Lockdown 4 में सामने आया कंगना रनोट का नया हुनर, सुनिए पंगा एक्ट्रेस की लिखी बेहतरीन कविता
Kangana Ranaut Writes Poem कंगना की फ़िल्म थलायवी आने वाली है जिसकी वो लॉकडाउन से पहले शूटिंग कर रही थीं। इस साल उनकी फ़िल्म पंगा रिलीज़ हुई थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस लॉकडाउन का चौथा चरण 18 मई से शुरू हो गया है। 24 मार्च से चल रहे लॉकडाउन में मनोरंजन जगत की सभी गतिविधियां बंद हैं। कलाकार और इंडस्ट्री से जुड़े तमाम लोग घरों में सेल्फ आइसोलेशन में हैं। ऐसे में उनके अलग-अलग टैलेंट सामने आ रहे हैं। अब कंगना रनोट का कविता लिखने और कहने का नया हुनर सामने आया है। कंगना का का वीडियो इंस्टाग्राम पर उनकी टीम ने शेयर किया है।
कंगना की कविता का नाम आसमान है, जिसमें उन्होंने अपनी भावनाओं को आसमान से जोड़ते हुए व्यक्त किया है। कंगना इससे पहले मदर्स डे पर अपनी मां को भी एक कविता समर्पित कर चुकी हैं। कंगना की यह कविता फैंस को भी पसंद आ रही है और वो जमकर इसकी तारीफ़ कर रहे हैं। कंगना ने इसका वीडियो मनाली में शूट किया है, जहां वो अपने घर पर लॉकडाउन का वक़्त बिता रही हैं।
कंगना ने बॉलीवुड में एक बहुआयामी कलाकार के तौर पर अपनी पहचान बनायी है। बेहतरीन अदाकारी के साथ वो निर्देशन में भी हाथ आज़मा रही हैं। कंगना ने मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ़ झांसी में मुख्य किरदार निभाने के साथ निर्देशन की ज़िम्मेदारी भी संभाली थी।
कंगना मनाली में अपने परिवार के साथ वक़्त गुज़ार रही हैं, जहां से वो दिलचस्प तस्वीरें अपने फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं। कंगना की फ़िल्म थलायवी आने वाली है, जिसकी वो लॉकडाउन से पहले शूटिंग कर रही थीं। इस साल उनकी फ़िल्म पंगा रिलीज़ हुई थी, जिसमें उन्होंने कबड्डी खिलाड़ी की भूमिका निभायी थी। इस फ़िल्म में कंगन की एक्टिंग की ख़ूब तारीफ़ हुई थी।
बता दें कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए देशभर में 24 मार्च से लॉकडाउन का एलान किया गया था, जो बढ़ते-बढ़ते 31 मई तक कर दिया गया है। लॉकडाउन की वजह से फ़िल्मों की शूटिंग बंद हो गयी है। सिनेमाघर भी नहीं खुले हैं। ऐसे में सेलेब्रिटीज़ अपने-अपने घरों में रहकर अपनी रचनाशीलता का इस्तेमाल कर रहे हैं।