प्यार, विश्वासघात की कहानी लेकर आ रही 'Love Lottery', असली रिश्तों की पहचान कराएगी फिल्म
अक्षय ओबेरॉय की सस्पेंस थ्रिलर 'लव लॉटरी' का ट्रेलर जारी हो गया है, जो आधुनिक रिश्तों, शादी और विश्वासघात के कानूनी दांव-पेंच को दर्शाती है।

एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। अपकमिंग हिंदी सस्पेंस थ्रिलर और सोशल कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'लव लॉटरी' (Love Lottery) का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। इस कार्यक्रम में फिल्म के मुख्य कलाकार अक्षय ओबेरॉय, विजयंत कोहली और अग्नि अग्यारी, निर्देशक अरविंद पांडे और निर्माता कुलदीप भार्गव (तुषार) मौजूद रहे।
कई ऐसे परिवार भी इस लॉन्च में शामिल हुए जिन्होंने महिला-केंद्रित कानूनों के दुरुपयोग का व्यक्तिगत रूप से सामना किया है।
पता करेगी रिश्ते की असलियत
सिनेमा-गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी फिल्म 'लव लॉटरी' मार्डन रिलेशनशिप, शादी, विश्वासघात और उससे जुड़े कानूनी विवादों पर गहराई से प्रकाश डालती है। इसके साथ ही ये पुरुषों के अधिकारों के मुद्दे को भी नाटकीय अंदाज में पेश करती है।

2 मिनट 10 सेकंड का ट्रेलर तुरंत ही एक ऐसी दुनिया में आपको ले जाएगा जहां प्यार हमेशा वैसा नहीं होता जैसा दिखता है। आधुनिक रिश्तों की चमक-दमक के पीछे अविश्वास, छल और भावनात्मक संघर्ष छिपे होते हैं।
जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, शादी, तलाक, विश्वासघात और पैसों के लालच में की गई शादियां के प्लॉट सामने आते हैं।
कौन से कलाकार आएंगे नजर?
अक्षय ओबेरॉय इस फिल्म के मुख्य कलाकार के तौर पर नजर आएंगे। फिल्म की कहानी प्यार, विश्वास, संदेह और न्याय की लड़ाई के इर्द-गिर्द घूमती है। हेली दारूवाला और अन्य सपोर्टिंग एक्टर्स मूवी में कई परतें जोड़ेंगे। ट्रेलर दर्शकों के मन में सवाल छोड़ता है कि आखिर रिश्ते के अंदर क्या हुआ? कौन सच बोल रहा है? कौन सही है और कौन गलत? आपको अंत तक कुछ भी समझ नहीं आएगा।