Lok Sabha Election 2024: इस बार लोकसभा चुनाव में, सितारे भी उतरे हैं मैदान में
Lok Sabha Election 2024 फिल्म इंडस्ट्री में कई सितारे हैं जो अपना फिल्मी करियर संभालने के साथ-साथ राजनीति में भी अपना हाथ आजमा रहे हैं। इंडस्ट्री और राजनीति का रिश्ता काफी पुराना है। इस बार भी बॉलीवुड में कंगना रनोट से लेकर हेमा मालिनी तक बड़े-बड़े सितारे लोकसभा चुनाव में अलग-अलग राज्यों से खड़े होने की तैयारी कर चुके हैं। कौन सा सितारा चुनावी मैदान में उतरा है जानते हैं।
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति का नाता काफी पुराना है। कई ऐसे फिल्मी सितारे हैं, जो बॉलीवुड में अपने अभिनय का लोहा मनवाने के बाद राजनीति में अपनी किस्मत आजमाने के लिए उतर गए। कुछ फिल्मी सितारों को उनके राजनीतिक सफर में भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिला, तो वहीं कुछ एक्टर्स ये भार संभाल न सके और उन्होंने राजनीति से भी इस्तीफा दे दिया।
साल 2024 में लोकसभा चुनाव में भी कई सितारे राजनीति में उतरने जा रहे हैं। इस बार कंगना रनोट से लेकर हेमा मालिनी और शत्रुघ्न सिन्हा तक कई सितारे अलग-अलग क्षेत्रों से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले हैं।
अब उन्हें जनता फिल्मी पर्दे की तरह बतौर लीडर भी अपनाती है या नहीं, ये तो वक्त आने पर पता लगेगा, लेकिन कौन-कौन से सितारे राजनीति में अपना दमखम दिखाएंगे और कहां से वह चुनाव लड़ेंगे, चलिए जानते हैं।
कंगना रनोट
कंगना रनोट ने कुछ दिनों पहले ही राजनीति में शामिल होने की जानकारी फैंस के साथ साझा की थी। उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया था कि वह अपने राज्य हिमाचल प्रदेश के मंडी से भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने वाली हैं।
कंगना की इस घोषणा के बाद जहां उन्हें कुछ फैंस का प्यार मिला, तो वहीं उनके फिल्मी ग्राफ को देखते हुए कुछ लोगों ने उनकी आलोचना भी की।
अरुण गोविल
रामानंद सागर के दूरदर्शन पर प्रसारित हुए शो 'रामायण' में श्रीराम का किरदार अदा करके अरुण गोविल ने घर-घर में अपनी पहचान बनाई। सालों तक इसी किरदार के साथ जीने वाले अरुण गोविल भी अपना राजनीतिक करियर शुरू करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने 24 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुक्रिया अदा करते हुए एक पोस्ट शेयर किया था और चाहने वालों को ये जानकारी दी थी कि वह BJP में शामिल होकर मेरठ से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
हेमा मालिनी
हेमा मालिनी अपने 15 साल के पॉलिटिकल करियर में दो बार से मथुरा से सांसद रह चुकी हैं। अब लगातार तीसरी बार वह भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर मथुरा से एक बार फिर लोकसभा चुनाव लड़ने वाली हैं। हेमा मालिनी ने साल 2004 में बीजेपी पार्टी ज्वाइन की थी।
रवि किशन
रवि किशन ने साल 2017 में भारतीय जनता पार्टी का हाथ थामा था और 2019 में वे गोरखपुर से बीजेपी की टिकट पर जनरल इलेक्शन लड़े थे। तब से ही गोरखपुर में उनकी पकड़ मजबूत है। अब रवि किशन 2024 में भी गोरखपुर से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
मनोज तिवारी
भोजपुरी सिंगर और एक्टर मनोज तिवारी ने साल 2009 में राजनीति की दुनिया में कदम रखा था। समाजवादी पार्टी के टिकट पर गोरखपुर से लड़े थे, लेकिन भाजपा के योगी आदित्यनाथ से हार मिली थी। साल 2014 में बीजेपी में शामिल हुए एक्टर ने उत्तर पूर्वी दिल्ली से लोकसभा चुनाव जीता था।
इसके बाद साल 2019 में मनोज तिवारी ने कांग्रेस की नेत्री और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराकर नॉर्थ- ईस्ट दिल्ली से जनरल इलेक्शन में दूसरी बार जीत हासिल की थी। अब एक बार फिर से मनोज तिवारी नॉर्थ- ईस्ट दिल्ली से ही लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए अपनी कमर कस चुके हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा
शत्रुघ्न सिन्हा और भाजपा का करीब 3 दशक तक राजनीतिक रिश्ता रहा। शत्रुघ्न सिन्हा लाल कृष्ण आडवाणी द्वारा छोड़ी गई ईदिल्ली लोकसभा सीट से 1992 में खड़े हुए थे, उन्हें कांग्रेस के प्रत्याशी राजेश खन्ना से 27 हजार वोटों से हार गए। 1996 में भाजपा ने सिन्हा को बिहार से राज्यसभा का सदस्य बनाया। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री भी रहे। इतना ही नहीं, 2009 और 2014 में पटना साहिब लोकसभा से चुनाव भी जीता। आगे चलकर पार्टी से मतभेद होने पर सिन्हा ने भाजपा छोड़ दिया।
भारतीय जनता पार्टी से लेकर कांग्रेस तक के साथ अपना राजनीतिक सफर तय करने वाले वेटरन एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा ने साल 2022 में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ज्वाइन किया और आसनसोल लोक सभा चुनाव लड़ा था और बीजेपी कैंडिडेट को हराकर वहां पर अपनी धाक जमाई थी। तीन बार एमपी रह चुके शत्रुघ्न सिन्हा एक बार फिर से साल 2024 में आसनसोल, पश्चिम बंगाल से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
सायोनी घोष
बंगाली फिल्मों और टेलीविजन एक्ट्रेस सायोनी घोष ने साल 2021 में तृणमूल कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की थी। साल 2021 में में सायोनी को पार्टी की तरफ से युवा शाखा का अध्यक्ष बनाया गया था।
अब सायोनी घोष पश्चिम बंगाल के जादवपुर से तृणमूल कांग्रेस की टिकट पर ही लोकसभा चुनाव 2024 लड़ने की तैयारी कर रही हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।