Bala Box Office Collection Day 6: 'बाला' ने 6 दिनों में कर ली बेहतरीन कमाई, अब 'मरजावां' से टक्कर
Bala Box Office Collection Day 6 बाला इस साल आयुष्मान खुराना की दूसरी फ़िल्म है। इससे पहले आयी उनकी ड्रीम गर्ल बॉक्स ऑफ़िस पर सफल रही थी और 100 करोड़ से अधिक कमाई की थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। पिछले कुछ समय से आयुष्मान खुराना बॉक्स ऑफ़िस पर हिट मशीन बने हुए हैं। उनकी फ़िल्में दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों के पैमाने पर ख़री उतरती हैं। अब बाला बॉक्स ऑफ़िस पर दर्शकों के प्यार के बूते जलवा दिखा रही है। फ़िल्म ने 6 दिनों में इतनी कमाई कर ली है कि ट्रेड जानकारों ने इसे हिट कहना शुरू कर दिया है।
ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुसार, बुधवार को रिलीज़ के छठे दिन बाला ने 5.20 करोड़ का कलेक्शन किया है। इसके साथ फ़िल्म का 6 दिनों का नेट कलेक्शन 66.93 करोड़ हो चुका है। माना जा रहा है कि फ़िल्म 100 करोड़ क्लब में एंट्री ले लेगी। बाला 8 नवंबर को रिलीज़ हुई थी और10.15 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जो आयुष्मान खुराना के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग है। इसके बाद ओपनिंग वीकेंड में भी फ़िल्म ने 43.95 करोड़ का बेहतरीन कलेक्शन किया था।
सोमवार को वर्किंग वीक शुरू हुआ तो बाला के कलेक्शंस कुछ नीचे आये, मगर यह गिरावट बहुत अधिक नहीं थी। सोमवार को फ़िल्म ने 8.26 करोड़ जमा किये, वहीं मंगलवार को 9.52 करोड़ बटोर लिये। मंगलवार को गुरुनानक जयंती की छुट्टी का फ़िल्म को फ़ायदा मिला।
#Bala registers an expected decline [on Wed], after the holiday [on Tue]... Despite the dip, the film is a success story/Hit due to the controlled economics... Fri 10.15 cr, Sat 15.73 cr, Sun 18.07 cr, Mon 8.26 cr, Tue 9.52 cr, Wed 5.20 cr. Total: ₹ 66.93 cr. #India biz.— taran adarsh (@taran_adarsh) November 14, 2019
बाला इस साल आयुष्मान खुराना की दूसरी फ़िल्म है। इससे पहले आयी उनकी ड्रीम गर्ल बॉक्स ऑफ़िस पर सफल रही थी और 100 करोड़ से अधिक कमाई की थी। बाला को अमर कौशिक ने डायरेक्ट किया है, जो इससे पहले स्त्री जैसी सफल फ़िल्म बना चुके हैं। बाला में आयुष्मान के साथ भूमि पेडनेकर और यामी गौतम फीमेल लीड रोल्स में हैं।
इस शुक्रवार से बाला को मरजावां से कड़ी टक्कर मिलने की सम्भावना है। मरजावां में सिद्धार्थ मल्होत्रा, तारा सुतारिया और रकुल प्रीत ने मुख्य किरदार निभाये हैं। मिलाप ज़वेरी निर्देशित फ़िल्म मे ज़बर्दस्त एक्शन और डायलॉगबाज़ी है। फ़िल्म में एक मास अपील है, जो दर्शकों को आकर्षित कर सकती है। ख़ासकर, टियर 2 और 3 के दर्शकों के बीच मरजावां धमाल मचा सकती है।