'धुरंधर ने सत्यानाश कर दिया...', पुराने गानों का इस्तेमाल करने पर भड़के Sameer Anjaan, बोले- 'गाना कहां है?'
गीतकार समीर अंजान (Sameer Anjaan) ने धुरंधर (Dhurandhar) में पुराने गानों को शामिल करने पर अपना गुस्सा जाहिर किया है।

धुरंधर पर भड़के समीर अंजान। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम
HighLights
समीर अंजान ने की धुरंधर की आलोचना
धुरंधर में पुराने गानों के इस्तेमाल पर भड़के समीर
सही संगीत को बढ़ावा न देने पर भी निकाली भड़ास
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। आदित्य धर की धुरंधर (Dhurandhar) और धुरंधर द रिवेंज (Dhurandhar The Revenge) बॉक्स ऑफिस सफलता के साथ-साथ गानों को लेकर भी काफी चर्चा में रही है। फिल्म में पुराने गानों का इस्तेमाल किया गया था।
अब समीर अंजान ने धुरंधर में पुराने गानों का इस्तेमाल किए जाने पर नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि धुरंधर में पुराने गानों का इस्तेमाल करके सत्यानाश कर दिया है।
धुरंधर पर भड़के समीर अंजान
कोमल नाहटा के साथ बातचीत में समीर अंजान ने पुराने गानों का इस्तेमाल करने के लिए धुरंधर की आलोचना की। उनका कहना है कि पुराने गानों को गलत संदर्भ में इस्तेमाल किया गया है। गीतकार ने कहा, "'धुरंधर' जैसी फिल्मों ने हालात और खराब कर दिए हैं। सत्यानाश कर दिया। उन्होंने संगीत उठाया और उसे बैकग्राउंड में डाल दिया।"
गलत तरह से रीयूज करने पर दिखाई नाराजगी
समीर अंजान ने आगे कहा, "'चौहान' के ट्रेलर में वे एक्शन सीन के दौरान 'जुम्मा चुम्मा' बजा रहे हैं। उन्होंने गोलीबारी के दौरान मेरे गाने को रीक्रिएट किया। गाना कहां है? मेरे पिता की इंडस्ट्री तो है नहीं कि मैं उन्हें रोक सकूं। लेकिन यह तब तक चलता रहेगा जब तक वे सब कुछ बर्बाद न कर दें और फिर कुछ न बचे।"

सही संगीत को बढ़ावा न देने पर जताई नाराजगी
समीर ने कहा कि उन्हें आदित्य चोपड़ा और करण जौहर जैसे बड़े बैनर्स से ज्यादा निराशा हुई, क्योंकि वे पहले अच्छे संगीत को बढ़ावा देते थे। उन्होंने कहा कि अब मेकर्स अच्छे संगीत पर ध्यान नहीं देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गानों को रीक्रिएट करने में दिक्कत नहीं लेकिन ओरिजिनल गाने को खराब करना सही नहीं है।
धुरंधर में पुराने गाने
आपको बता दें कि रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर और धुरंधर द रिवेंज में कई पुराने गानों का इस्तेमाल किया गया था जिसमें 'ना तो कारवां की तलाश है', 'रंबा हो', 'ये इश्क इश्क' और 'मोनिका' जैसे गाने शामिल हैं।
