Mission Mangal Box Office Collection: क्या 200 करोड़ क्लब में पहुंचेगी अक्षय कुमार की फ़िल्म, अभी इतनी दूर
Mission Mangal Box Office Collection शुक्रवार को सुशांत सिंह राजपूत और श्रद्धा कपूर की छिछोरे सिनेमाघरों में पहुंच जाएगी जिसके बाद मिशन मंगल के लिए चुनौतियां बढ़ जाएंगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। Mission Mangal Box Office Collection: अक्षय कुमार की फ़िल्म मिशन मंगल अब एक ऐसे मुकाम पर पहुंच गयी है, जहां एक-एक दिन भारी लगता है। दरअसल, मिशन मंगल 190 करोड़ के पार पहुंच गयी है और अब सबकी नज़र इस बात पर है कि क्या मिशन मंगल 200 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली अक्षय की पहली फ़िल्म बन पाएगी।
बॉलीवुड हंगामा वेबसाइट के मुताबिक़, मिशन मंगल ने मंगलवार को लगभग 1.50 करोड़ का कारोबार किया है, जिसके साथ फ़िल्म का कुल नेट कलेक्शन 191.20 करोड़ हो गया है, यानि 200 करोड़ से फ़िल्म अभी भी 8.80 करोड़ की दूरी पर है।
फ़िल्म इस कलेक्शन के साथ ब्लॉकबस्टर हो चुकी है, लेकिन अगर 200 करोड़ तक पहुंच जाती है तो अक्षय कुमार के लिए भी यह एक नई उपलब्धि होगी। 100 करोड़ क्लब में अक्षय की दस से अधिक फ़िल्में हैं, लेकिन 200 करोड़ क्लब में उनकी एंट्री अभी तक नहीं हो सकी है।
हालांकि आगे का रास्ता थोड़ा मुश्किल लगता है, क्योंकि साहो पहले से ही चुनौती बनी हुई है। आने वाले शुक्रवार को सुशांत सिंह राजपूत और श्रद्धा कपूर की छिछोरे सिनेमाघरों में पहुंच जाएगी, जिसके बाद वीकेंड में मिशन मंगल के लिए मुश्किल बढ़ जाएगी। अक्षय की सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली 10 फ़िल्में इस प्रकार हैं-
- मिशन मंगल- 191.20 करोड़ रुपये
- 2.0- 188 करोड़ रुपये
- केसरी- 153 करोड़ रुपये
- टॉयलेट- एक प्रेम कथा- 133.60 करोड़ रुपये
- राउड़ी राठौर- 131 करोड़ रुपये
- एयरलिफ़्ट- 129 करोड़ रुपये
- रुस्तम- 127.49 करोड़ रुपये
- जॉली एलएलबी2- 117 करोड़ रुपये
- हाउसफुल2- 114 करोड़ रुपये
- हॉलीडे- 112.65 करोड़ रुपये (सभी आंकड़े ट्रेड सूत्रों से लिये गये हैंं)
15 अगस्त को रिलीज़ हुई मिशन मंगल तीसरे हफ़्ते में चल रहीहै। तीसरे सोमवार को मिशन मंगल ने लगभग 2.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इससे पहले तीसरे वीकेंड में मिशन मंगल ने 9.09 करोड़ रुपये जमा किये थे। तीसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने 2.20 करोड़ रुपये, शनिवार को 3.25 करोड़ रुपये और रविवार को 3.64 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
जगन शक्ति निर्देशित मिशन मंगल भारतीय मंगलयान को भेजने की तैयारियों और संघर्षों की कहानी पर बनी है। फ़िल्म में विद्या बालन, सोनाक्षी सिन्हा, कीर्ति कुल्हरी, तापसी पन्नू, नित्या मेनन और शरमन जोशी ने अक्षय कुमार के साथ मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं।