करीना कपूर ख़ान ने ससुर के साथ ऋषि कपूर की सालों पुरानी तस्वीर की शेयर, दोनों को बताया टाइगर
Rishi Kapoor With Mansoor Ali Khan ऋषि कपूर का निधन गुरुवार सुबह पौने नौ बजे हुआ था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के एचएन रिलांयस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। ऋषि कपूर के निधन को अब 24 घंटे से अधिक बीत चुके हैं, लेकिन उनकी यादें परिवार और फैंस को अभी कचोट रही हैं। उन्हें याद करने और श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है। अब भतीजी करीना कपूर ने ऋषि कपूर की एक और थ्रोबैक तस्वीर शेयर की है, जिसमें हिंदी सिनेमा के वेटरन एक्टर सैफ़ अली ख़ान के पिता नवाब मंसूर अली ख़ान पटौदी के साथ नज़र आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ करीना ने लिखा- दो टाइगर्स।
ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर किसी स्टेडियम में खींची गयी लगती है। ऋषि अपने यंगर डेज़ वाले लुक में हैं। करीना और सैफ़ ऋषि की अंतिम विदाई में भी साथ थे। ऋषि कपूर का निधन गुरुवार सुबह पौने नौ बजे हुआ था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के एचएन रिलांयस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली थी।
करीना लगातार ऋषि कपूर से जुड़ी यादें सोशल मीडिया में साझा कर रही हैं। इससे पहले उन्होंने ऋषि कपूर और पिता रणधीर कपूर के बचपन की फोटो शेयर करके लिखा था- बेस्ट ब्वॉयज, जिन्हें मैं जानती हूं... पापा और चिंटू अंकल।
ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार मुंबई के चंदनवाड़ी शवदाह गृह में किया गया था। लॉकडाउन की वजह से उनके अंतिम संस्कार में 24 लोगों को ही शामिल होने की इजाज़त दी गयी थी। अंतिम संस्कार के समय ऋषि के दोनों भाई रणधीर और राजीव कपूर भी मौजूद थे।
ऋषि कपूर ने अपना करियर बॉबी से शुरू किया था। लगभग 40 साल से अधिक के करियर में ऋषि ने कई यादगार फ़िल्मों में काम किया। उन्हें मुख्य रूप से रोमांटिक किरदार निभाने के लिए जाना जाता है। डेब्यू फ़िल्म बॉबी समेत उनकी कई फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर हिट रही थीं। ऋषि कपूर की आख़िरी रिलीज़ फ़िल्म द बॉडी है, जो पिछले साल दिसम्बर में आयी थी। इस फ़िल्म में उन्होंने इनवेस्टिंग ऑफ़िसर का किरदार निभाया था।