सनी देओल के बेटे करण देओल अब हो गये 'वेल्ले', चाचा अभय देओल संग इस फिल्म में आएंगे नजर
Velle First Look वेल्ले एक क्राइम कॉमेडी है जिसमें करण अपने चाचा अभय देओल के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर कर रहे हैं। वहीं अन्या सिंह सावंत सिंह प्रेमी विशेष तिवारी अहम किरदारों में दिखेंगे। मौनी रॉय फिल्म में स्पेशल एपीयरेंस में नजर आएंगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। सनी देओल के बेटे और धर्मेंद्र के पोते करण देओल की दूसरी फिल्म वेल्ले का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म अगले महीने सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्टर के साथ बताया गया है कि ट्रेलर कल यानी गुरुवार को रिलीज किया जाएगा। करण ने सनी के निर्देशन में बनी फिल्म पल पल दिल के पास से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। करण इस बार शरारत भरी कॉमेडी करते नजर आएंगे।
वेल्ले एक क्राइम कॉमेडी है, जिसमें करण अपने चाचा अभय देओल के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर कर रहे हैं। वहीं अन्या सिंह, सावंत सिंह प्रेमी, विशेष तिवारी अहम किरदारों में दिखेंगे। मौनी रॉय फिल्म में स्पेशल एपीयरेंस में नजर आएंगी। वेल्ले का निर्देशन देवेन मुंजाल ने किया है, जबकि नंदिनी शर्मा, आरुषी मल्होत्रा और रजनीश खनुजा ने फिल्म का निर्माण किया है। अजय देवगन की कंपनी अजय देवगन फिल्म्स इसे प्रस्तुत कर रही है। वेल्ले 10 दिसम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। करण ने फर्स्ट लुक शेयर करके लिखा- हर वेल्ले का दिन आता है। ट्रेलर कल 12 बजे आएगा।
View this post on Instagram
बता दें, इस फिल्म की शूटिंग की जानकारी करण ने इंस्टाग्राम एकाउंट के जरिए पहले भी साझा की थी। हालांकि, उन्होंने इसके बारे में अधिक खुलासा नहीं किया था। करण ने अभय के साथ फोटो पोस्ट की थी, जिसमें दोनों चाचा-भतीजे सेल्फी वाले अंदाज़ में दिख रहे थे। अभय के चेहरे पर चोट के निशान थे। वहीं, करण पसीने में लिपटे हुए दिख रहे थे। बैकग्राउंड में कार और कैमरा दिख रहा था।
इस फोटो के साथ करण ने लिखा था- चाचा, हमेशा मेरा ख्याल रखने के लिए शुक्रिया। आप हमेशा से मेरी प्रेरणा रहे हैं और आपके साथ काम करने सुखद है। हम जिसके लिए शूटिंग कर रहे हैं, उसे आप तक पहुंचाने के लिए बहुत उत्साहित हैं। अभय ने इसके जवाब में लिखा था- मैं हमेशा तुम्हारे पीछे खड़ा रहूंगा। बता दें, करण की डेब्यू फिल्म पल पल दिल के पास 2019 में आयी थी। सनी ने फिल्म का निर्देशन किया था। करण का डेब्यू चर्चित तो रहा, मगर बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सका।