निधन से एक रात पहले का ऋषि कपूर का वीडियो आया सामने, गाना सुनाने वाले को दिया ये आशीर्वाद
ऋषि कपूर का एक बेहद इमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो रहा है। वीडियो में ऋषि कपूर अस्पताल के बेड पर लेटे दिख रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने वाले एक्टर ऋषि कपूर अब हमारे बीच नहीं रहे। आज ऋषि कपूर पंचतत्व में विलीन हो गए। उन्होंने सुबह 8:45 बजे मुंबई के एच.एन अस्पताल में अंतिम सांसें ली थी। ऋषि कपूर को अंतिम संस्कार शाम चार बजे मुंबई के चंदनवाड़ी शवदाह गृह में किया गया। उनके अंतिम संस्कार की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आ चुकी हैं। ये तस्वीरें उनके फैंस को भावुक कर देने वाली हैं। उनके निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूबी हुई है। लॉकडाउन होने की वजह से केवल 24 लोगों को ही ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार में शामिल होने की इजाज़त मिली। इसी बीच ऋषि कपूर का हॉस्पिटल का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें एक स्टाफ़ गाना गा रहा है और ऋषि कपूर उसे आशीर्वाद देते नज़र आ रहे हैं।
इस वीडियो को मुरली लालवानी नाम की एक मुंबई की राइटर, डायरेक्टर के फेसबुक एकाउंट से शेयर किया गया है। इस वीडियो को बीती रात का वीडियो बताया जा रहा है। इस वीडियो में ऋषि कपूर अस्पताल के बेड पर लेटे दिख रहे हैं। हालांकि वायरल हो रहा ये वीडियो उनका आखिरी वीडियो है या नहीं इस बात की अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
ऋषि कपूर इस वीडियो में अस्पताल के बेड पर लेटे हैं और उनके बगल में खड़ा एक शख्स गाना गाकर सुना रहा है.... 'तेरे दर्द से दिल आबाद रहा'.. वहीं ऋषि कपूर भी इस गाने का एंजॉय करते दिख रहे हैंं। ऋषि कपूर उसका गाना सुनकर भावुक होते नजर आ रहे हैं।
इसे वह कहते हैं, 'मेरा आशीर्वाद तुम्हारे साथ है। खूब सफलता प्राप्त करो, मेहनत करो। देखो शोहरत.. नाम ये सब आता है मेहनत के बाद। जब मेहनत और थोड़ी किस्मत साथ देगी तो फल अपने आप पेड़ों पर लगेंगे.. बस यही करना था।' इस वीडियो को शेयर करते हुए इसके कैप्शन में गाना सुनाने वाले इस शख्स बताया गया है।