Ranbir Kapoor के कोविड-19 संक्रमित होने के बाद आलिया भट्ट ने लिखी यह पोस्ट, परिवार-दोस्तों ने मांगी जल्द सेहतमंदी की दुआ
नीतू की पोस्ट पर अनुपम खेर ने कमेंट किया कि वो एक रॉकस्टार हैं। वहीं बिपाशा ने जल्द ठीक होने की कामना की। बिपाशा रणबीर के साथ बचना ऐ हसीनों में काम कर चुकी हैं। करिश्मा कपूर और रिद्धिमा कपूर साहनी ने भी भाई के लिए अपना प्यार जताया।
नई दिल्ली, जेएनएन। रणबीर कपूर के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि होने के बाद कई सेलेब्स ने उनके जल्द सेहतमंद होने की कामना की है। रणबीर की मॉम नीतू कपूर ने मंगलवार को सोशल मीडिया के ज़रिए सूचना दी कि वो कोविड-19 की चपेट में आ गये हैं।
नीतू ने बताया कि रणबीर का इलाज शुरू हो गया है और वो रिकवर कर रहे हैं। नीतू ने यह भी जानकारी दी कि रणबीर घर पर ही सेल्फ़ क्वारंटाइन में हैं और सभी सावधानियां बरत रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, रणबीर ब्रह्मास्त्र के सेट पर कोविड-19 संक्रमित हुए हैं। इस फ़िल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी कर रहे हैं। रियल लाइफ़ में रणबीर की गर्लफ्रेंड आलिया भट्ट फ़िल्म की लीड कास्ट का हिस्सा हैं। रणबीर के पॉज़िटिव होने के बाद आलिया ने अपनी इंस्टा स्टोरी में लिखा- हम जिस दौर से गुज़रते हैं, उसी से समझदार होते हैं।
नीतू ने इंस्टाग्राम पर यह पोस्ट की, जिसके बाद रणबीर को जल्द ठीक होने की कामना करते हुए कई सेलेब्स ने कमेंट किये। आलिया भट्ट की मां सोनी राज़दान ने नीतू की पोस्ट पर दिल की इमोजी बनाकर प्यार ज़ाहिर किया। यहां बता दें, रिपोर्ट्स के अनुसार आलिया का कोविड-19 टेस्टे नेगेटिव आया है, पर वो भी फ़िलहाल सेल्फ़ क्वारंटाइन में हैं। वहीं, आलिया की फ़िल्म गंगूबाई काठियावाड़ी के निर्देशक संजय लीला भंसाली कोविड-19 संक्रमित पाये गये हैं। गंगूबाई काठियावाड़ी में अजय देवगन भी हैं, जो पिछले दिनों संजय के साथ फ़िल्म की शूटिंग कर रहे थे।
नीतू की पोस्ट पर अनुपम खेर ने कमेंट किया कि वो एक रॉकस्टार हैं। वहीं, बिपाशा ने जल्द ठीक होने की कामना की। बिपाशा, रणबीर के साथ बचना ऐ हसीनों में काम कर चुकी हैं। करिश्मा कपूर और रिद्धिमा कपूर साहनी ने भी भाई के लिए अपना प्यार जताया। वहीं, रणबीर के कई फैंस और फॉलोअर्स ने भी एक्टर को गेट वेल सून कहा।
अभी हाल ही में आलिया भट्ट ने ब्रह्मास्त्र के सेट से एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें रणबीर और आलिया निर्देशक अयान मुखर्जी के साथ नज़र आ रहे हैं। तीनों मां काली की एक विशाल प्रतिमा के सामने मौजूद थे।