ऐश्वर्या राय 15 साल छोटे हीरो के साथ पर्दे पर, हीरोइन की उम्र को लेकर बदली बॉलीवुड की सोच?
इस फ़िल्म के बारे में बताया जा रहा है कि इसे रोहन सिप्पी डायरेक्ट करने वाले हैं। ये एक थ्रिलर फ़िल्म होगी, जिसमें ऐश के अलावा एक कम उम्र की अभिनेत्री को भी लिया जाएगा।
मुंबई। करण जौहर की फ़िल्म ऐ दिल है मुश्किल में 9 साल छोटे रणबीर कपूर के साथ पर्दे पर रोमांस करने के बाद अब ऐश्वर्या अपने इस रिकॉर्ड को भी तोड़ने वाली हैं। ख़बर आ रही है कि आने वाली एक फ़िल्म में ऐश 15 साल छोटे एक्टर के साथ पर्दे पर नज़र आने वाली हैं। ये एक्टर हैं कार्तिक आर्यन, जिन्हें आपने हाल ही में सोनू के टीटू की स्वीटी में देखा है और इस फ़िल्म ने 100 करोड़ क्लब में एंट्री ली है। कार्तिक 29 साल के हैं। इस फ़िल्म के बारे में बताया जा रहा है कि इसे रोहन सिप्पी डायरेक्ट करने वाले हैं। ये एक थ्रिलर फ़िल्म होगी, जिसमें ऐश के अलावा एक कम उम्र की अभिनेत्री को भी लिया जाएगा।
सिर्फ़ कार्तिक ही नहीं, ऐश की जोड़ी और भी कई छोटे एक्टर्स के साथ बन रही है। ख़बर है कि मनोज कुमार और साधना की 1964 की क्लासिक वो कौन थी को रीमेक किया जा रहा है। इस फ़िल्म के लिए निर्माता शाहिद कपूर और ऐश्वर्या राय बच्चन को मुख्य किरदारों के लिए लेने की योजना बना रहे हैं। शाहिद और ऐश्वर्या के बीच 7 साल का फ़ासला है। शाहिद अभी 37 साल के हैं, जबकि ऐश 44 की हो चुकी हैं।
दिलचस्प बात ये भी है कि ऐश्वर्या राय की फ़िल्म ताल के एक गाने में शाहिद बैकग्राउंड डांसरों की पंक्ति में खड़े दिखायी दिये थे। सिल्वर स्क्रीन पर शाहिद की वो पहली उपस्थिति थी। फ़न्ने ख़ान में राजकुमार राव ऐश्वर्या के साथ पर्दे पर दिखेंगे, जो ऐश से 11 साल छोटे हैं। अपनी इस भूमिका को लेकर राव काफ़ी उत्साहित हैं। माना जा रहा है कि नायक-नायिका के बीच उम्र का ये अंतर फ़न्ने ख़ान की कहानी की मांग के आधार पर है।
वैसे अपने करियर के पुराने दौर में भी ऐश ने कम उम्र अभिनेताओं के साथ रोमांस किया है। फिर चाहे वो रितिक रोशन हों या ऐश्वर्या के एक्स-बॉयफ्रेंड विवेक ओबेरॉय या फिर पति अभिषेक बच्चन। हाल ही में रेमो डिसूज़ा ने अपनी अगली अनाम डांस फ़िल्म का एलान किया है, जिसमें वरुण धवन के साथ कटरीना कैफ़ को लिया गया है। ग़ौरतलब है कि वरुण और कटरीना की उम्र में 4 साल का अंतर है। वरुण 30 के हैं, जबकि कटरीना 34 साल की हो चुकी हैं।
वैसे कटरीना कैफ़ पहले भी ख़ुद से छोटे अभिनेताओं के साथ जोड़ी बनाती रही हैं। बार बार देखो में कटरीना एक साल छोटे सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ दिखीं तो फ़ितूर में वो दो साल छोटे आदित्य रॉय कपूर के साथ रोमांस करती दिखीं। वरुण पहले भी अपने से कुछ साल बड़ी अभिनेत्रियों के साथ पर्दे पर जोड़ी जमा चुके हैं। मैं तेरा हीरो में नर्गिस फ़ाखरी के साथ वरुण ने ख़ूब रोमांस किया और गाने गाये। नर्गिस, वरुण से 8 साल बड़ी हैं। नर्गिस ने तो डेब्यू ही अपने से कम उम्र के हीरो के साथ किया था।
इम्तियाज़ अली की फ़िल्म रॉकस्टार में नर्गिस तीन साल छोटे रणबीर कपूर की हीरोइन बनीं। जुड़वां 2 में वरुण ने जैकलीन फ़र्नांडिस के साथ जोड़ी जमायी, जो उनके 2 साल बड़ी हैं। जैकलीन और वरुण की उम्र में महज़ दो साल का अंतर है, मगर जैकलीन अ फ्लाइंग जट में ख़ुद से 5 साल छोटे टाइगर श्रॉफ़ की हीरोइन बन चुकी हैं। उड़ता पंजाब में करीना कपूर की जोड़ी पंजाबी फ़िल्मों के एक्टर दिलजीत दोसांझ के साथ बनीं। दिलजीत बेबो से 3 साल छोटे हैं। वहीं, आर बाल्की की फ़िल्म की एंड का में करीना और अर्जुन कपूर ने पति-पत्नी का रोल निभाया। करीना, अर्जुन से 5 साल बड़ी हैं। इससे पहले गोरी तेरे प्यार में और एक मैं और एक तू में करीना 3 साल छोटे इमरान ख़ान के साथ पर्दे पर रोमांस करती दिख चुकी हैं।
नायक-नायिका के बीच उम्र का फ़ासला बॉबी जासूस में भी साफ़ नज़र आया, जबकि विद्या बालन के समक्ष 8 साल छोटे अली फ़ज़ल खड़े हुए। ये जोड़ी को बेमेल माना गया। विद्या इससे पहले द डर्टी पिक्चर, घन चक्कर और हमारी अधूरी कहानी में इमरान हाशमी के साथ प्रेमिका और पत्नी के किरदारों में दिखती रही हैं, जो उनसे एक साल छोटे हैं। हमारी अधूरी कहानी में विद्या के पति के किरदार में राजकुमार राव दिखे, जो विद्या से 6 साल छोटे हैं। किस्मत कनेक्शन में विद्या ख़ुद से 3 साल छोटे शाहिद के साथ नज़र आ चुकी हैं। इस जोड़ी को भी बेमेल कहा गया था। बिपाशा बसु के पति करण सिंह ग्रोवर की उम्र उनसे तीन साल कम है और दोनों एलोन में साथ आ चुके हैं।
प्रियंका चोपड़ा, गुंडे में रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर के साथ दिखीं। ये दोनों अभिनेता उनसे तीन साल छोटे हैं। रणवीर के साथ प्रियंका बाजीराव मस्तानी में पत्नी काशीबाई के रोल में फिर आयीं। अगर, बढ़ती उम्र की नायिकाओं के लिए दर्शकों की स्वीकार्यता बढ़ती जाए तो नायिकाओं के करियर का अंतराल कुछ साल और बढ़ सकता है।