'बदल रहा है सिनेमा,' महिला कलाकारों को लेकर वेटरन एक्ट्रेस Rohini Hattangadi की दो टूक
सिनेमा जगत के वरिष्ठ अदाकारा रोहिणी हट्टंगणी ने सिनेमा के बदलते कल्चर को लेकर खुलकर चर्चा की है।

मशहूर अदाकारा रोहिणी हट्टंगणी (फोटो क्रेडिट- स्क्रीन शॉट/AI)
HighLights
सिनेमा की वेटरन एक्ट्रेस हैं रोहिणी हट्टंगणी
बदलते सिनेमा को लेकर रोहिणी हट्टंगणी की राय
रोहिणी हट्टंगणी ने इन फिल्मों से बनाई पहचान
दीपेश पांडेय, मुंबई: इन दिनों भारतीय सिनेमा में पैन इंडिया फिल्मों का दौर चल रहा है, कलाकार हिंदी के साथ-साथ अलग-अलग क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों में भी काम कर रहे हैं। हिंदी सिनेमा में बीते साढ़े तीन दशकों से ज्यादा समय से सक्रिय अभिनेत्री रोहिणी हट्टंगणी पिछली सदी के आठवें और नौवें दशक से ही हिंदी के साथ-साथ मराठी, कन्नड़ और तेलुगु भाषाओं की फिल्मों में काम करती आ रही हैं। रोहिणी ने बीते समय के सिनेमा को लेकर खुलकर बातचीत की है।
बदलते सिनेमा पर रोहिणी हट्टंगणी की राय
हालिया प्रदर्शित फिल्म मीठे में क्या है में नजर आईं रोहिणी तब और आज की पैन इंडिया फिल्मों पर कहती हैं- उस जमाने में मैं एक ही फिल्म गांधी (1982) से पूरी दुनिया में प्रख्यात हुई थी, लेकिन आजकल के जेन जी(वर्तमान पीढ़ी) को गांधी के बारे में उतनी जानकारी नहीं है। मैंने दक्षिण भारत की चारों भाषाओं (तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम) में काम किया है। फिर भी गांधी जैसी पहचान नहीं मिली।
यह भी पढ़ें- शाह रुख खान को देखकर हीरो बना बिहार का लाल, 'नयी नवेली' फेम Anurag Thakur ने सुनाई फिल्मी सफर की कहानी

जब पहले मैं दक्षिण भारतीय फिल्में करने हैदराबाद जाती थी, तो ज्यादातर लोग मुझे अमिताभ की मां.. (फिल्म अग्निपथ में रोहिणी ने अमिताभ बच्चन अभिनीत विजय दीनानाथ चौहान की मां की भूमिका निभाई थी) कहकर ही बुलाते थे। कुछ समय पहले मैंने विजय देवरकोंडा के साथ भी फिल्म की है, तो अब कुछ लोग उनकी मां के नाम से पहचानते हैं। ऐसे में मुझे पता नहीं है कि आज के दौर में पैन इंडिया फिल्मों का सिस्टम काम कैसे कर रहा है।
पहचान से जुड़ा किस्सा
आगे पहचान से जुड़ा ही एक किस्सा साझा करते हुए रोहिणी बताती हैं- हाल ही में मैं कुछ नवोदित कलाकारों के साथ एक फिल्म में काम कर रही थी। खाने के दौरान बातें होने लगी कि किसने क्या किया है क्या नहीं किया है। मुझसे भी उन्होंने पूछा कि आपने क्या किया है, तो मैंने उनसे पूछा कि क्या आपने फिल्म गांधी देखी हैं। मैंने उसमें कस्तूरबा की भूमिका निभाई है।
-1794738245124.webp)
सामने वाले कलाकार ने प्रश्नवाचक भावनाओं के साथ पूछा कौन सी गांधी। तो मैंने मन में सोचा कि इनको गांधी फिल्म के बार में पता ही नहीं है। फिर मैंने उनसे मुन्ना भाई एमबीबीएस फिल्म के बारे में पूछा, तो उसने तपाक से पहचान लिया कि अरे मैडम उसमें तो हमने आपका काम देखा है।
