ब्रेन स्ट्रोक के बाद 19 दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं राहुल रॉय, फोटो शेयर कर दिया हेल्थ अपडेट
Rahul Roy Health Update कारगिल में डिजिटल फ़िल्म LAC- Live The Battle की शूटिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ। स्ट्रोक से उनके बोलने की शक्ति प्रभावित हुई। राहुल की कंडीशन को एफेसिया कहा जाता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड के आशिक़ी फेम एक्टर राहुल रॉय ब्रेन स्ट्रोक की वजह से पिछले 19 दिनों से मुंबई के अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। राहुल सोशल मीडिया के ज़रिए फैंस को लगातार तबीयत का अपडेट दे रहे हैं। राहुल ने इंस्टाग्राम पर ताज़ा तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वो अस्पताल के बेड पर नाश्ता करते नज़र आ रहे हैं।
इस तस्वीर में राहुल पहले के मुकाबले काफ़ी ठीक दिख रहे हैं। उनके चेहरे पर चमक लौट रही है। मंगलवार को पोस्ट की गयीअस् तस्वीर के साथ राहुल ने लिखा- अस्पताल में 19वां दिन। ब्रेकफास्ट का आनंद लिया। सेहतमंद होने के रास्ते पर। डॉक्टर्स और बहन प्रियंका रॉय मुझे सख्त डाइट पर रखे हुए हैं। आप सबको बहुत प्यार, राहुल रॉय। राहुल की फोटो पर सुनील शेट्टी ने प्यार जताया। वहीं फैंस ने जल्द ठीक होने की दुआ की।
एलएसी की शूटिंग के दौरान हुआ ब्रेन स्ट्रोक
राहुल रॉय कारगिल में डिजिटल फ़िल्म LAC- Live The Battle की शूटिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ। स्ट्रोक से उनके बोलने की शक्ति प्रभावित हुई। राहुल की कंडीशन को एफेसिया कहा जाता है, जिसमें व्यक्ति के बोलने, लिखने और भाषाओं को समझने की क्षमता प्रभावित होती है। आम तौर पर ऐसा सिर में चोट लगने की वजह से होता है। राहुल के साथ फ़िल्म में काम कर रहे निशांत सिंह मलकानी ने बताया था कि राहुल की तबीयत कुछ ढीली लग रही थी और फिर अचानक हमने महसूस किया कि वो अपने संवाद ठीक से बोल नहीं पा रहे। ऐसा नहीं थी कि वो भूल गये हों, बल्कि शब्दों को मिलाकर वाक्य नहीं बना पा रहे थे। शाम तक, उनका व्यवहार बदलने लगा और हमें एहसास हुआ कि कुछ ठीक नहीं है।
इस बीच राहुल के बहनोई रोमीर सेन ने एक्टर के ब्रेन स्ट्रोक को लेकर दावा किया कि फ़िल्ममेकर्स की लापरवाही की वजह से राहुल को ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, जिसका खुलासा जल्द ही किया जाएगा। मुंबई मिरर के दिए इंटरव्यू में रोमीर ने कहा, ‘राहुल को घर नहीं लाया गया है, बल्कि उन्हें Wockhardt हॉस्पिटल में एडमिट करवा दिया गया है। उनकी फिजियोथेरेपी और स्पीच थेरेपी चल रही है, लेकिन उन्हें पूरी तरह ठीक होने में अभी वक्त लगेगा’।