क्या सलमान के सिर चढ़कर बोल रहा है सफलता का नशा
फिल्म 'लव यू फैमिली' में शक्ति कपूर और मनोज जोशी भी हैं जो कि 9 जून को रिलीज़ हो रही है।
रुपेशकुमार गुप्ता, मुंबई। फिल्म एक्टर बनने जा रहे 'डांस इंडिया डांस 1' के विजेता सलमान युसूफ खान को देखकर लगता है कि सफलता का नशा उनके सिर चढ़कर बोल रहा है। खास बात यह है कि अभी तक उनकी नई फिल्म 'लव यू फैमिली' रिलीज़ भी नहीं हुई है और उनके तेवर तो किसी सुपरस्टार से कम नहीं हैं।
'डांस इंडिया डांस 1' रिएलिटी शो को जीतकर रातों रात प्रसिद्ध हुए डांसर और कोरिओग्राफर सलमान युसूफ खान शायद सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। इसके चलते उन्होंने अभी से अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं। दरअसल उनकी नई फिल्म 'लव यू फैमिली' आने वाली है। सलमान ने इस फिल्म का अभी तक एक भी बार खुलकर प्रमोशन नहीं किया है। इसके चलते फिल्म के निर्माता विपुल देवानी नाराज भी हो गए हैं। विपुल देवानी कहते हैं, ''सलमान युसूफ खान हमारी फिल्म के म्यूजिक लॉन्च पर नहीं आए। खास बात यह है कि हमने उनके बिजनेस मैनेजर को बहुत पहले ही बता दिया था और कई बार प्रमोशन में आने की रिक्वेस्ट भी की थी, लेकिन इसका कोई परिणाम नहीं निकला।''
यह भी पढ़ें: अमीषा ने गरीबों को खाना खिलाकर मनाया जन्मदिन और भगवान शिव से की ये कामना
इतना ही नहीं विपुल देवानी ने सलमान युसूफ खान के मैनेजर पर फिल्म के प्रमोशन के लिए 15 लाख रूपये मांगने की भी बात कही। इसके अलावा विपुल ने यह भी आरोप लगाया कि सलमान के मैनेजर ने यह भी कहा है कि जब तक पैसे नहीं मिलेंगे तब तक फिल्म का प्रमोशन सलमान नहीं करेंगे। फिल्म 'लव यू फैमिली' में शक्ति कपूर और मनोज जोशी भी हैं। फिल्म 9 जून को रिलीज़ हो रही है। फिल्म का निर्देशन सचिन्द्र शर्मा ने किया है।