Mika Singh को मिली पाकिस्तान में गाना गाने की सजा, Salman Khan नहीं करेंगे साथ में परफॉर्म
Salman Khan And Mika Singh Show सलमान खान अब मीका सिंह के साथ अमेरिका में परफॉर्म करते नजर नहीं आएंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। पाकिस्तान में परफॉर्म करना सिंगर माकी सिंह के लिए भारी पड़ गया है। पहले FWICE की ओर से उनपर बैन लगा दिया था उसके बाद उन्हें मांफी मांगनी पड़ी, लेकिन अभी भी उनकी मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। मीका सिंह ने भले ही इसके लिए माफी मांग ली है, लेकिन उनके साथी कलाकार उनके साथ काम करने को तैयार नहीं है। जी हां, बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने भी मीका सिंह से किनारा कर लिया है।
दरअसल, सलमान खान अमेरिका में एक इवेंट करने वाले हैं, जिसके लिए कहा जा रहा था कि मीका सिंह भी उनके साथ परफॉर्म करेंगे। हालांकि, अब खबरें आ रही हैं कि उस इवेंट से मीका सिंह का नाम हटा दिया गया है। डेक्कन क्रॉनिकल ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि सलमान ने इस इवेंट में मीका सिंह के साथ परफॉर्म नहीं करने का फैसला किया है। वैसे मीका सिंह सलमान के कई हिट गाने गा चुके हैं।
पहले भी सलमान खान के इवेंट करवाने वाली कंपनी ने कहा था कि मीका सिंह को बुलाया गया है, लेकिन सलमान उनके साथ परफॉर्म नहीं करेंगे। अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, सलमान के करीबी का कहना है, 'आज के वक्त में आप बिना 'पॉलिटिकली करेक्ट' हुए कोई स्टार या सेलिब्रिटी नहीं बन सकते हैं। मीका ने भले ही पाकिस्तान में परफॉर्म करने पर माफी मांग ली है, लेकिन वह भीतरी तौर पर वैसे ही हैं। क्योंकि उन्होंने पाकिस्तान में जाकर परफॉर्म किया और देश की भावनाओं को आहत किया।'
दरअसल, जब मीका सिंह पर बैन लगाया गया था तो कहा गया था कि अगर कोई मीका सिंह के साथ काम भी करेगा, तो उस पर भी बैन लगा दिया जाएगा। उसके बाद मीका के पक्ष में भी कई सेलेब्रिटी सामने आए। हाल ही में शिल्पा शिंदे ने भी कहा कि फेडरेशन ने बैन लगाकर यह गलत किया है, जबकि उन्हें मीका सिंह पर गर्व होना चाहिए, क्योंकि पाकिस्तान में अच्छे सिंगर होने के बाद भी मीका सिंह को बुलाया गया है।
बता दें कि मीका सिंह का पाकिस्तान में पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ के एक रिश्तेदार की शादी में परफॉर्म करने का वीडियो सामने आया था। इसके बाद मीका सिंह की आलोचना हुई। मीका सिंह का यह वीडियो उस वक्त सामने आया था जब आर्टिकल 370 को लेकर भारत-पाकिस्तान के बीच तल्खी का माहौल था।