Move to Jagran APP

Avengers का बॉक्स ऑफ़िस पर नया करिश्मा, Infinity War 200 करोड़ की पहली हॉलीवुड फ़िल्म

एवेंजर्स- इनफिनिटी वॉर, एवेंजर्स सीरीज़ की अगली फ़िल्म है, मगर ख़ास बात ये है कि इस फ़िल्म में मारवल कॉमिक्स के जितने भी सुपर हीरोज़ हैं, सभी इकट्ठा हो गये हैं।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Sun, 06 May 2018 03:00 PM (IST)Updated: Fri, 11 May 2018 05:40 PM (IST)
Avengers का बॉक्स ऑफ़िस पर नया करिश्मा, Infinity War 200 करोड़ की पहली हॉलीवुड फ़िल्म
Avengers का बॉक्स ऑफ़िस पर नया करिश्मा, Infinity War 200 करोड़ की पहली हॉलीवुड फ़िल्म

मुंबई। भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर हॉलीवुड फ़िल्म Avengers Infinity War ने जो धमाकेदार शुरुआत की, उसका जलवा अभी भी कायम है। नई रिलीज़ के बावजूद एवेंजर्स सिनेमाघरों में अपनी ज़बर्दस्त पकड़ बनाये हुए है और अब एवेंजर्स ने महज़ दो हफ़्तों में देश में 200 करोड़ क्लब की शुरुआत कर दी है, जो आने वाली हॉलीवुड फ़िल्मों के लिए एक नई चुनौती है। 

loksabha election banner

एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर ने दुनिया के साथ भारत में भी अपनी धाक जमाकर रखी है। फ़िल्म रुकने का नाम ही नहीं ले रही। आलम ये है कि नई बॉलीवुड रिलीज़ भी इसके सामने टिक नहीं पा रही हैं। शुक्रवार (4 मई) को एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर रिलीज़ के दूसरे हफ़्ते में प्रवेश कर गयी। फ़िल्म ने दूसरे हफ़्ते के पहले दिन 7.17 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि 5 मई को ये आंकड़ा 10.53 करोड़ पर पहुंच गया। 6 मई को 13.04 करोड़ और 7 मई को 4.90 करोड़ जमा किये। 8 मई को एवेंजर्स ने 4.31 करोड़ और 9 मई को 3.80 करोड़ का कलेक्शन किया। रिलीज़ के 13 दिनों में इनफिनिटी वॉर ने 200.39 करोड़ का ऐतिहासिक कलेक्शन कर लिया है। इसी के साथ एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर भारत में 200 करोड़ का कलेक्शन करने वाली पहली हॉलीवुड फ़िल्म बन गयी है। भारत में सबसे अधिक कमाने वाली फ़िल्म का रिकॉर्ड अभी तक द जंगल बुक के नाम था, जो इनफिनिटी वॉर पहले ही तोड़ चुकी है। द जंगल बुक ने 188 करोड़ का कलेक्शन बॉक्स ऑफ़िस पर किया था। 

भारत में रिलीज़ होने वाली हॉलीवुड फ़िल्मों की कमाई के आधार पर अगर Top 10 Hollywood Movies In India की लिस्ट तैयार करें तो वो इस प्रकार आती है-

10. लाइफ़ ऑफ़ पाई- 88 करोड़

9. द अमेज़िंग स्पायडरमैन- 96 करोड़

8. स्पायडरमैन 3- 100 करोड़

7. 2012- 102 करोड़

6. एवेंजर्स- एज ऑफ़ अल्ट्रॉन- 111 करोड़

5. जुरासिक वर्ल्ड- 152 करोड़

4. अवतार- 145 करोड़

3. फ्यूरियस 7- 172 करोड़

2. जंगल बुक- 188 करोड़

1. एवेंजर्स- इनफिनिटी वॉर- 200.39 करोड़

बता दें कि भारत में सबसे बड़ी ओपनिंग लेने का रिकॉर्ड भी एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर के ही नाम है, जिसने 31.30 करोड़ की ओपनिंग ली थी। इससे पहले देश में सबसे अधिक ओपनिंग का रिकॉर्ड 2017 में आयी द फेट ऑफ़ द फ्यूरियस के नाम था, जिसने पहले दिन 9.25 करोड़ का कलेक्शन किया था, जो इनफिनिटी वॉर के आस-पास भी नहीं है। 'एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर' से पहले 2018 में तीन हॉलीवुड फ़िल्में आ चुकी हैं- द पोस्ट, ब्लैक पैंथर और रैंपेज। कलेक्शन के हिसाब से ये सभी फ़िल्में एवेंजर्स से बहुत पीछे हैं।

