बॉक्स ऑफिस का असली 'जादूगर'... सिर्फ 4 फिल्मों से कमाए 2200 करोड़; अब OTT पर भी मचा रहे हैं धमाल
राजकुमार हिरानी ने अपनी फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर 2200 करोड़ से अधिक कमाए हैं, जिनमें 'पीके', 'संजू', 'डंकी' और '3 इडियट्स' जैसी फिल्में शामिल हैं।

डंकी, पीके का पोस्टर (फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
राजकुमार हिरानी की 4 फिल्मों ने कमाए 2200 करोड़
'प्रीतम एंड पेड्रो' से ओटीटी पर भी मिली सफलता
हिरानी की कहानियों में सरलता और गहरी भावनाएं
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय सिनेमा में आज बड़ी फिल्मों की चर्चा खूब होती है। इन फिल्मों की चर्चा भी इसलिए होती है, क्योंकि इन फिल्मों का बजट ज्यादा होता है और इनमें बड़े स्टार्स भी आते हैं। हालांकि भारतीय सिनेमा में कुछ फिल्ममेकर्स ऐसे रहे हैं, जिन्होंने बजट से ज्यादा कहानियों पर ध्यान दिया है। हाल फिलहाल में आईं हनुमान अंश समेत कई फिल्में इसी का उदाहरण हैं। जाने माने फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी की कुछ फिल्में ऐसी रही हैं, जिन्होंने कहानी के साथ-साथ बॉक्स ऑफिस पर भी बड़ी सफलता पाई है। यहां तक कि हाल ही में ओटीटी पर आई उनकी फिल्म 'प्रीतम एंड पेड्रो' ने भी कमाल का जादू किया है।
1. पीके – ₹792 करोड़
राजकुमार हिरानी की इस फिल्म में आमिर खान लीड रोल में दिखे थे। 'पीके' ने धर्म, मान्यताओं और सामाजिक रूढ़ियों पर एक अलग नजरिया पेश किया। एक एलियन के जरिए इंसानी दुनिया को समझने की कोशिश करती इस फिल्म ने ह्यूमर और संवेदनशीलता के साथ कई अहम सवाल उठाए। फिल्म की कहानी और उसका संदेश दर्शकों के बीच खूब लोकप्रिय हुआ और यह राजकुमार हिरानी की बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही।

2. संजू – ₹586 करोड़
रणबीर कपूर स्टारर 'संजू' एक्टर संजय दत्त की जिंदगी के उतार-चढ़ाव, रिश्तों, संघर्षों और विवादों पर आधारित थी। ये फिल्म संजू बाबा की निजी जिंदगी के किस्सों को पर्दे पर लेकर आई। इस फिल्म में रणबीर की ट्रांसफॉर्मेशन ने सबको चौंका दिया था। वहीं उनकी दमदार एक्टिंग ने लोगों का दिल जीत लिया था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी सफलता हासिल की।

3. डंकी – ₹454 करोड़
राजकुमार हिरानी की फिल्म का बज भी खूब रहा। राजकुमार हिरानी की इस फिल्म में शाह रुख खान नजर आए। फिल्म का नाम था 'डंकी' दोस्ती, अपनों से दूर जाने की मजबूरी और बेहतर जिंदगी की तलाश में विदेश जाने के सपने को इमोशन को इस फिल्म ने अलग ढंग से पेश किया। फिल्म में कॉमेडी और इमोशन के जरिए एक ऐसे विषय को सामने लाया गया, जिससे कई लोग खुद को जोड़ पाते हैं।

4. 3 इडियट्स – ₹400 करोड़
आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी स्टारर '3 इडियट्स' को उन कल्ट फिल्मों में शुमार है जिससे हर नौजवान रिलेट करता है। इस फिल्म में पढ़ाई-लिखाई, सपने और सक्सेस के साथ अपने जुनून को पहचानने की एक अलग कहानी दिखाई। रैंचो की कहानी और फिल्म के डायलॉग्स आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने सफलता के झंडे गाढ़े थे।

5. प्रीतम एंड पेड्रो – ओटीटी पर रिकॉर्डतोड़ सफलता
'प्रीतम एंड पेड्रो' के साथ राजकुमार हिरानी ने ओटीटी की दुनिया में कदम रखते हुए अपने क्रिएटिव सफर में एक नया अध्याय जोड़ा। एक पुराने जमाने के पुलिसवाले और टेक्नोलॉजी की अच्छी समझ रखने वाले एक यंग लड़के की अनोखी जोड़ी के जरिए इस सीरीज में ह्यूमर, दोस्ती, सस्पेंस और समाज से जुड़े मुद्दों को दिखाया गया।
इस सीरीज में खुद राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी नजर आए, जिनके काम को बहुत पसंद किया। इसके अलावा अरशद वारसी भी फिल्म में दिखे। इस फिल्म के अलावा उनकी 'लगे रहो मुन्ना भाई' भी कल्ट फिल्मों में शुमार है। इस फिल्म का जिक्र भी खूब होता है और बॉक्स ऑफिस पर भी यह फिल्म हिट रही थी।

राजकुमार हिरानी की फिल्मों की खासियत रही है कि वो बड़ी और गंभीर बातों को भी बेहद सरल, मजेदार और सही भावनाओं के साथ उसे पेश करते हैं। उनकी कहानियों में कोई बड़ा हेर-फेर या एक्शन ज्यादा नहीं होता।
उनकी कहानियां भावनाओं को जाहिर करने का मौका देती हैं। सालों से राजकुमार हिरानी अलग-अलग कहानियां ला रहे हैं और यही चीज उन्हें बाकी फिल्ममेकर्स से अलग बनाती है और शायद हर कलाकार का सपना होता है कि राजकुमार हिरानी की फिल्म का हिस्सा जरूर बने।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।