Oscar Nominations कल, प्रियंका चोपड़ा का होगा इस बार ऐसा कनेक्शन
प्रियंका चोपड़ा की हाल ही में एक तस्वीर काफ़ी वायरल हुई थी, जिसमें वो अपने को-स्टार एलन पॉवेल को किस कर रहीं थीं ।
मुंबई। देसी गर्ल से अब हॉलीवुड वाली हो चुकीं प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर ऑस्कर्स का हिस्सा बनने जा रही हैं। प्रियंका मंगलवार को होने वाले 90वें एकेडमी अवार्ड्स (ऑस्कर) नॉमिनेशन की घोषणा करेंगी।
प्रियंका चोपड़ा का ये दूसरा ऑस्कर दौरा होगा। पिछले साल वो ऑस्कर समारोह में रेड कार्पेट पर नज़र आई थीं और उनके गाउन की जबरदस्त तारीफ़ की गई थी। प्रियंका इस बार नॉमिनेशन लिस्ट की घोषणा करने वाले सितारों की टीम में हैं। एकेडमी अवॉर्डस के आयोजकों ने इसकी घोषणा की है। ये नॉमिनेशन मंगलवार को वहां के समयानुसार पांच बजकर 22 मिनट पर घोषित होंगे। प्रियंका के साथ मिशेल रॉडरिग्ज, रिबेल विल्सन, मिशेल योह और रोजारिया डॉसन जैसे हॉलीवुड के बड़े सितारे इस घोषणा में शामिल होगे। इसके लिए बाकायदा बिहाइंड द सीन भी शूट किये गए हैं। प्रियंका इन दिनों न्यूयॉर्क में अपने टीवी शो क्वांटिको की शूटिंग कर रही हैं। इस शो के दो सीज़न आ चुके हैं और तीसरा अप्रैल में आने वाला है। उनकी दो हॉलीवुड फिल्में अ किड लाइक जैक और इजंट इट रोमांटिक भी जल्द आने वाली हैं।
बॉलीवुड के बाद अब हॉलीवुड में भी पहचान बना चुकी प्रियंका चोपड़ा की हाल ही में एक तस्वीर काफ़ी वायरल हुई थी, जिसमें वो अपने को-स्टार एलन पॉवेल को किस कर रहीं थीं । जब प्रियंका चोपड़ा ऐसा कर रही थीं तो ये सीन कैमरे में कैद हो गया और अब यह तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो गई। ये क्वांटिको 3 की शूटिंग का हिस्सा था।