विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 15, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आर्थिक तंगी से गुजर रहे मिथुन चक्रवर्ती को 'डिस्को डांसर' बनाने वाले फिल्ममेकर बी सुभाष, पत्नी के इलाज के लिए मांगी लोगों से मदद

By Manoj VashisthEdited By:
Published: Mon, 15 Nov 2021 04:50 PM (IST)

1982 में रिलीज हुई डिस्को डांसर का निर्देशन और निर्माण बी सुभाष ने किया था। फिल्म फर्श से अर्श पर ...और पढ़ें

Mithun Chakraborth as disco dancer. Photo- Mid-Day
Mithun Chakraborth as disco dancer. Photo- Mid-Day

नई दिल्ली, जेएनएन। मिथुन चक्रवर्ती को डिस्को डांसर बनाने वाले फिल्ममेकर बी सुभाष (सुभाष बब्बर) इन दिनों आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं, जिसके चलते पत्नी तिलोत्तमा बब्बर के इलाज की रकम जुटाने के लिए उन्होंने क्राउड फंडिंग का सहारा लिया है और लोगों से मदद की गुहार लगायी है। 

तिलोत्तमा मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती हैं। क्राउड फंडिंग वेबसाइट कीटो (Ketto) पर उनकी बेटी श्वेता बी सुभाष ने जानकारी उपलब्ध करवायी है, जिसके अनुसार, तिलोत्तमा Interstitial lung disease (ILD) के इलाज के लिए भर्ती हैं। इसमें कहा गया है कि परिवार ने जो सम्भव हुआ किया, मगर अभी मेडिकल खर्चों के भुगतान के लिए 30 लाख रुपये की और जरूरत है। राशि बहुत बड़ी है, इसलिए आपसे गुजारिश करती हूं कि मदद कीजिए। हर योगदान अहम है। खबर लिखे जाने तक 15,500 रुपये जुटाये जा चुके थे। 

अभिनेत्री सेलिना जेटली ने ट्विटर पर इस पोस्ट को एम्पीफाई किया है। उन्होंने ट्वीट के जरिए बताया कि डिस्को डांसर फिल्ममेकर बी सुभाष की पत्नी अस्पताल में भर्ती हैं और परिवार ने फंड्स की अपील की है। बी सुभाष की डिस्को डांसर अस्सी के दौर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल है।

वेबसाइट क्विंट से बातचीत में बी सुभाष ने कहा कि परिवार को पैसे की जरूरत है। पैनडेमिक के पहले उन्होंने डिस्को डांसर के रीमेक के लिए हॉलीवुड की एक कम्पनी से करार किया था, जिसमें नये कलाकार काम करने वाले थे, लेकिन प्रोजेक्ट ड्रॉप होने के बाद मैं कहीं का नहीं रहा।

बता दें, 1982 में रिलीज हुई डिस्को डांसर का निर्देशन और निर्माण बी सुभाष ने किया था। फिल्म फर्श से अर्श पर पहुंचने वाले एक लड़के की कहानी थी, जो बाद में बहुत बड़ा डांसर बन जाता है। डिस्को डांसर इसके संगीत के लिए भी जानी जाती है। बप्पी लहरी ने इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड डिस्को जैसे जॉनर की शुरुआत की थी। मिथुन की यह आइकॉनिक फिल्म ना सिर्फ देश में बल्कि विदेशों में भी खूब चली। सोवियत रूस में तो यह सबसे सफल बॉलीवुड फिल्म के रूप में दर्ज है। ओम पुरी और राजेश खन्ना ने फिल्म में सहयोगी किरदार निभाये थे। किम ने फीमेल लीड रोल निभाया था।