Wonder Woman ने बॉलीवुड के 'सुपरहीरो कृष' ऋतिक रोशन को इस बात के लिए कहा शुक्रिया
वंडर वुमन 1984 को पैटी जेंकिन्स ने निर्देशित किया है। फ़िल्म में गैल गैडट के साथ क्रिस पाइन लीड रोल में हैं। इसकी कहानी डीसी कॉमिक्स के किरदार पर आधारित है। यह 2017 में आयी वंडर वुमन का सीक्वल है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस पैनडेमिक के बीच हॉलीवुड फ़िल्म वंडर वुमन 1984 गुरुवार को भारत में रिलीज़ हो गयी है। दुनियाभर में चर्चित इस फ़िल्म को लेकर कई भारतीय फैंस भी उत्साहित हैं। बॉलीवुड सुपरस्टार ऋतिक रोशन भी उनमें से एक हैं, जिन्होंने बुधवार को ही वंडर वुमन 1984 बड़े पर्दे पर देख ली और जमकर एंजॉय किया। ऋतिक ने अपने अनुभव को सोशल मीडिया में पोस्ट किया तो ख़ुद वंडर वुमन यानी गैल गैडट ने हैंडसम एक्टर का शुक्रिया अदा किया। एक फैन को और क्या चाहिए!
ऋतिक ने फ़िल्म देखने के बाद ट्विटर पर लिखा- अभी वंडर वुमन देखी। ग़ज़ब का अनुभव रहा। मेरे बचपन का क्रश और मेरा पहला प्यार (मूवीज़) दोनों बिग सिनेमा में एक साथ। इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। परफेक्ट वंडर वुमन बनने के लिए शुक्रिया गैल गैडट। पूरी टीम को बधाई। ऋतिक के इस ट्वीट के जवाब में गैल गैडट ने लिखा- ख़ुश हूं कि आपको मेरी फ़िल्म पसंद आयी ऋतिक। आप और आपके परिवार को हैप्पी हॉलीडे।
So glad you enjoyed the movie @iHrithik! Wishing you and yours a happy holiday.— Gal Gadot (@GalGadot) December 24, 2020
इससे पहले ऋतिक ने थिएटर में फ़िल्म देखते हुए अपनी तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें वो अपने दोनों बेटों रेहान और रिदान के साथ नज़र आ रहे हैं। ऋतिक मास्क लगाकर फ़िल्म देख रहे हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा- जहां दिल लगे, वही घर है। मेरा वंडरलैंड। सिनेमा लौट आया है और मैं भी। अभी वंडर वुमन देख रहा हूं, अपने दूसरे सुपरहीरो मास्क के साथ। इसके साथ ऋतिक ने सिनेमाघर प्रबंधन को सुरक्षित मूवी वॉचिंग के लिए बधाई दी।
Home is where the heart is,
My wonderland#CinemasAreBack & so am I! Now watching #WonderWoman84 in my other super hero mask. Good job @INOXmovies @rsjyala for empowering us with a safe movie watching experience. pic.twitter.com/3t7n4XIzwO— Hrithik Roshan (@iHrithik) December 23, 2020
बता दें, वंडर वुमन 1984 को पैटी जेंकिन्स ने निर्देशित किया है। फ़िल्म में गैल गैडट के साथ क्रिस पाइन लीड रोल में हैं। इसकी कहानी डीसी कॉमिक्स के किरदार पर आधारित है। यह 2017 में आयी वंडर वुमन का सीक्वल है। फ़िल्म की कहानी 1984 के कोल्ड वॉर दौर में सेट की गयी है। फ़िल्म में गैल गैडट के किरदार का नाम प्रिंसेस डायना है, जो सुपरहीरो वंडर वुमन बनती है।