द पोस्ट- 4.17 करोड़

ब्लैक पैंथर- 38.10 करोड़

रैम्पेज- 26.50 करोड़

इनफिनिटी वॉर देश में 2000 से ज़्यादा स्क्रींस पर रिलीज़ की गयी है, जिसमें से 50 फीसदी स्क्रींस हिंदी, तेलुगु और तमिल में डब फ़िल्मों को दी गयी हैं। फ़िल्म को लेकर पूरे देश में समान रूप से ज़बर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है। एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर के लिए दीवानगी को देखते हुए रिलीज़ से पांच दिन पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग शुरू कर दी गयी थीं। 

बॉलीवुड में बाग़ी2 को पीछे छोड़ा

अब अगर बॉलीवुड से मुक़ाबले की बात करें तो इस साल सबसे बड़ी फ़िल्म पद्मावत है, जिसने 300 करोड़ से अधिक जमा किये थे, जबकि दूसरे नंबर पर टाइगर श्रॉफ़ की बाग़ी2 है, जिसका कलेक्शन 155.65 करोड़ है। ज़ाहिर है कि बाग़ी2 को पीछे धकेलकर इनफिनिटी वॉर अब इस साल की दूसरी सबसे बड़ी फ़िल्म बन गयी है। 

$1 Billion पार वाली दुनिया की सबसे तेज़ फ़िल्म

एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर ने दुनियाभर में अपनी कमाई से आफ़त मचाई हुई है। एक बिलियन डॉलर जमा करने वाली सबसे तेज़ फ़िल्म बन चुकी है। बताया जाता है कि 27 अप्रैल को रिलीज़ हुई फ़िल्म उत्तरी अमेरिका की 4474 जगहों से इस वीकेंड में लगभग 122 मिलियन डॉलर जमा कर लेगी और इसके साथ इसका इंटरनेशनल कलेक्शन का आंकड़ा 1 बिलियन डॉलर के पार चला जाएगा, जो लगभग 6682 करोड़ रुपए के बराबर है। मारवल की ये छठी फ़िल्म है, जो इस आंकड़े तक पहुंच रही है। इससे पहले ये कारनामा इसी साल रिलीज़ हुई ब्लैक पैंथर दिखा चुकी है। 

22 सुपरहीरो पर भारी अकेला थैनोस

एवेंजर्स- इनफिनिटी वॉर, एवेंजर्स सीरीज़ की अगली फ़िल्म है, मगर ख़ास बात ये है कि इस फ़िल्म में मारवल कॉमिक्स के जितने भी सुपर हीरोज़ हैं, सभी इकट्ठा हो गये हैं। एवेंजर्स की टीम इस बार गार्जिंयस ऑफ़ गैलेक्सी के साथ मिलकर थैनोस को रोकने की कोशिश करेगी, जो इनफिनिटी स्टोंस जमा करने की कोशिश में जुटा है। दो इनफिनिटी स्टोंस धरती पर हैं। एक डॉक्टर स्ट्रैंजर के पास है, जबकि दूसरा विज़न के पास। इनफिनिटी वॉर को एंथनी रुसो ने डायरेक्ट किया है। फ़िल्म में आयरनमैन (रॉबर्ट डाउनी जूनियर), थॉर (क्रिस हेम्सवर्थ), हल्क (मार्क रफेलो), कैप्टन अमेरिका (क्रिस इवांस), स्टार-लॉर्ड (क्रिस प्रैट), डॉ. स्ट्रेंज (बेनेडिक्ट कंबरबैच), ब्लैक विडो (स्कारलेट जोहेनसन), स्पाइडरमैन (टॉम हौलेंड) और ब्लैक पैंथर (चैडविक बोज़मन) समेत 22 सुपर हीरोज़ हैं। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.