हनुमान जयंती पर सुनील शेट्टी को मिला ऐसा तोहफ़ा, गदगद होकर बोले जय बजरंगी
सोशल मीडिया के ज़रिए सेलेब्रिटीज़ ने बजरंगी के जन्म दिवस पर फैंस और फॉलोअर्स को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। इनमें सुनील शेट्टी भी शामिल हैं।
मुंबई। देशभर में शनिवार को हनुमान जयंती का पर्व मनाया जा रहा है। भारतीय मायथोलॉजी के सबसे पसंदीदा किरदार को भक्ति भाव से याद करते हुए पूजा-अर्चना की जा रही है। बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ के बीच भी हनुमान जयंती को लेकर ख़ासा उत्साह है। सोशल मीडिया के ज़रिए उन्होंने बजरंगी के जन्म दिवस पर फैंस और फॉलोअर्स को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। इनमें सुनील शेट्टी भी शामिल हैं, मगर सुनील को बजरंगबली की तरफ़ से रिटर्न गिफ्ट भी मिला है।
दरअसल, सुनील शेट्टी के इंस्टाग्राम एकाउंट पर फॉलोअर्स की संख्या आज (31 मार्च) को 10 लाख यानि एक मिलियन हो गयी है। सुनील ने इसे हनुमान जी का आशीर्वाद मानते हुए ख़ुशी ज़ाहिर की है। उन्होंने लिखा है- एक मिलियन पार करने के लिए कितना शानदार दिन है। आप सभी का धन्यवाद। ख़ुश रहिए। इसके साथ सुनील ने हनुमान जयंती की बधाई देते हुए समर्पित चंद पंक्तियां भी पेश की हैं, जो इस प्रकार हैं-
राम का भक्त हूं मैं, रूद्र का अवतार हूं
अंजनी का लाल हूं मैं, दुर्जनों का काल हूं
साधुजन के साथ हूं मैं, निर्बलों की आस हूं
सद्दगुणों का मान हूं मैं, हां में हनुमान हूं!
सुनील शेट्टी के अलावा ईशा देओल और अक्षय कुमार ने भी फॉलोअर्स को हनुमान जयंती की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।