विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Main Atal Hoon: ये सिर्फ बायोपिक नहीं... इन फिल्मों में छिपे हैं भारतीय राजनीति के कई अहम पड़ाव

Published: Fri, 19 Jan 2024 06:10 PM (IST)

Main Atal Hoon पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक थिएटर्स में रिलीज हो गई है। अगर आप राजनीतिक फिल्मों ...और पढ़ें

पॉलिटिकल लीडर्स की बायोपिक आ चुकी हैं। फोटो- एक्स
पॉलिटिकल लीडर्स की बायोपिक आ चुकी हैं। फोटो- एक्स

HighLights

  1. अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक रिलीज हो गई है
  2. पंकज त्रिपाठी वाजपेयी के किरदार में हैं
  3. अनुपम खेर मनमोहन सिंह का किरदार निभा चुके हैं

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। Main Atal Hoon: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक फिल्म ‘मैं अटल हूं’ सिनेमाघरों में पहुंच गई है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी (Pankaj Tripathi) के अभिनय की काफी सराहना की जा रही है।

यह पहली बार है, जब भारतीय राजनीति के दिग्गज खिलाड़ी रहे अटल बिहारी वाजपेयी (Atal Bihari Vajpayee) के जीवन को पर्दे पर उतारा गया हो। 

मैं अटल हूं में उनके जीवन के प्रमुख पड़ावों को दिखाया गया है। हालांकि, राजनेताओं के जीवन की घटनाओं को पहले भी सिल्वर स्क्रीन पर दिखाया जाता रहा है और कई बेहतरीन कलाकारों ने इन बायोपिक्स में ये किरदार निभाये हैं। 

द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर

यह फिल्म पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल की कुछ घटनाओं को दिखाती है। विजय रत्नाकर गुट्टे निर्देशित फिल्म में अनुपम खेर ने मनमोहन सिंह का किरदार निभाया था। फिल्म जितनी विवादों में रही, अनुपम के अभिनय की उतनी ही तारीफ भी हुई।

यह भी पढ़ें: Main Atal Hoon Review: पंकज त्रिपाठी नहीं, अटल बिहारी वाजपेयी आते हैं नजर, सादगी में लिपटी असाधारण कहानी

कहानी मनमोहन सिंह के मीडिया एडवाइजर रहे संजय बारू की किताब 'द ऐक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर ' पर आधारित है। अक्षय खन्ना संजय बारू के रोल में है, जबकि सुजैन बर्नर्ट ने सोनिया गांधी, अर्जुन माथुर ने राजीव गांधी और आहना कुमरा ने प्रियंका गांधी के किरदार निभाये। 

ठाकरे

यह फिल्म शिवसेना के संस्थापक बालसाहब ठाकरे के जीवन पर आधारित है, जिसे अभिजीत पणसे ने डायरेक्ट किया। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बाल ठाकरे का रोल निभाया है, इसके लिए उन्हें काफी सराहा गया था। फिल्म में ठाकरे के जीवन की प्रमुख घटनाओं से लेकर महाराष्ट्र के सबसे शक्तिशाली राजनेता बनने के सफर को कवर किया गया। ठाकरे फिल्म 25 जनवरी 2019 को रिलीज हुई थी। दर्शक अब इसे नेटफ्लिक्स पर देख सकते है।

थलाइवी

10 सितंबर 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म लीजेंड्री एक्ट्रेस और तमिलनाडु की मुख्यमंत्री रहीं जे जयललिता के जीवन पर आधारित है, इसे एएल विजय ने डायरेक्ट किया। इसमें कंगना रनौत ने जयललिता का किरदार निभाया।

अरविंद स्वामी एमजीआर के रोल में थे, जबकि भाग्यश्री ने जयललिता की मां का किरदार निभाया। राज अर्जुन और जिशु सेनगुप्ता भी अहम किरदारों में दिखे थे। इस फिल्म को नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है।

पीएम नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बनी इस बायोपिक फिल्म को ओमंग कुमार ने डायरेक्ट किया। इस में विवेक ओबरॉय ने प्रधानमंत्री मोदी का रोल अदा किया था। नरेंद्र मोदी की स्टूडेंट लाइफ से लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री बनने तक के सफर को फिल्म में दिखाया गया।

यह फिल्म 24 मई 2019 को रिलीज हुई थी, जिसमें विवेक ओबेरॉय के साथ बमन ईरानी, जरीना वहाब, दर्शन कुमार, बरखा सेनगुप्ता और मनोज जोशी ने अभिनय किया।

सरदारः द आइरन मैन ऑफ इंडिया

यह फिल्म साल 1993 में रिलीज हुई थी, जिसे केतन मेहता ने डायरेक्ट किया था। इस फिल्म में सरदार पटेल का रोल परेश रावल ने निभाया था, इस लुक में वह बिल्कुल फिट बैठे थे।

इनके अलावा, अन्नू कपूर ने फिल्म में महात्मा गांधी का किरदार निभाया था। फिल्म भारत की आजादी के बाद की कहानी दिखाती है, जब हैदराबाद और जम्मू कश्मीर जैसी 550 रियासतों को भारत में मिलाया गया था। सरदार वल्लभ भाई पटेल ने पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जिम्मेदारियां सम्भाली थीं। 

यह भी पढ़ें: Main Atal Hoon के साथ शुक्रवार को पर्दे पर उतरी राम जन्मभूमि की संघर्ष गाथा, 'द बीकीपर' भी ठोकेगी ताल

एनटीआर: कथानायकुडु

यह फिल्म दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार और पूर्व मुख्यमंत्री एनटी रामाराव के पर आधारित है, जिसे कृष जगरलामुदी ने डायरेक्ट किया। फिल्म में नंदमूरी बालकृष्ण और विद्या बालन ने मुख्य किरदार निभाये।

एनटी रामाराव ने कई सालों तक अभिनय किया, फिर उन्होंने तेलुगु देशम पार्टी की स्थापना की और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे। यह फिल्म 9 जनवरी 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

एन इनसिगनिफिकेंट मैन

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ऊपर बनी इस डॉक्युमेंट्री फिल्म को खुशबू रांका और विनय शुक्ला ने डायरेक्ट किया है।

इस फिल्म की कहानी में अरविंद केजरीवाल के सामाजिक कार्यकर्ता से राजनीतिक दिग्गज बनने तक की कहानी को दिखाया गया है। फिल्म में केजरीवाल के साथ मनीष सिसोदिया, योगेंद्र यादव और संतोष कोली भी नजर आते है।