कैसे Raj Kapoor की एक सीख बनी सिनेमा की नींव ? 'शोले' से लेकर K3G तक, हिंदी फिल्मों में झलकती है श्रीराम कथा
हिंदी सिनेमा में कहानी का विस्तार चाहे कैसा भी हो, सार में रहती है बस राम कथा। किस तरह हिंदी ...और पढ़ें
-1794224359508_m.webp)
हिंदी फिल्मों में दिखाई देता है राम कथा का अंश
HighLights
हिंदी फिल्मों में दिखाई देता है राम कथा का अंश
जब राज कपूर ने सचिन भौमिक को दी थी सलाह
'शोले' में भी दिखाई दिया राम कथा का अंश
अनंत विजय, नोएडा। दीवाली के पावन अवसर पर हिंदी फिल्मों में रामकथा के प्रभाव की चर्चा होती है। अकारण नहीं है कि रणबीर कपूर स्टारर फिल्म रामायणम् (Ramayana) को दीवाली के ठीक पहले प्रदर्शित किया गया। जब फिल्मों और रामकथा की चर्चा होती है तो हिंदी फिल्मों के सफलतम लेखकों में से एक सचिन भौमिक और राज कपूर के मध्य हुआ एक
डायलॉग याद आता है।
सचिन भौमिक वही लेखक हैं जिन्होंने अनुराधा, आई मिलन की बेला, जानवर, आया सावन झूम के, गोल-माल, कर्ज, सौदागर, आदि फिल्में लिखीं। सलीम-जावेद की जोड़ी से ज्यादा हिट फिल्में सचिन भौमिक के नाम पर दर्ज हैं। वापस आते हैं राज कपूर (Raj Kapoor) और सचिन भौमिक से जुड़े किस्से पर। सचिन भौमिक कोलकाता से राज कपूर से मिलने बांबे (अब मुंबई) आते हैं। आर. के. स्टूडियो में दोनों की भेंट होती है।
जब राज कपूर ने सचिन भौमिक को दी थी सलाह
राज कपूर उनसे मुलाकात का प्रयोजन जानना चाहते हैं तब सचिन भौमिक इच्छा जताते हैं कि वो राज कपूर के लिए फिल्म की कहानी लिखना चाहते हैं। राज कपूर ने धैर्यपूर्वक पूरी बात सुनी। बातचीत खत्म होने पर राज कपूर बोले कि आप हिंदी फिल्मों के लिए कहानियां लिखते हैं, अच्छी बात है, लिखते रहिए, लेकिन इतना ध्यान रखिएगा कि हिंदी फिल्मों में कहानी तो एक ही होती है, ‘राम थे, सीता थीं और रावण आ गया'।
सचिन भौमिक ने एक साक्षात्कार में बताया था कि राज कपूर की ये बात उन्होंने गांठ बांध ली थी और वो कोई भी कहानी लिखते थे तो उनके अवचेतन में रामकथा अवश्य चल रही होती थी। राज कपूर ने फिल्मों की कहानी पर बहुत गहरी बात कही। उस पर उस समय भी और अब भी चर्चा होते रहती है, पर उस मुलाकात के बाद सचिन भौमिक ने जो कहा वो बहुत महत्वपूर्ण है।
-1794224679294.webp)
सचिन भौमिक ने माना था फिल्मों की कहानी लिखते समय उनके अवचेतन मन में रामकथा चलती रहती है। लेखक के अवचेतन मन में तुलसीदास की रामकथा रहती है। तुलसी ने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के चरित्र को प्रमुखता दी। श्रीरामचरितमानस के अन्य पात्र भी मर्यादा की एक डोर में बंधे हैं। वही मर्यादा बहुधा हिंदी फिल्मों में दिखाई देती है। नायक चाहे कितना भी बुरा होता है, व्यवस्था के विरुद्ध चाहे उसके अंदर जितना भी रोष हो, लेकिन कथा का सुखांत ही होता है।
कैसे हिंदी फिल्मों में दिखती है राम की मर्यादा?
