क्रिसमस पर 'Alita' और 'Bumblebee' के बीच फंसा 'Zero', क्या करेंगे शाह रुख़?
एलिटा को जेम्स ने डायरेक्ट नहीं किया है, बल्कि वो इसके को-प्रोड्यूसर हैं। फ़िल्म को रॉबर्ट रॉड्रिग्ज़ ने डायरेक्ट किया है। एलिटा साइंस फिक्शन फ़िल्म है।
मुंबई। दिसम्बर में क्रिसमस के मौक़े पर शाह रुख़ ख़ान की फ़िल्म 'ज़ीरो' रिलीज़ होने वाली है। 'ज़ीरो' साल 2018 की मोस्ट एंटिसिपेटेड फ़िल्मों में शामिल है, लेकिन 'ज़ीरो' के लिए बॉक्स ऑफ़िस पर मुश्किलें बढ़ाने आ रही है 'एलिटा- बैटल एंजिल'। इस हॉलीवुड फ़िल्म के पीछे 'अवतार' जैसी फ़िल्म बनाने वाले विख्यात फ़िल्मकार जेम्स कैमरून हैं। अब आप समझ सकते हैं कि 'ज़ीरो' के लिए यह मुक़ाबला कितना कड़ा होने वाला है।
आनंद एल रॉय निर्देशित 'ज़ीरो' में शाह रुख़ एक बौने का किरदार निभा रहे हैं। फ़िल्म की कहानी को लेकर अभी कोई खुलासा नहीं हुआ है, मगर माना जा रहा है कि यह एक साइंस फिक्शन फ़िल्म हो सकती है। कटरीना कैफ़ और अनुष्का शर्मा फीमेल लीड में हैं। 'ज़ीरो' का टीज़र आप सभी देख चुके होंगे, जो काफ़ी दिलचस्प लग रहा है। 'ज़ीरो' के साथ 'एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' रिलीज़ हो रही है, जो पॉलिटिकल थ्रिलर है और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल को दिखाती है। हालांकि इस फ़िल्म से 'ज़ीरो' को कोई ख़तरा नहीं है। मगर, असली टक्कर हॉलीवुड से मिलने वाली है, क्योंकि जेम्स कैमरून की 'एलिटा- बैटल एंजिल' 21 दिसंबर को रिलीज़ के लिए निर्धारित है। 'टाइटैनिक' और 'अवतार' जैसी फ़िल्में दुनिया को देने वाले जेम्स कैमरून की फ़िल्मों का इंतज़ार दुनियाभर के सिनेप्रेमियों को रहता है।
'एलिटा' को जेम्स ने डायरेक्ट नहीं किया है, बल्कि वो इसके को-प्रोड्यूसर हैं। फ़िल्म को रॉबर्ट रॉड्रिग्ज़ ने डायरेक्ट किया है। 'एलिटा' साइंस फिक्शन फ़िल्म है, जिसकी ख़ासियत यह है कि इसकी हीरोइन एक सायबोर्ग है। एकेडमी अवॉर्ड विनर क्रिस्टोफर वॉल्टज़ फ़िल्म में अहम रोल में नज़र आएंगे। यह फ़िल्म पहले जुलाई में रिलीज़ होने वाली थी, मगर जेम्स के अवतार सीक्वल्स में बिज़ी होने की वजह से रिलीज़ दिसम्बर तक खिसका दी गयी। 'एलिटा' का ट्रेलर आप नीचे देख सकते हैं।
Watch the #Alita: Battle Angel trailer now and see the movie in theaters December 21. pic.twitter.com/2SfUtIvfzv — Alita: Battle Angel (@AlitaMovie) July 23, 2018
'एलिटा' के अलावा 'ज़ीरो' को एक और हॉलीवुड फ़िल्म से ख़तरा है, जो दिसम्बर में क्रिसमस के मौक़े पर रिलीज़ हो रही है। यह फ़िल्म है- Bumblebee। यह ट्रांस्फॉर्मर्स सीरीज़ की छठी फ़िल्म है। हालांकि कहानी के हिसाब से यह इस सीरीज़ की पहली फ़िल्म 'ट्रांस्फॉर्मर्स' का प्रीक्वल है। 'बम्बलबी' एक ऑटोबॉट है, जो एलियन है। धरती पर आने वाला यह पहला ऑटोबॉट है। फ़िल्म को ट्रेविस नाइट ने डायरेक्ट किया है, जबकि 'ट्रांस्फॉर्मर्स' सीरीज़ की पांचों फ़िल्मों के निर्देशक रहे माइकल बे इसे को-प्रोड्यूस कर रहे हैं। 'बम्बलबी' में WWE रेस्टर जॉन सीना भी एक अहम भूमिका में नज़र आएंगे।
Every adventure has a beginning. Watch the official teaser trailer for Bumblebee now, starring @HaileeSteinfeld and @JohnCena! See #BumblebeeMovie in theatres this Christmas. pic.twitter.com/BpmaVVxiv5 — Bumblebee (@bumblebeemovie) June 5, 2018
इस साल अभी तक जिस रफ़्तार से हॉलीवुड फ़िल्मों को घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर रिस्पांस मिला है, उसके मद्देनज़र ये दोनों फ़िल्में 'ज़ीरो' की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस साल अभी तक 9 बड़ी हॉलीवुड फ़िल्में रिलीज़ हुई हैं, जिनमें से अधिकतर ने बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छा प्रदर्शन किया है। पहले हाफ़ की सबसे सफल हॉलीवुड फ़िल्म 'एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर' है, जिसने 222.69 करोड़ का कलेक्शन किया। भारत में यह किसी हॉलीवुड फ़िल्म की सबसे अधिक कमाई है।
यह भी पढ़ें: Box Office पर साहेब के मिशन को इंपोसिबल करने आ रहे हैं टॉम क्रूज़
'जुरासिक वर्ल्ड फॉलेन किंगडम' ने भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर 122 करोड़ जमा किया है। 48.18 करोड़ का कलेक्शन करके 'डेडपूल2' प्लस में रही। ड्वेन जॉनसन की 'रैम्पेज' ने 26.50 करोड़ का बिज़नेस किया है। 'ब्लैक पैंथर' 38.10 जमा करके फ़ायदे में रही। हालांकि क्रिटिक्स की पसंद रही 'द पोस्ट' महज़ 4.17 करोड़ का कलेक्शन ही कर सकी और फ्लॉप रही। हाल ही में रिलीज़ हुईं 'इनक्रेडिबल्स 2', 'एंटमैन एंड द वास्प' और 'स्कायस्क्रैपर' भी ठीकठाक चली हैं। 'इनक्रेडिबल्स 2' ने लगभग 32 करोड़ जमा किये, जबकि 'एंटमैन एंड द वास्प' 30 करोड़ से अधिक जमा कर चुकी है। वहीं, 20 जुलाई को आयी 'स्कायस्क्रैपर' लगभग 6 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है।