रॉय मुख्य किरदारों में हैं।