सुखांत के अधिक यह है कि वो अपने रोष में, अपने विद्रोह या अपने तिरस्कार में भी मर्यादित रहता है। फिल्म में नायिका का चरित्र चाहे कितना भी बुरा क्यों न गढ़ा गया हो, लेकिन जब कथा क्लाइमैक्स की ओर बढ़ती है तो चरित्र मर्यादित होने लगता है। अपने परिवार को लेकर, अपने बच्चों की चिंता करने लगती है।
परिवार में सबको जोड़ने का प्रयत्न करती है। जो खलनायक होता है, वो भी अपने लोगों का ध्यान रखता है। डॉन भी गिरोह के सदस्यों और उनके परिवार की चिंता करता है। जैसे रावण लंका में रहने वाले सभी लोगों की सुख-सुविधाओं का बहुत ध्यान रखता था। मर्यादा किसी प्रयोजन की सिद्धि सुनिश्चित करती है।
क्यों ज्यादातर फिल्मों की होती है हैप्पी एंडिंग?
हिंदी फिल्मों में बहुधा निर्देशक प्रयोजन की सिद्धि करते ही दिखाई देते हैं। चाहे वो कानून का राज स्थापित करना हो या समाज में अच्छाई की स्थापना। क्लाइमैक्स में खलनायक की हार को बुराई पर अच्छाई की जीत के तौर पर देखा जा सकता है। यहां तक कि एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को भी कई फिल्मों में दिखाया जाता है, लेकिन कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है तो नायक या नायिका जो भी इस तरह के बंधन में होता है उसको अपने किए पर पछतावा होने लगता है।
-1794224583054.webp)
पति अगर संबंधों में भटकता है तो कहानी की समाप्ति पर अपनी पत्नी के पास ही वापस आना चाहता है। यही तो मर्यादा है। बेटा अपने पिता से कितना भी विद्रोह करता है, लेकिन अंत में पिता-पुत्र साथ ही आते हैं। इस पृष्ठभूमि में विचार करें तो ये स्पष्ट होता है कि हिंदी फिल्मों पर रामकथा का गहरा प्रभाव है।
कभी खुशी कभी गम में भी दिखी राम कथा की झलक
फिल्म कभी खुशी कभी गम (Kabhi Khushi Kabhie Gham) की कहानी देखिए। श्रीरामकथा में राजा दशरथ के वचन की रक्षा करने के लिए प्रभु श्रीराम 14 वर्षों के वनवास पर जाते हैं। इस फिल्म में भी अपने पिता यशवर्धन रायचंद के कहने पर उनका ज्येष्ठ पुत्र राहुल घर छोड़कर अपनी पत्नी के साथ विदेश चला जाता है। राहुल की माता नंदिनी को बहुत कष्ट होता है। वो घुटती रहती है। अब इस छोटे से प्रसंग को उठाकर करण जौहर ने बिल्कुल ही आधुनिक परिवेश और पात्रों के साथ फिल्म बना दी।
-1794224536050.webp)
यहां एक बार फिर से स्पष्ट करना चाहता हूं कि इसमें न तो श्रीराम के चरित्र का अंश है और ना ही उनका मर्यादित आचरण की झलक। बस प्रसंग रामकथा से प्रभावित हैं। अधिकतर फिल्मों में रामकथा के अवयव आपको दिख जाएंगे। रामकथा के प्रसंगों को उठाकर उसको आधुनिक पात्रों और परिवेश के माध्यम से पिरोकर कई सफल फिल्में बनीं।
शोले में भी राम प्रसंग की छवि
विश्वामित्र राक्षसों से त्रस्त होकर राम-लक्ष्मण को लेकर आते हैं। इस प्रसंग को उठाकर शोले की कहानी रच दी गई। विश्वामित्र की जगह जेलर, राक्षसों की जगह गब्बर का गिरोह और उससे मुक्ति देने वाले जय-वीरू। रामकथा हमारे सामाजिक जीवन का अभिन्न अंग है और रामकथा की मर्यादा भी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।
-1794224708412.webp)