'साहब बीवी और गैंगस्टर3' का पहला शेड्यूल पूरा, सलमान ख़ान के साथ संजय दत्त भी इस 'रेस' में
'साहब बीवी और गैंगस्टर' फ्रेंचाइजी की स्टारकास्ट में भी बदलाव होते रहे हैं। इस फ्रेंचाइजी की शुरुआत रणदीप हुड्डा, माही गिल और जिम्मी शेरगिल के साथ हुई थी।
मुंबई। बॉलीवुड में इस वक़्त सीक्वल्स का सीज़न चल रहा है। हर छोटी-बड़ी फ्रेंचाइजी का पार्ट2 या पार्ट3 आ रहा है। इनमें से कुछ की कहानी बदल जाती है, लेकिन मुख्य स्टार कास्ट वही रहती है, मगर कुछ ऐसी फ्रेंचाइजी भी हैं, जिनकी कहानी के साथ पूरी स्टार कास्ट ही बदल जाती है।
'साहब बीवी और गैंगस्टर' फ्रेंचाइजी की स्टारकास्ट में भी बदलाव होते रहे हैं। इस फ्रेंचाइजी की शुरुआत रणदीप हुड्डा, माही गिल और जिम्मी शेरगिल के साथ हुई थी। दूसरे भाग 'साहब बीवी और गैंगस्टर रिटर्न्स' में इरफ़ान ख़ान और सोहा अली ख़ान ने जिम्मी को ज्वाइन किया और अब तीसरे भाग की स्टारकास्ट पूरी तरह बदल गयी है। इसमें संजय दत्त और चित्रांगदा सिंह लीड रोल्स में हैं। फ़िल्म के पहले शेड्यूल की शूटिंग बीकानेर में चल रही थी, जो हाल ही में पूरा हुआ है।
यह भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन के 75वें जन्मदिन पर खेलिए केबीसी, 15 सवालों में 7 दशक का सफ़र
Finished our 1st schedule of Saheb Biwi and gangster 3 in Bikaner My first with Sanjay Dutt an amazing person full of surprises as an actor— Tigmanshu Dhulia (@dirtigmanshu) October 10, 2017
ऐसी ही सीक्वल्स में शामिल हो गयी है 'रेस3', जिसमें अब सलमान ख़ान लीड रोल में नज़र आएं और उनके साथ जैकलीन फ़र्नांडिस फ़ीमेल लीड रोल निभा रही हैं। 'रेस3' में जो इंटरेस्टिंग एंट्री हुई है, वो हैं बॉबी देओल, जो कुछ वक़्त पहले 'पोस्टर बॉयज़' में भी नज़र आये थे। 'रेस3' सलमान और बॉबी के लिए नई फ्रेंचाइजी है, लेकिन जैकलीन के लिए पुरानी। 'रेस2' का जैकलीन हिस्सा बन चुकी हैं। पहले दो भागों में लीड रोल सैफ़ अली ख़ान ने निभाये थे। 'रेस' में अक्षय खन्ना ने नेगेटिव रोल प्ले किया था, जबकि 'रेस2' में जॉन अब्राहम इस किरदार में दिखायी दिये थे।
यह भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन की 10 सालों में आयीं 5 फ़िल्में, 60 के बाद जानदार परफॉर्मेंस
'आशिक़ी' भी ऐसी ही फ्रेंचाइजी है, जिसकी स्टारकास्ट वक़्त के साथ बदलती रही है। नब्बे के दशक में इसकी शुरुआत राहुल रॉय और अनु अग्रवाल के साथ हुई थी। आशिक़ी को महेश भट्ट ने डायरेक्ट किया था। 2013 में इसका दूसरा भाग 'आशिक़ी2' आया, जिसमें आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर ने लीड रोल्स निभाये। अब मोहित सूरी 'आशिक़ी3' लेकर आ रहे हैं, जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा और आलिया भट्ट लीड रोल में आने वाले हैं।
यह भी पढ़ें: सुना है कि तू बेवफ़ा हो गया... इन 5 सितारों का अमिताभ बच्चन से रहा 36 का आंकड़ा
करण जौहर की 'स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर' से वरुण धवन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और आलिया भट्ट ने डेब्यू किया था। अब इसका सीक्वल आ रहा है, जिसे पुनीत मल्होत्रा डायरेक्ट कर रहे हैं। इस फ़िल्म में टाइगर श्रॉफ़ और चंकी पांडे की बेटी अनन्या पांडे के लीड स्टारकास्ट में शामिल होने की ख़बर है। 'जूली2' की स्टारकास्ट भी पूरी तरह बदल गयी है। जूली में जहां नेहा धूपिया ने फ़ीमेल लीड रोल निभाया था, वहीं 'जूली2' में राय लक्ष्मी लीड रोल में हैं।