Move to Jagran APP

Alia Bhatt की जबरा फैन निकली बांग्लादेश की ये खूबसूरत हसीना, मिस वर्ल्ड 2024 में अजमाएंगी किस्मत

आगामी मिस व‌र्ल्ड प्रतियोगिता (Miss World 2024) का आयोजन इस बार भारत की राजधानी नई दिल्ली और मुंबई में होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता में अलग-अलग देशों की खूबसूरत हसिनाओं ने भाग लिया है। इस दौरान बांग्लादेश की सुंदरी शीमा इस्लाम नीला ने एक बातचीत के दौरान बॉलीवुड और सुपरस्टार आलिया भट्ट (Alia Bhatt) को लेकर खुलकर बात की है।

By Ashish RajendraEdited By: Ashish RajendraWed, 28 Feb 2024 11:26 PM (IST)
Alia Bhatt की जबरा फैन निकली बांग्लादेश की ये खूबसूरत हसीना, मिस वर्ल्ड 2024 में अजमाएंगी किस्मत
आलिया बट्ट की फैन निकलीं बांग्लादेश की हसीना (Photo Credit-Instagram)

स्मिता श्रीवास्तव, मुंबई। लगभग 28 साल के बाद 71वें मिस व‌र्ल्ड प्रतियोगिता का आयोजन दिल्ली और मुंबई में हो रहा है। प्रतियोगिता में 177 देशों की सुंदरियां भाग ले रही हैं। भारत आईं ये सुंदरियां यहां की संस्कृति के साथ बॉलीवुड से भी काफी प्रभावित हैं। उन्हें इंडस्ट्री के गाने याद हैं। वह बताती हैं कि बॉलीवुड की फिल्मों से ही उन्होंने हिंदी सीखी है।

बांग्लादेश की ये सुंदरी आलिया की फैन

इस्लाम नीला का कहना है- मैंने बॉलीवुड मूवीज देखने के बाद ही हिंदी बोलना सीखा है। भारत बहुत ही शानदार देश है। यह कंप्टीशन मेरे लिए आसान होता जा रहा है, क्योंकि मुझे (हंसते हुए) हिंदी आती है। इसलिए, ऊपर वाले ने कुछ मेरे सपोर्ट में भी काम किया। 

यह सफर अच्छा जा रहा है। बहरहाल, इस प्रतियोगिता में आने से महज 15 दिन पहले ही मुझे क्राउन दिया गया। तो बहुत जल्दी में सब कुछ करना पड़ा। हालांकि, मैं हमेशा से ही इस प्रतियोगिता में आने के लिए स्वयं को तैयार करती रही। बांग्लादेश की प्रतिभागी शम्मी इस्लाम नीला हिंदी सिनेमा की अभिनेत्री आलिया भट्ट की प्रशंसक हैं।

बॉलीवुड सेलेब्स का काफी क्रेज

अपनी बात को आगे रखते हुए नीला ने बताया - मुझे ऐश्वर्या राय मैम बहुत पसंद हैं। उन्हें देखने के बाद ही मैंने तय किया था कि मुझे मिस व‌र्ल्ड प्रतियोगिता में हिस्सा लेना है। प्रियंका चोपड़ा जिस आत्मविश्वास से अपनी बात रखती हैं, वह प्रेरणादायक है। हमारे देश के इतिहास में अभी तक कोई मिस यूनिवर्स या मिस व‌र्ल्ड नहीं बना है तो मैं यही चाहती हूं मैं अपने देश की लड़कियों के लिए मिसाल बनूं। हमारे देश में भी बदलाव हो रहे हैं, लेकिन भारत में बहुत सारे विकल्प हैं। यहां पर मीडिया हमारा कवरेज दे रहा है।

इराक की प्रतिभागी बलसम अली बिना किसी झिझक के कहती हैं कि वह अंग्रेजी बोलने में ज्यादा सहज नहीं हैं। तभी उनकी साथी आती हैं जो अंग्रेजी में पूछे गए सवालों को अरेबिक में अनुवाद करती हैं। भारत के अनुभवों को लेकर अली कहती हैं कि भारत बहुत ही खूबसूरत देश है। यहां के लोग, खानपान और संस्कृति बहुत अच्छी है। यहां पर हर चीज शानदार है।

बॉलीवुड मुझे बहुत पसंद है। हमारे देश में बालीवुड के सभी प्रशंसक हैं। मुझे अमिताभ बच्चन, शाह रुख खान, प्रियंका चोपड़ा बहुत पसंद हैं। मेरे देश में मुझे लोग प्रियंका चोपड़ा बुलाते हैं। इराक में महिलाओं की स्थिति को लेकर किन मुद्दों को उठाना चाहेंगी,

इस बाबत वह कहती हैं कि इराक की महिलाएं बहुत ही सशक्त होती हैं। वह तमाम चुनौतियों के बीच काम कर रही हैं। वहां चुनौतियां हैं, लेकिन मैं कहूंगी कि वहां की महिलाएं सुपरवूमेन हैं। साथ ही कहती हैं कि बॉलीवुड में मौका मिलने पर एक्टिंग में भी हाथ आजमाना चाहेंगी।

बॉलीवुड फिल्में काफी पसंद

युगांडा की प्रतिभागी हाना तुमुजुंडे भारतीय संस्कृति की मुरीद हैं। भारत आने के अनुभवों को लेकर वह कहती हैं कि हम पहले दिल्ली गए थे। वह बहुत शानदार शहर है। वहां का खाना थोड़ा मसालेदार है, लेकिन स्वादिष्ट है। मैं बार-बार भारत आना चाहूंगी। मैं भारतीय फिल्मों की प्रशंसक हूं।

मैंने गंगाजल समेत अनेक फिल्में देखी हैं। मुझे साड़ी बहुत पसंद है। मैं यहां से साड़ी जरूर खरीदना चाहूंगी और पहनूंगी। मैं यहां की संस्कृति के बारे में गहराई से जानना चाहती हूं। बताना चाहूंगी कि हमारे युगांडा में भी बहुत सारे भारतीय हैं। महिलाओं से जुड़े किन मुद्दों को वह उठाना चाहेंगी, जवाब में वह कहती हैं कि मेरे देश में महिलाएं अपनी आवाज नहीं उठा पाती हैं।

मैं उस मुद्दे को इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाना चाहूंगी। हमारे यहां महिलाओं को प्रापर्टी की तरह देखा जाता है। मैं उस मानसिकता को बदलना चाहती हूं। महिलाओं को सशक्त करने की जरूरत है। मैं चाहती हूं कि महिलाएं खुद के लिए बोलना सीखें। हमें भारत की तरफ देखना चाहिए, जिसने छह मिस व‌र्ल्ड दिए हैं। पूर्व मिस व‌र्ल्ड मानुषी छिल्लर अच्छा काम कर रही हैं। मिस व‌र्ल्ड प्रतियोगिता का फाइनल 9 मार्च को मुंबई में आयोजित होगा।

ये भी पढ़ें- Miss Universe 2023 में देश को रिप्रेजेंट करेंगी चंडीगढ़ की Shweta Sharda, कब और कहां देख सकते ब्यूटी पेजेंट?