एक्टर Kiran Raj पर शेर ने किया हमला? फैंस को हुई चिंता; वीडियो शेयर कर बोले- 'मैं अब ठीक हूं...'
कन्नड़ अभिनेता किरण राज ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो पर स्पष्टीकरण दिया है, जिसमें एक शेर उन पर हमला करते नजर आ रहा था।
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। कन्नड़ अभिनेता किरण राज (Kiran Raj) ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसे देखने के बाद ऐसा लगा कि शेर ने उन पर हमला कर दिया। वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया जिसके बाद फैंस को उनकी चिंता होने लगी।
वीडियो शेयर कर बताया हाल
हालांकि कुछ ही समय बाद, किरण ने इस चिंता को दूर करते हुए वीडियो शेयर कर फैंस को बताया कि वो पूरी तरह से सुरक्षित हैं। वीडियो शेयर करते हुए किरण ने लिखा,'चिंता मत करो दोस्तों, अगर मैं यह वीडियो पोस्ट कर पा रहा हूं, तो मैं ठीक हूं।'
किरण ने बताया कि यह वीडियो एक प्रोजेक्ट का हिस्सा था जिसके लिए वह रॉकी नाम के शेर को ट्रेन कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य उन्हें जानवर से परिचित और सहज महसूस करवाना था।
View this post on Instagram
क्या है पूरा मामला?
एक्टर ने कहा, 'मैं यह स्पष्ट करना चाहूंगा कि कैप्शन और बैकग्राउंड म्यूजिक से दहशत और गलत जानकारी फैल रही है। सच्चाई यह है कि इस प्रोजेक्ट के लिए मैं रॉकी के साथ ट्रेनिंग कर रहा हूं, और यह बहुत ही सुरक्षित माहौल है।'
किरण ने बताया कि उन्होंने शेर के साथ एक तरीके का बॉन्ड डेवलेप कर लिया है और इसे पूरी सावधानी के साथ किया गया था। उन्हें चिंता करने के लिए फैंस का धन्यवाद दिया।
View this post on Instagram
किरण राज कन्नड़ टेलीविजन का एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह कई पॉपुलर शोज में नजर आ चुके हैं। उन्हें कन्नड़थी में हर्षा के किरदार से काफी ज्यादा पहचान मिली और वर्तमान में वे टेलीविजन सीरियल कर्ण से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने रोनी: द रूलर जैसी फिल्मों में भी काम किया है और टेलीविजन और सिनेमा दोनों क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति का विस्तार कर रहे हैं।
