सलमान खान ने लगाई घोड़े से रेस, कौन जीता?, Video देखकर समझ जाएंगे
अब सलमान खान अमेरिका के दौरे पर जा रहे हैं, जहां वो अपने द-बंग टूर के जरिये लोगों का मनोरंजन करेंगे।
मुंबई। सलमान खान की रेस 3 को लेकर भले ही तरह तरह की बातें सुनने मिल रही हों लेकिन इस फिल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर अपना काम तो कर ही दिया है। सलमान खान बॉक्स ऑफ़िस पर लम्बी रेस के तगड़े घोड़े हैं और अब तक रेस में घोड़े को भी हरा देते हैं।
दरअसल एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है जिसमें सलमान खान को घोड़े से रेस लगाते हुए देखा जा सकता है। एक अस्तबल में सलमान खान रेस लगा रहे हैं और घोड़े से आगे निकल जाते हैं। माना जा रहा है कि ये रेस 3 की ट्रेनिंग का दौरान का वीडियो है। हालांकि इस वीडियो के साथ ‘ ऊपर अल्लाह नीचे धरती बीच में तेरा जुनून...’ का कैप्शन दिया गया है, जो सुल्तान का गाना है। सलमान खान को टाइगर जिंदा है में घोड़े पर बैठ कर स्टंट करते देखा गया है l
सलमान की इस रेस-जीत पर उनके चाहने वाले तो बड़े ख़ुश होंगे लेकिन रेस 3 मज़ाक और आलोचनाओं का शिकार हुई है। फिल्म ने छह दिन में करीब 138 करोड़ रूपये का कलेक्शन कर लिया है। ईद के मौके पर रेस 3 को दुनिया के सामने लाने के बाद अब सलमान खान अमेरिका के दौरे पर जा रहे हैं, जहां वो अपने द-बंग टूर के जरिये लोगों का मनोरंजन करेंगे। उनके साथ कटरीना कैफ, सोनाक्षी सिन्हा, प्रभुदेवा सहित कई सितारे जा रहे हैं। सलमान खान टूर से लौटने के बाद अली अब्बास ज़फर की फिल्म भारत की शूटिंग शुरू करेंगे। इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा और दिशा पटानी की अहम् भूमिकाएं हैं।
सलमान इस फिल्म के साथ ही अपनी हिट सीरीज़ दबंग का तीसरा भाग ही शूट करेंगे। प्रभुदेवा इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। भारत अगले साल ईद पर और दबंग 3 अगले साल की शुरुआत में रिलीज़ हो सकती है। सलमान खान को साजिद नाडियाडवाला के निर्देशन में बनने वाली किक के सीक्वल में भी काम करना है।
यह भी पढ़ें: Box Office: रेस 3 की झोली में आये और इतने करोड़, पर हुआ ये बड़ा नुकसान