महिला कलाकारों के लिए सकारात्मक बदलाव
पहले के दौर से अलग अब हिंदी सिनेमा में हर उम्र की महिलाओं को केंद्रीय भूमिकाओं में रखकर कहानियां लिखी जा रही हैं। इसे सकारात्मक बदलाव के तौर पर देखने वाली रोहिणी कहती हैं- पहले 40 साल की उम्र पार करने बाद ही अभिनेत्रियों को सिर्फ मां या उम्रदराज भूमिकाओं में बांध दिया जाता था।
-1794738272151.webp)
अब इस मामले में बदलाव दिख रहा है। अब कहानियां 40 साल के पार वाली उम्र की महिलाओं के लिए भी लिखी जा रही हैं। पहले के दौर में हीरोइन अगर थोड़ी सी बड़ी हो जाती थी और वो मां की भूमिका स्वीकार करना शुरू कर देती तो निर्माताओं के नजरिए में वो हीरोइन नहीं रहती थी। अब ऐसा नहीं है। अब तो कोई सात-आठ साल के बच्चे की मां भी हीरोइन हो सकती है। मैं तो अपने से ज्यादा उम्र के कई हीरो की मां बनी हूं।
मुझे याद है कि जब मैं फिल्म अग्निपथ साइन कर रही थी तो मैंने निर्देशक से यही कहा था कि मैं आपसे पहली बार ऐसी कहानी सुन रही हूं, जिसमें मुझे एक चौथा पात्र इंस्पेक्टर पठान भी अहम भूमिका में दिख रहा है। इसके अलावा ज्यादातर फिल्मों में अमिताभ बच्चन (हीरो), हीरोइन और खलनायक ही नजर आते थे। इन्हीं को सबसे ज्यादा दिखाया जाता था। मैं इसीलिए यह रोल कर रही हूं। अब मैं मां का रोल करते-करते थक चुकी हूं, लेकिन मैं फिर भी ये रोल करूंगी।
नए सिनेमा पर रोहिणी की सोच
रोहिणी मानवीय रिश्तों और पारिवारिक कहानियों पर आधारित फिल्में भी आवश्यक मानती हैं। वह कहती हैं- फिल्मों में आज के दौर में हिंसा ज्यादा बढ़ रही है। सिनेमा समाज का आईना होता है। जब समाज और अपनी निजी जिंदगी की तमाम समस्याओं से निराश और परेशान दर्शक स्क्रीन पर नायक को हिंसा और वो सब करते हुए देखता है, जो वो स्वयं करना चाहता है, तो उन्हें लगता है कि नायक अच्छा कर रहा है। हालांकि, इसका दूसरा पहलू भी है। अगर हम उसी इंसान को दूसरे नजरिए से देखे, सिर्फ उसके हिंसात्मक पहलू की जगह उसके अंदर की अच्छाइओं को भी सिनेमा में दिखाए तो वो भी समाज में बड़ा प्रभाव डालेगी।’
परिवार की दखलंदाजी पर रोहिणी
फिल्म मीठे में क्या है में दिखाया जाता है कि कई बार नायक अपने जीवन में परिवार की दखलंदाजी से परेशान हो जाता है। अपने व्यक्तिगत जीवन में ऐसी परिस्थितियों पर रोहिणी कहती हैं- मेरे निजी जीवन में ऐसी परिस्थिति एक-दो बार आई होगी, लेकिन मैंने उसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया। अगर मेरी किसी निजी बात को लेकर परिवार में कोई कुछ सवाल करता भी था तो मैं बता देती थी कि हां ऐसा है। बस इतने जवाब से ही मुद्दा खत्म हो जाता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।