प्रियंका चोपड़ा की ख़ुशियों पर लगा ब्रेक, सहना पड़ा इनकी जुदाई का ग़म
अमेरिकन सिंगर निक जोनास के साथ इंगेजमेंट को लेकर भी प्रियंका अक्सर सुर्खियों में रहती है। बहुत जल्द दोनों के शादी करने की ख़बरें भी गॉसिप कॉलम्स में छायी रहती हैं।
मुंबई। प्रियंका चोपड़ा के लिए हॉलीवुड के दरवाज़े खोलने वाले टीवी शो क्वांटिको का पर्दा गिर गया है और एलेक्स पैरिश के किरदार को अलविदा कह दिया है। विदाई के इस लम्हे पर प्रियंका थोड़ा इमोशनल हो गयीं और शो के लिए अपने जज़्बात उन्होंने सोशल मीडिया में बयां किये हैं।
क्वांटिको के तीसरे सीज़न का फ़िनाले एपिसोड अमेरिकन टीवी चैनल पर 3 अगस्त की रात प्रसारित हुआ और इसी के साथ शो का पर्दा गिर गया। भावुक प्रियंका ने सोशल मीडिया में छोटा सा नोट लिखकर एफबीआई एजेंट एलेक्स पैरिश को विदाई दी और सभी का शुक्रिया अदा किया। प्रियंका ने लिखा-
''सीज़न के ख़ात्मे के साथ मैं एलेक्स पैरिश को अलविदा कह रही हूं। उसकी कहानी पूरी हो गयी है, और कलाकार होने के नाते यह बेस्ट फीलिंग है। एलेक्स को पर्दे पर निभाना मेरे लिए शारीरिक और भावनात्मक रूप से सबसे मुश्किल चुनौती थी, लेकिन उससे ज़रूरी बात यह है कि इसने महिला कलाकारों के लिए मुख्य किरदार निभाने के दरवाज़े खोल दिये।प्रियंका इसके बाद अमेरिकन दर्शकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहती हैं कि हर हफ़्ते अपने दिल और दरवाज़े खोलने के लिए आपका शुक्रिया। क्वांटिको की कास्ट और क्रू का शुक्रिया, जिसने एक शानदार टीम की तरह मेरे साथ काम किया। इस दौरान जो मस्ती की, सीखा और नये दोस्त बने, उनकी यादें जीवनभर साथ रहेंगी। सभी के साथ काम करना सुखद अनुभव रहा और दोबारा साथ काम करने का इंतज़ार है।''
हॉलीवुड में पांव जमाने का सपना आंखों में लेकर निकलीं प्रियंका चोपड़ा के करियर का बेहद अहम पड़ाव क्वांटिको है। एक अमेरिकन एक्शन थ्रिलर सीरीज़ में मुख्य भूमिका मिलना प्रियंका के लिए बड़ी बात थी। इस शो ने उन्हें ग्लोबल सेलेब्रिटी के रूप में पहचान दी है। 22 एपिसोड्स का पहला सीज़न 27 सितंबर 2015 को प्रसारित होना शुरू हुआ था जो 15 मई 2015 तक चला। 22 एपिसोड्स का दूसरा सीज़न 25 सितंबर 2016 को शुरू हुआ जो 15 मई 2017 तक चला।
तीसरा सीज़न 26 अप्रैल 2018 को प्रसारित होना शुरू हुआ, मगर इस बार मेकर्स ने इसे 13 एपिसोड्स में ही समेट दिया और 3 अगस्त 2018 को सीज़न का फ़िनाले एपिसोड आया। क्वांटिको के लिए प्रियंका को दो बार पीपुल्स च्वाइस अवॉर्ड भी मिले। प्रियंका इसके अलावा हॉलीवुड फ़िल्मों 'बेवॉच' और 'अ किड लाइक जेक' में काम कर चुकी हैं। एक और हॉलीवुड फ़िल्म 'इज़ इंट इट रोमांटिक' की शूटिंग उन्होंने हाल ही में पूरी की। 'गार्जियंस ऑफ़ गैलेक्सी' स्टार क्रिस प्रैट के साथ प्रियंका ने फीमेल लीड में फ़िल्म 'निंजा काउबॉय वाइकिंग' साइन की है, जिसके लिए उन्होंने सलमान ख़ान की 'भारत' छोड़ी है। अलबत्ता, फ़रहान अख़्तर के साथ वो 'स्काय इज़ पिंक' में नज़र आएंगी।
इसके अलावा अमेरिकन सिंगर निक जोनास के साथ इंगेजमेंट को लेकर भी प्रियंका अक्सर सुर्खियों में रहती है। बहुत जल्द दोनों के शादी करने की ख़बरें भी गॉसिप कॉलम्स में छायी रहती हैं।