विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 30, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

MS Dhoni से lagaan तक क्रिकेट पर खूब बनी फिल्में, कई ने तोड़े रिकॉर्ड

By Nazneen AhmedEdited By:
Published: Sat, 30 Mar 2019 06:14 PM (IST)

इन दिनों खेलप्रेमी आईपीएल की खुमारी में डूबे हैं। हालात ये है कि कई शहरों में शाम को क्रिकेट मैच शुरू होते ही सड़कों पर सन्नाटा होने लगता है।

MS Dhoni से lagaan तक क्रिकेट पर खूब बनी फिल्में, कई ने तोड़े रिकॉर्ड
MS Dhoni से lagaan तक क्रिकेट पर खूब बनी फिल्में, कई ने तोड़े रिकॉर्ड

इन दिनों खेलप्रेमी आईपीएल की खुमारी में डूबे हैं। हालात ये है कि कई शहरों में शाम को क्रिकेट मैच शुरू होते ही सड़कों पर सन्नाटा होने लगता है। रविवार को दो मैच होने के चलते कई जगह तो खेलप्रेमी काम जल्दी खत्म कर टीवी के सामने बैठ जाते हैं। लोगों के बीच क्रिकेट की इस दीवानगी को भुनाने में बॉलीवुड कभी पीछे नहीं रहा है। अब तक क्रिकेट पर केंद्रित कई फिल्में आ चुकी हैं और ज्यादातर फिल्मेंं हिट रही हैं। कई ने तो कीर्तिमान गढ़े हैं। कुछ फिल्मों के सीक्वल भी आने वाले हैं। आज हम ऐसी ही टॉप फिल्मों के बारे में आपको बताएंगे।

एमएस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी

क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर केंद्रित फिल्म एमएस धोनी: द अनटोल्डे स्टोरी बेहद लोकप्रिय साबित हुई। साल 2016 में रिलीज हुई ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 216 करोड़ रुपये की कमाई की थी। नीरज पांडेय द्वारा निर्देशित इस फिल्मि में सुशांत राजपूत ने एमएस धौनी का किरदार निभाया है। इस फिल्म के गाने भी खासे सुपरहिट रहे थे। 

लगान

लगान आशुतोष गोवरिकर की मास्टारपीस फिल्म मानी जाती है। क्रिकेट पर केंद्रित यह फिल्म बेहद लोकप्रिय हुई और बॉक्स ऑफिस के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। फिल्म में आजादी से पहले का घटनाक्रम दिखाया गया है। दोगुना लगान माफ कराने के लिए किसान अंग्रेजों से क्रिकेट मैच खेलते हैं। किसानों के क्रिकेट सीखने से लेकर अंग्रेजों से मैच जीतने के संघर्ष की यह कहानी सिनेमा प्रेमी खूब पसंद करते हैं। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस समेत लोकप्रियता में झंडे गाड़ दिए। आमिर खान और ग्रेसी सिंह ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं। ग्रेसी सिंह की यह डेब्यू फिल्म थी।

इकबाल

इकबाल फिल्म क्रिकेटर बनने का सपना पालने वाले एक गूंगे युवक के संघर्ष पर केंद्रित है। श्रेयस तलपड़े का किरदार इकबाल में क्रिकेट का गजब टैलेंट है। वह भारतीय टीम में तेज गेंदबाज की भूमिका में क्रिकेट खेलने की इच्छा रखता है। गूंगा होने की वजह से इकबाल के पिता उसके इस शौक से गुस्सा रहते हैं। हालांकि, इकबाल की छोटी बहन उसे क्रिकेटर बनने में हरसंभव मदद करती। भारतीय टीम का हिस्सा बनने के लिए इकबाल के संघर्ष को इस फिल्म में बखूबी पेश किया गया है। 2005 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन और लेखन और नागेश कुकुनूर ने किया है। श्रेयस तलपड़े, नसीरुद्दीन शाह, गिरीश करनाड आदि ने फिल्‍म में मुख्य किरदार निभाए हैं।

जन्नत

क्रिकेट में होने वाली सट्टेबाजी पर केंद्रित यह फिल्म इमरान हाशिमी की हिट फिल्मों में शुमार है। फिल्म की कहानी में इमरान हाशिमी का किरदार अपराध की दुनिया में लिप्त है। उसमें क्रिकेट मैच के दौरान कब क्या होने वाला है इसका आभास होने की खूबी है। अपने इस हुनर के बल पर वह बुकी बन जाता है। धीरे-धीरे वह क्रिकेट में सट्टेबाजी के खेल में गहरे तक पहुंच जाता है। क्रिकेट के काले हिस्से को बयान करती इस फिल्म के गाने दर्शकों को खूब पसंद आए थे। इस फिल्म की सफलता के बाद इसका सीक्वल भी बनाया गया।

विक्ट्री

इस फिल्म‍ के जरिए निर्देशक ने यह बताने की कोशिश की है कि किस तरह से सफलता का घमंड आदमी को मिट्टी में मिला देता है। हरमन बावेजा इस फिल्म में मुख्य किरदार में हैं। वह एक गांव के युवा हैं जो बड़ा क्रिकेटर बनने का सपना पालता है। भारतीय टीम का हिस्सा‍ बनने के बाद सफलता उसके कदम चूमती है। इस सफलता का उसे अहंकार हो जाता है और वह मुश्किल दिनों में साथ देने वालों को भूल जाता है। धीरे-धीरे उसका प्रदर्शन गिरने लगता है और वह भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर कर दिया जाता है। यह फिल्म बॉक्स आफिस बहुत कमाल नहीं कर सकी थी।

इन फिल्मों का कथानक भी क्रिकेट रहा

इन फिल्मों के अलावा क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर पर बनी बायोपिक और क्रिकेटर अजहरुद्दीन पर बनी अजहर फिल्म भी खूब चर्चा में रही। किक्रेट बैकड्रॉप पर बनी फिल्म काय पोचे, दिल बोले हडिप्पा, हैट्रिक, पटियाला हाउस, से सलाम इंडिया, अव्वल नंबर समेत कई ऐसी फिल्में रिलीज हुईं, जिनका बैकग्राउंड क्रिकेट पर केंद्रित रहा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।