वरुण और अर्जुन ने 9 साल पहले आयी इस फ़िल्म में किया था काम, वीडियो हुआ वायरल
फ़िल्म में अर्जुन एक गैंगस्टर के नेगेटिव रोल में हैं जबकि वरुण पुलिस अफ़सर के बेटे बने हैं। अर्जुन अपने गैंग के साथ वरुण से वसूली करने जाते हैं और इसी दौरान...
मुंबई। वरुण धवन और अर्जुन कपूर को आपने अभी तक पर्दे पर एक साथ नहीं देखा होगा, मगर अब एक ऐसी फ़िल्म इंटरनेट पर वायरल हो रही है, जिसमें वरुण और अर्जुन आमने-सामने दिख रहे हैं। लगभग 9 साल पुरानी इस फ़िल्म के पीछे एक दिलचस्प कहानी है।
वरुण धवन मौजूदा पीढ़ी के सबसे टैलेंटेड एक्टर्स में गिने जाते हैं। उनकी पिछली फ़िल्म कलंक भले ही फ्लॉप रही हो, मगर वरुण की एक्टिंग की सभी ने ख़ूब तारीफ़ की। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि एक्टर बनने से पहले वरुण निर्देशन में भी अपना जौहर दिखा चुके हैं और उनके निर्देशन में अर्जुन कपूर काम कर चुके हैं। यह एक शॉर्ट फ़िल्म थी, जिसे वरुण ने डायरेक्ट किया था और इसमें एक्टिंग भी की थी। सोशल मीडिया में यह फ़िल्म अब वायरल हो रही है।
While Mountain शीर्षक से बनायी गयी यह एक 2010 की प्रोजेक्ट फ़िल्म है, जिसे बैरी जॉन एक्टिंग स्टूडियो द्वारा निर्मित किया गया है। वरुण और अर्जुन ने यहां एक्टिंग की ट्रेनिंग ली थी। लगभग 5 मिनट की शॉर्ट फ़िल्म में इन दोनों के अलावा अर्जुन रैना, अकुल राजे और कौतुक सक्सेना ने भी काम किया है।
फ़िल्म में अर्जुन एक गैंगस्टर के नेगेटिव रोल में हैं, जबकि वरुण पुलिस अफ़सर के बेटे बने हैं। अर्जुन अपने गैंग के साथ वरुण से वसूली करने जाते हैं और इसी दौरान उनके हाथों वरुण का क़त्ल हो जाता है। मगर कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब वरुण ज़िंदा निकलते हैं और बदला लेते हैं। इस शॉर्ट फ़िल्म को ख़ूब देखा जा रहा है। अर्जुन और वरुण दोनों ही काफ़ी यंग हैं।
वैसे जहां तक निर्देशन की बात है तो यह वरुण को विरासत में मिला है। वरुण के पिता डेविड धवन जाने-माने निर्देशक हैं। उनके भाई रोहित धवन भी अब डायरेक्टर बन चुके हैं। वरुण ने करण जौहर की फ़िल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर से बॉलीवुड में बतौर एक्टर अपनी पारी शुरू की थी। उससे पहले उन्होंने करण को माय नेम इज़ ख़ान में असिस्ट किया था। वहीं, अर्जुन कपूर ने इश्कज़ादे से बतौर एक्टर अपना करियर शुरू किया था। एक्टिंग में आने से पहले अर्जुन भी सहायक निर्देशक के रूप में काम करते रहे थे।