अपनी फ़िल्मों की आलोचना पर भड़के Salman Khan, क्रिटिक्स को लेकर बोल दी यह बड़ी बात...
Salman Khan lashes out at critics सलमान की अब दबंग 3 रिलीज़ होगी जो इसी साल क्रिसमस के मौक़े पर आ रही है। दबंग एक कामयाब सीरीज़ है।
नई दिल्ली, जेएनएन। सलमान ख़ान ने एक बार फिर फ़िल्म समीक्षकों पर अपनी भड़ास निकाली है। एक फ़िल्म मैगज़ीन को दिये गये इंटरव्यू में सलमान ने कहा कि उन्हें समीक्षकों की रेटिंग से कोई फ़र्क नहीं पड़ता।
सलमान ख़ान की फ़िल्मों को वैसे भी क्रिटिक प्रूफ कहा जाता है। समीक्षक चाहे जितन रेटिंग दें, सलमान की फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छी कमाई कर ही लेती हैं। उनकी लेटेस्ट फ़िल्म भारत ने बॉक्स ऑफ़िस पर 200 करोड़ से अधिक कलेक्शन किया। फ़िल्मफेयर को दिये इंटरव्यू में सलमान से इस बारे में पूछा गया कि उनकी फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर अच्छा प्रदर्शन करती हैं। इसके बावजूद उनकी आलोचना की जाती है। इस पर दबंग ख़ान ने कहा कि उनकी फ़िल्मों को लेकर कोई क्या कह रहा है, इससे उनको फ़र्क नहीं पड़ता। कुछ लोग उनकी फ़िल्म को 5 स्टार देते हैं तो कुछ की रेटिंग माइनस में चली जाती है। सलमान ने आगे कहा कि इन लोगों ने ख़ुद तो कभी कोई फ़िल्म बनायी नहीं। जिसने बनाई वो बुरी तरह पिटीं। समीक्षक जो चाहे लिख सकते हैं, लेकिन लापरवाह ना बनें और किसी का मज़ाक ना उड़ायें। दर्शकों को यह तय करने दें। कम से कम उन्हें सिनेमाघरों में तो जाने दें।
बता दें कि सलमान ख़ान की फ़िल्मों की अक्सर उसके कंटेंट के लिए आलोचना की जाती रही है। मगर, सलमान बॉक्स ऑफ़िस के ज़रिए उन्हें जवाब देते रहे हैं। सलमान की अब दबंग 3 रिलीज़ होगी, जो इसी साल क्रिसमस के मौक़े पर आ रही है। दबंग एक कामयाब सीरीज़ है, जिसमें सलमान पुलिस अफ़सर के किरदार में नज़र आते हैं।