डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित शर्मिला
एडिनबर्ग नेपियर यूनिवर्सिटी ने अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री शर्मिला टैगोर को डॉक्टरेट ऑफ आर्ट्स की मानद उपाधि से सम्मानित किया है। शर्मिला को यह सम्मान उनके भारतीय सिनेमा में सराहनीय योगदान के लिए दिया गया। इस मौके पर दुनियाभर की जानी-मानी हस्तियां और हजारों छात्र उपस्थित थे।
लंदन। एडिनबर्ग नेपियर यूनिवर्सिटी ने अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री शर्मिला टैगोर को डॉक्टरेट ऑफ आर्ट्स की मानद उपाधि से सम्मानित किया है।
शर्मिला को यह सम्मान उनके भारतीय सिनेमा में सराहनीय योगदान के लिए दिया गया। इस मौके पर दुनियाभर की जानी-मानी हस्तियां और हजारों छात्र उपस्थित थे। इस अवसर पर 67 वर्षीय अभिनेत्री और गुरुदेव रविंद्र नाथ टैगोर की परपोती शर्मिला ने कहा कि यह अपने आप में एक विशेष सम्मान है। इससे भारतीय सिनेमा के विश्व पटल पर पड़ने वाले प्रभाव का पता चलता है। मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि अपने छोटे से काम से मैं इतिहास का हिस्सा बन गई हूं। शर्मिला ने कहा कि जिस तरह सिनेमा के सौ साल पूरा होना हर्ष की बात है उसी तरह यह उपाधि पाकर भी मैं बहुत खुश हूं।
शर्मिला को यह सम्मान यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट फॉर क्रिएटिव इंडस्ट्रीज द्वारा द स्कॉटिश सेंटर फॉर टैगोर स्टडीज के खोले जाने के महज महीने भर बाद ही दिया गया है। द स्कॉटिश सेंटर फॉर टैगोर स्टडीज संस्था भारतीय सभ्यता, शिक्षा, कला व साहित्य को प्रोत्साहित करने का काम करती है। अपने छह दशकों के करियर में शर्मिला नेशनल अवॉर्ड और कई फिल्म फेयर पुरस्कार भी पा चुकी हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर