Bhool Bhulaiyaa 2 Box Office: फुल स्पीड दौड़ रही कार्तिक आर्यन की फिल्म, 175 करोड़ की मंजिल अब दूर नहीं
Bhool Bhulaiyaa 2 Box Office Collection Day 19 अनीस बज्मी निर्देशित फिल्म हॉरर कॉमेडी है। कार्तिक आर्यन कियारा आडवाणी और तब्बू ने अहम भूमिकाएं निभायी हैं। फिल्म वर्ल्डवाइड 200 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। कार्तिक की यह सबसे सफल फिल्म है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की फिल्म भूल भुलैया 2 बॉक्स ऑफिस पर फुल स्पीड दौड़ रही है और सम्राट पृथ्वीराज जैसी बड़ी फिल्म की रिलीज के बावजूद दर्शकों को अपनी ओर खींच रही है। फिल्म रिलीज के 19 दिनों में 160 करोड़ के करीब पहुंच गयी है और अब 175 करोड़ की ओर इसकी नजर है। आगे आने वाले दिनों में भूल भुलैया 2 के सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं है। ऐसे में एंटरटेनिंग फिल्म होने के कारण कलेक्शंस बढ़ने की उम्मीद की जा सकती है।
भूल भुलैया 2 तीसरे हफ्ते में चल रही है और 19वें दिन मंगलवार को 2.16 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ फिल्म का 19 दिनों का नेट कलेक्शन 159.23 करोड़ हो चुका है। फिल्म बुधवार को 160 करोड़ का कलेक्शन कर लेगी। अगर भूल भुलैया 2 की यही रफ्तार बनी रहती है तो 175 करोड़ का आंकड़ा भी सम्भव लगता है। इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 15.77 करोड़ की जरूरत है। तीसरे हफ्ते में अगर फिल्म के कलेक्शंस देखें तो तीसरे शुक्रवार को 2.81 करोड़, शनिवार को 4.55 करोड़, रविवार को 5.71 करोड़, सोमवार को 2.25 करोड़ जमा किये।
वर्किंग वीक में भी भूल भुलैया 2 की प्रतिदिन की कमाई 2 करोड़ से ऊपर बनी हुई और औसतन फिल्म ने हर दिन लगभग 3.50 करोड़ का कलेक्शन किया है। अगर फिल्म की यही रफ्तार बनी रहती है तो चौथे वीकेंड तक भूल भुलैया 175 करोड़ का नेट कलेक्शन कर सकती है।
चौथे हफ्ते में सम्राट पृथ्वीराज को लेकर दर्शकों की ठंडी प्रतिक्रिया का फायदा अब भूल भुलैया 2 को मिल सकता है। इस शुक्रवार जनहित में जारी फिल्म रिलीज हो रही है, जिसमें कार्तिक आर्यन की पहली को-स्टार नुसरत भरूचा लीड रोल में हैं, मगर इस फिल्म से कार्तिक की फिल्म को कोई सीधा खतरा नहीं लगता।
20 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ने 14.11 करोड़ की ओपनिंग लेकर तीन दिनों में 55.96 करोड़ जमा किये थे, वहीं पहले हफ्ते में 92.05 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि दूसरे हफ्ते में 49.70 करोड़ जमा कर लिये थे।