रणवीर-दीपिका, प्रियंका-निक ही नहीं... शादी के लिए कतार में हैं ये सेलेब्रिटीज़ भी
करियर में थोड़ी स्थिरता आने के बाद वरुण ने नताशा के साथ अपनी रिलेशनशिप को पैपेराज़ी या मीडिया से नहीं छिपाया।
मुंबई। रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की शादी की तारीख़ अब पक्की हो गयी है। कुछ दिन पहले दीपिका और रणवीर ने सोशल मीडिया के ज़रिए बताया कि 14 और 15 नवम्बर को दोनों शादी कर रहे हैं। सूत्रों के ज़रिए तो यह पहले से ही पता चल चुका था कि दोनों नवम्बर में शादी कर रहे हैं, मगर निश्चित तारीख़ को लेकर कुछ पक्का नहीं हो रहा था।
साल 2018 में वैसे तो कई सेलेब्रिटीज़ ने घर बसाया है, मगर साल के आख़िरी दो महीने बेहद ख़ास हो गये हैं। रणवीर और दीपिका के अलावा प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की शादी करने की ख़बरें भी बॉलीवुड में इन दिनों छायी हुई हैं। हालांकि इनकी वेडिंग डेट की अभी कोई ख़बर नहीं है। कहा यह जा रहा है कि 2 दिसम्बर को प्रियंका और निक शादी कर सकते हैं। इसी साल दोनों ने अगस्त में अचानक सगाई करके चौंका दिया था। प्रियंका ने सगाई और रोका की रस्मों के लिए मुंबई स्थित अपना आवास चुना। अब शादी कहां करते हैं, इस पर भी नज़र है। ख़बरें आ चुकी हैं कि प्रियंका अमेरिका में निक के साथ शादी कर सकती हैं, क्योंकि वहां दोनों के काफ़ी दोस्त हैं। मगर जब दोनों ने कुछ दिन पहले जोधपुर का दौरा किया तो खबर आती की उम्मेद भवन पैलेस में प्रियंका और निक फेरे लेंगे। फिलहाल यही तय माना जा रहा है।
इन दो शादियों के अलावा एक और सेलेब्रिटी शादी की शहनाई दिसम्बर में गूंज सकती है। यह हैं कपिल शर्मा, जो अपनी गर्लफ्रेंड गिन्नी चतरथ के साथ 12 दिसम्बर को चंडीगढ़ में शादी कर रहे हैं। इसके बाद 14 दिसम्बर को उनकी शादी का रिसेप्शन होगा। कपिल का प्रोफेशनल करियर इन दिनों पटरी से उतरा हुआ है। कपिल अब पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ़ में स्थिरता चाहते हैं। इन सेलेब्रिटीज़ की शादी तो कंफ़र्म हो चुकी हैं। अब बात ऐसे सेलेब्रिटीज़ की, जिनकी शादी की ख़बर उनके चाहने वालों तक जल्द पहुंच सकती है।
रणबीर-आलिया
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट इन दिनों अयान मुखर्जी की फ़िल्म ब्रह्मास्त्र की शूटिंग कर रहे हैं। इस फ़िल्म के साथ ही रणबीर और आलिया के बीच नज़दीकियों की ख़बरें आने लगी थीं। शुरुआत में इसे को-एक्टर्स की बांडिंग समझा गया, मगर जैसे-जैसे फ़िल्म की शूटिंग आगे बढ़ी, बांडिंग भी मज़बूत होती गयी। ऐसे कयास लगाये जाने लगे कि दोनों एक-दूसरे के लिए सीरियस हैं। रणबीर-आलिया के अफेयर की ख़बरों को बल उन तस्वीरों से मिला, जिनमें दोनों की मॉम्स हैंगआउट करते दिखीं। अब रणबीर और आलिया के बीच की नज़दीकियां देखते हुए इनकी गुड न्यूज़ का इंतज़ार किया जा रहा है।
वरुण-नताशा
वरुण धवन अपनी पीढ़ी के कामयाब सितारों की कतार में खड़े हैं। आम तौर पर यंग एक्टर्स का नाम उनके साथ काम करने वाली अभिनेत्रियों से जुड़ने का चलन रहता है, मगर वरुण के बारे में ऐसे गॉसिप नहीं आते। आलिया के साथ फ़िल्में करने के कारण उनकी अच्छी दोस्ती की ख़बरें तो आती रही हैं, मगर लिंक अप नहीं किया जाता। इसकी वजह है वरुण ने अपनी गर्लफ्रेंड नताशा दलाल को कभी छिपाने की कोशिश नहीं की। करियर में थोड़ी स्थिरता आने के बाद वरुण ने नताशा के साथ अपनी रिलेशनशिप को पैपेराज़ी या मीडिया से नहीं छिपाया। इस कपल की शादी के कार्ड का भी इंतज़ार किया जा रहा है।
राजकुमार-पत्रलेखा
राजकुमार राव ने बॉलीवुड में ख़ुद को एक भरोसेमंद एक्टर के तौर पर स्थापित कर लिया है। राव अपनी पर्सनल लाइफ़ से ज़्यादा अपने काम के लिए चर्चा में रहते हैं। हालांकि अपनी गर्लफ्रेंड पत्रलेखा के साथ वो खुलकर हैंगआउट करते हैं और स्टीडी रिलेशनशिप में हैं। पत्रलेखा के साथ उनके रिश्ते की प्रगाढ़ता को देखते हुए राजकुमार राव की शादी का भी इंतज़ार है। हालांकि राजकुमार का फोकस फ़िलहाल अपना करियर है।
अर्जुन-मलायका
इन सबके बीच अर्जुन कपूर और मलायका अरोरा की शादी की अफ़वाहें भी ज़ोर पकड़ रही हैं। वैसे तो इनकी दोस्ती कई सालों से बॉलीवुड के गॉसिप गलियारों में छायी रही है, मगर अरबाज़ ख़ान के साथ तलाक़ के बाद अर्जुन के साथ मलायका की नज़दीकियों के नये मायने निकाले जाने लगे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में तो अब यह भी दावा किया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को लेकर काफ़ी सीरियस हैं। हाल ही में मलायका ने अपना 45वां जन्मदिन मनाया, जिसके लिए वो अर्जुन के साथ वेकेशंस पर गयी थीं। मिलन एयरपोर्ट पर दोनों की तस्वीर वायरल हो गयी थी। वहीं, इंडियाज़ गॉट टैलेंट शो के सेट से करण जौहर ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वो मलायका को छेड़ते दिख रहे हैं। करण मलायका से पूछते हैं कि वो इटली अकेले गयी थीं या किसी के साथ? इस पर मलायका शर्मा जाती हैं।
And we are back with our IGT mornings!!! @kirronkhermp @malaikaarorakhanofficial #toodles