Aayush Sharma Home Inside Video: ऐसा है सलमान ख़ान के ब्रदर-इन-लॉ आयुष का घर, बर्थडे पर दिखी झलक
Aayush Sharma के इस वीडियो को एक फैन ने इंस्टाग्राम पर शेयर करके बधाई जन्मदिन की बधाई दी। 30वां जन्मदिन स्पेशल बनाने के लिए आयुष की बेटर हाफ़ अर्पिता ने उनके लिए ख़ास केक बनवाया था और पूरे घर को बेहतरीन ढंग से सजाया।
नई दिल्ली, जेएनएन। सलमान ख़ान के ब्रदर-इन-लॉ आयुष शर्मा ने 26 अक्टूबर को उम्र का तीसवां पड़ाव छू लिया। परिवार ने आयुष का बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए एक सरप्राइज़ प्लान किया था, जिसका वीडियो आयुष ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर किया। इस वीडियो के ज़रिए आयुष ने फैंस को अपने घर के अंदर की सैर करवा दी।
आयुष के इस वीडियो को एक फैन ने इंस्टाग्राम पर शेयर करके बधाई जन्मदिन की बधाई दी। 30वां जन्मदिन स्पेशल बनाने के लिए आयुष की बेटर हाफ़ अर्पिता ने उनके लिए ख़ास केक बनवाया था और पूरे घर को बेहतरीन ढंग से सजाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि घर को सजाने के लिए मोमबत्तियों का इस्तेमाल किया गया और दीवारों पर परिवार की फ्रेम्ड तस्वीरें लगायी गयी हैं।
आयुष के करियर की बात करें तो सलमान ख़ान ने उन्हें लवयात्री से लॉन्च किया था। अर्पिता और आयुष की शादी नवम्बर 2014 में हैदराबाद के फलकनुमा पैलेस में हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। बेटे का नाम आहिल और बेटी का आयत है।
आयुष शर्मा जल्द ही महेश मांजरेकर निर्देशित फिल्म गन्स ऑफ द नार्थ में मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इस फ़िल्म के लिए आयुष जिम में पसीना बहा रहे हैं। यह सलमान की होम प्रोडक्शन फ़िल्म है। फ़िल्म में आयुष, ख़तरनाक गैंगस्टर के किरदार में दिखेंगे और यह उत्तर प्रदेश में शूट की जा रही है।
पहले फ़िल्म को लवयात्री के निर्देशक अभिराज मीनावाला निर्देशित कर रहे थे, जिन्हें महेश मांजरेकर ने रिप्लेस किया है। आयुष, मांझा नाम के एक सिंगल में भी नज़र आये थे, जिसमें महेश मांजरेकर की बेटी सई मांजरेकर उनके साथ थीं। इस गाने को विशाल मिश्रा ने आवाज़ दी थी।
आयुष एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके दादा सुखराम जाने-माने पॉलिटिशियन थे, वहीं पिता अनिल शर्मा भी हिमाचल प्रदेश की सियासत में मशहूर हैं। आयुष ने परिवार से अलग अपने लिए बॉलीवुड चुना।