Malang Song Phir Na Milen Kabhi: मलंग का नया गाना 'फिर ना मिलें कभी' रिलीज़, आदित्य और दिशा की शानदार कैमेस्ट्री
गाने में आदित्य रॉय कपूर का पुराना लुक नजर आ रहा है। वहीं दिशा भी इस गाने में गॉर्जिएस लग रहीं है। गाने के रिलीज़ होने कुछ ही घटें में तीन लाख से ज्यादा व्यूज़ मिल चुके हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। 'मलंग' फिल्म का नया गाना रिलीज़ कर दिया गया है। मंगलवार को मेकर्स ने 'फिर ना मिलें कभी' टाइटल वाला गाना यूट्यूब पर शेयर किया। यह पहला सैड सॉन्ग है। इसमें आदित्य रॉय कपूर का पुराना लुक नजर आ रहा है। वहीं, दिशा भी इस गाने में गॉर्जियस लग रहीं है। गाने के रिलीज़ होने कुछ ही घंटों में तीन लाख से ज्यादा व्यूज़ मिल चुके हैं।
गाने के वीडियो में दिखाया गया है कि आदित्य के किरदार का अतीत ख़तरों से भरा रहा है। वह अपनी गर्लफ्रैंड (दिशा पाटनी) को इस पास्ट से बचा रहा है। लिहाज़ा उसे छोड़कर चला जाता है। हालांकि, अच्छे समय की यादें उसका पीछा नहीं छोड़तीं, वे चाहे कहीं भी जाए। वीडियो के अंत में दिशा के किरदार को मरते हुए दिखाया गया है। प्यार की मौत आदित्य के किरदार को फिर उसी रास्ते पर धकेल देती है, जहां से बचकर ही उसे मोहब्बत का एहसास हुआ था।
फिर ना मिलें कभी को अंकित तिवारी ने गाया है। अंकित ने ही उसे म्यूज़िक भी दिया है। प्रिंस दुबे ने गाने को लिखा है। इससे पहले फिल्म के हमराह, मलंग, चल घर चलें गाने भी रिलीज किए जा चुके हैं। लगभग सभी गानों में आदित्य और दिशा ही लीड में नजर आ रहे हैं। सभी गानों में आप गोवा की लोकेशंस देख सकते हैं।
आपको बता दें कि फ़िल्म 'मलंग' 7 फरवरी को पर्दे पर उतरेगी। इसे मोहित सूरी ने डायरेक्ट किया है। मोहित और आदित्य इससे पहले 'आशिकी 2' में एक साथ नजर आ चुके हैं। यह आदित्य की पहली बड़ी हिट फ़िल्म थी। आशिक़ी 2 में आदित्य के साथ श्रद्धा कपूर ने फीमेल लीड रोल निभाया था। अब मोहित और आदित्य एक बार फिर एक नई प्रेम कहानी लेकर आये हैं। हालांकि इसमें आदित्य का किरदार काफ़ी मजबूत और रफ-टफ दिख रहा है। वहीं, इस फ़िल्म में दिशा पाटनी और आदित्य के अलावा अनिल कपूर और कुणाल खेमू भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फ़िल्म में अनिल का किरदार भी नेगेटिव शेड्स लिये हुए है।