बॉलीवुड के इन सितारों ने की Secret Wedding, मेघना-सुरवीन निकलीं सबकी उस्ताद
Secret weddings in Bollywood कलियों का चमन फेम मेघना बॉलीवुड और साउथ की फ़िल्मों में काम करती रही हैं। मेघना 2016 की फ़िल्म क्या कूल हैं हम में नज़र आयी थीं।
मुंबई। बॉलीवुड में ऐसे कई कलाकार हैं, जिन्होंने अपनी शादी को आख़िरी समय तक छिपाकर रखा, मगर मेघना नायडू ने तो सबको पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने 2 साल तक अपनी शादी को छिपाकर रखा और अब सनसनीखेज़ खुलासा किया है।
10 अप्रैल को मेघना ने इंस्टाग्राम पर एक लम्बी सी पोस्ट के ज़रिए पूरा क़िस्सा बताया। मेघना लिखती हैं- ''और यह रही बड़ी ख़बर। उन सबके बारे में, जो जो हमारी शादी के बारे में जानते थे। हमारी निजता का सम्मान करने के लिए शुक्रिया... और उन सभी के लिए जो इसके बारे में नहीं जानते थे लेकिन उन्हें शक़ था, यह ख़बर आपके लिये है। मैं इससे बहेतर जीवनसाथी की उम्मीद नहीं कर सकती थी, सो मेट।''
मेघना ने बताया है कि उनके जीवनसाथी का नाम लुईस मेगल रीस है। मेघना आगे लिखती हैं- तुम्हें अपने जीवन में पाकर मैं धन्य हुई और लगभग 8 साल की इस यात्रा को ख़ूबसूरत बनाने के लिए शुक्रिया। हमारे प्यार में भरोसा करने के लिए हमारे परिवारों का धन्यवाद और उस प्यार के लिए जो आप हम पर बरसाते रहेंगे।
मेघना ने 25 जनवरी 2016 को लुईस से शादी की थी। इससे पहले 6 साल तक वो उन्हें डेट कर रही थीं। मेघना लुईस से 21 साल पहले टेनिस कोर्ट में मिली थीं। लुईस मेघना से 10 साल बड़े हैं। मेघना ने बताया कि उन्होंने अपने पति के कहने पर शादी को सार्वजनिक किया है। मेघना को उनके कलियों का चमन गाने पर डांस के लिए पहचाना जाता है। मेघना बॉलीवुड और साउथ की फ़िल्मों में काम करती रही हैं। मेघना 2016 की फ़िल्म क्या कूल हैं हम 3 में नज़र आयी थीं।
गुपचुप शादी के मामले में मेघना को अगर किसी ने टक्कर दी है तो वो सुरवीन चावला हैं, जिन्होंने मेघना की तरह ही अपनी शादी 2 साल तक छिपाकर रखी थी। सुरवीन ने अपनी शादी का खुलासा 2017 में किया था, जबकि 2015 में ही वो अक्षय ठक्कर की दुल्हनिया बन चुकी थीं। सुरवीन ने सोशल मीडिया के ज़रिए अपनी शादी का खुलासा करके जैसे धमाका कर दिया था। सुरवीन ने इंस्टाग्राम पर अपने बॉयफ्रेंड के साथ लॉन्ग डिस्टेंस डांस पोज के साथ फोटो शेयर की और लिखा-''...और इस तरह, एक असाधारण ज़िंदगी के बीचों-बीच प्यार ने हमें परीकथा जैसा अनुभव दे दिया।''
19 April को सुरवीन चावला ने मां बनने की जानकारी दी। इंस्टाग्राम पर उन्होंने बेबी के पांव की फोटो शेयर करके लिखा- अब नन्हे जूतों के लिए हमारे पास नन्हे पैर हैं। हमारे छोटे से परिवार में उसका आगमन हुआ है। हम अपनी बेटी एवा का स्वागत करते हैं।
इनके अलावा बॉलीवुड में ऐसे कपल्स की कमी नहीं है, जिन्होंने Secretly Wedding के विकल्प को चुना। पिछले साल 10 मई को अचानक नेहा धूपिया की शादी की ख़बरों के केंद्र में आ गयी थीं। नेहा ने पूर्व क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी के बेटे और एक्टर अंगद बेदी के साथ सिख रीति-रिवाज़ से दिल्ली में शादी कर ली। नेहा की शादी की किसी को कानों-कान हवा नहीं लगी। इसका खुलासा तब हुआ, जब करण जौहर ने दोनों की शादी की फोटो ट्वीट करके उन्हें बधाई दी। नेहा एक बच्ची की मां बन चुकी हैं।
