आशा भोंसले ने ऋषि कपूर को देखा और कहा- हमने तुमको देखा...
ऋषि कपूर तुरंत अपनी सीट छोड़कर आशा के पास आये। उनके पैर छुए और आशा के साथ माइक थाम लिया। फिर दोनों ने मिलकर इस गाने के कुछ बोल गाए।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। आशा भोंसले का यही अंदाज तो उन्हें औरों से जुदा कर देता है। उनके चेहरे की सदाबहार मुस्कान दिल में गहरे तक उतर जाती है। किसी भी समारोह में अगर उनका हंसता हुआ नूरानी चेहरा नज़र आ जाये, तो शो की शान बढ़ जाती है। कुछ ऐसा ही स्टारडस्ट अवार्ड समारोह में भी हुआ, जब आशा भोंसले ने अपनी शरारती अंदाज़ से सबको मोहित कर दिया।
हुआ यह कि होस्ट मनीष पॉल ने आशा ताई से कहा कि वो हमने तुमको देखा...गाने की कुछ पंक्तियां गुनगुना दें।बस फिर क्या था आशा ने माइक थामा और अपने दिलकश अंदाज़ में उन्होंने यह गाना गाना शुरू कर दिया। गाते-गाते उन्होंने ऋषि कपूर की तरफ इशारा किया और कहा कि वो रहा मेरा हीरो, क्योंकि यह गाना ऋषि कपूर पर ही फिल्माया गया है। ऋषि कपूर तुरंत अपनी सीट छोड़कर आशा के पास आये। उनके पैर छुए और आशा के साथ माइक थाम लिया। फिर दोनों ने मिलकर इस गाने के कुछ बोल गाए और इस शाम को एक यादगार शाम बना दिया।
इसे भी पढ़ें- सलमान ख़ान की फ़िल्म में लीड रोल निभाना अक्षय के लिए नई शुरुआत
आॅडिएंस के लिए भी यह नज़ारा विजुअल ट्रीट की तरह था। अवॉर्ड शो में शाम की मस्ती और आशा के सुरों ने ऐसा समां बांधा कि सुनने वाले भी इसमें खो गए। कलर्स पर इस अवॉर्ड शो का प्रसारण 8 जनवरी को होगा।