रीगल की विदाई पर यादों में खोए ऋषि कपूर, फ़ैमिली का रहा है गहरा रिश्ता
पृथ्वीराज रीगल थिएटर में प्ले करने आते थे, तो राज कपूर अपनी सभी फ़िल्मों के प्रीमियर रीगल में ही करते थे। अनुष्का की फिल्लौरी रीगल में दिखाई जाने वाली आख़िरी फ़िल्म बन गई है।
मुंबई। दिल्ली का आइकॉनिक रीगल थिएटर आज से हमेशा के लिए बंद हो रहा है। इस थिएटर से कपूर फ़ैमिली की कई यादें जुड़ी हुई हैं। ऋषि कपूर इन यादों को साझा करते हुए रीगल को अलविदा कहा है।
दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाक़े में स्थित रीगल थिएटर का पर्दा आज हमेशा के लिए गिर जाएगा। हिंदी सिनेमा के कई अहम पड़ाव का गवाह रहा है रीगल। ख़ासकर, कपूर फ़ैमिली ने इस सिनेमाघर की यादें काफी संजोकर रखी हैं, जो पृथ्वीराज कपूर से भी जुड़ी हैं। इसीलिए रीगल के आख़िरी दिन राज कपूर की दो क्लासिक फ़िल्मों मेरा नाम जोकर और संगम के दो शो रखे गए हैं। ऋषि कपूर का इस थिएटर से भावनात्मक लगाव इसलिए भी है, क्योंकि उनकी बतौर हीरो पहली फ़िल्म बॉबी का प्रीमियर भी रीगल में हुआ था। इसीलिए ऋषि ने रीगल को अलविदा कहा है-
इसे भी पढ़ें- फ़िल्मों के बहाने नदियों को जोड़ रहे हैं अक्षय कुमार
Demolish.Adios Regal Theatre,Delhi.A place where all the Kapoor's theatre and cinema work was seen.Had"Bobby"premiered there too! Thank you! pic.twitter.com/cpMhE5kLhS— Rishi Kapoor (@chintskap) March 30, 2017
रीगल को आर्किटेक्ट वॉल्टर जॉर्ज ने डिज़ाइन किया था और 1932 में इसकी शुरुआत हुई थी। पीटीआई से बातचीत में इसके स्वामी विशाल चौधरी ने कहा, ''रीगल का पृथ्वीराज कपूर और उनके बेटे राज कपूर के साथ गहरा संबंध रहा है। पृथ्वीराज रीगल थिएटर में प्ले करने आते थे, तो राज कपूर अपनी सभी फ़िल्मों के प्रीमियर रीगल में ही करते थे। अनुष्का शर्मा की फिल्लौरी रीगल में दिखाई जाने वाली आख़िरी फ़िल्म बन गई है।