2018 में ही 11 मई को अचानक ख़बर आयी कि हिमेश रेशमिया ने सोनिया कपूर से शादी कर ली, जिनके साथ वो पिछले काफ़ी अर्से से रिलेशनशिप में थे। बताया जाता है कि हिमेश ने अपने घर पर ही सोनिया से शादी की है। 2017 में उनका पूर्व पत्नी कोमल के साथ तलाक़ का केस ख़त्म हुआ था। हिमेश ने शाम को शादी की पहली तस्वीर भी शेयर की, जिसके साथ लिखा था- Togetherness is bliss यानि किसी का साथ मिलना वरदान है।
श्रिया सरन भी टॉप सीक्रेट वेडिंग्स की लिस्ट में शामिल हैं। श्रिया ने इसी साल 12 मार्च को मुंबई में अपने लोखंडवाला स्थित आवास पर आंद्रेई कोसचीव से शादी कर ली थी, जिसमें क़रीबी दोस्त, रिश्तेदार और परिवार के लोग ही शामिल हुए। आंद्रेई कोसचीव राष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी हैं और मॉस्को में रेस्तरां की चेन हैं। शादी हिंदू रीति-रिवाज़ से हुई थी। श्रिया और आंद्रेई पिछले कई सालों से डेट कर रहे हैं, लेकिन वह कभी साथ में मीडिया के कैमरों में कैद नहीं हुए। शादी से पहले 11 मार्च को प्रीवेडिंग पार्टी भी हुई थी।
कुछ ऐसा ही वेडिंग सरप्राइज़ वत्सल सेठ और इशिता दत्ता ने पिछले साल दिया था। नवंबर के महीने में मुंबई के इस्कॉन मंदिर में सादे समारोह में वत्सल और इशिता ने शादी कर ली थी। वत्सल और इशिता की शादी की ख़बर ने इंडस्ट्री वालों को चौंका दिया था, क्योंकि दोनों के अफ़ेयर की किसी को कानों-कान ख़बर नहीं थी। इशिता फिरंगी में फ़ीमेल लीड रोल में नज़र आयी थीं, जो एक दिसंबर को रिलीज़ हुई। वत्सल और इशिता ने एक टीवी शो में साथ काम किया था। ख़बर है कि तभी से दोनों रिलेशनशिप में आये थे। इशिता अब सेटर्स में नज़र आएंगी, जो 3 मई को रिलीज़ हो रही है।
जॉन अब्राहम और प्रिया रुंचाल की शादी भी ऐसी ही रही। 2014 में इनकी शादी का पता न्यू ईयर विश से चला, जिसमें जॉन ने प्रिया और अपना नाम लिखा था। इससे पहले तक प्रिया के साथ उनकी रिलेशनशिप की ख़बर तो थी, मगर शादी का पता किसी को नहीं चला। जॉन ने ट्वीट किया था, ‘Wishing you and your loved ones a blessed 2014! May this year bring you love, good fortune and joy. Love, John and Priya Abraham.’
रानी मुखर्जी और आदित्य चोपड़ा की शादी भी एक सीक्रेट अफ़ेयर रही। आदि के साथ रानी ने इटली में शादी की थी, जिसका पता आदित्य चोपड़ा नाम के सोशल मीडिया एकाउंट से चला, जब उन्होंने फ़ेसबुक पर अपना स्टेटस बदलकर मैरीड लिखा। इसके कुछ देर बाद ही रानी का स्टेटमेंट आया था। अब दोनों की एक बेटी अदीरा है।
संजय दत्त की शादी का क़िस्सा भी कुछ इसी तरह का है। मान्यता के साथ संजय की तीसरी शादी गोवा में हुई थी और ये उनके फ़ैंस के लिए सरप्राइज़िंग रहा। संजय-मान्यता की शादी को दस साल हो चुके हैं। कुणाल कपूर ने अमिताभ बच्चन की भतीजी नैना बच्चन के साथ फरवरी 2015 में सेशेल्स में शादी की। कुणाल और नैना की शादी का भी किसी को अंदाज़ा नहीं था। कुणाल ने अपने अफ़ेयर को भी अंडररैप रखा था। इसलिए शादी की ख़बर ने चौंका दिया था।