खेल के मैदान में बॉलीवुड, 'जवानी जानेमन' के बाद नितिन कक्कड़ लेकर आएंगे स्पोर्ट्स ड्रामा
Jawaani Jaaneman Director Next Sports Drama यह उनकी पहली स्पोर्ट्स फ़िल्म होगी। नितिन इससे पहले फिल्मिस्तान मित्रों और नोटबुक जैसी फिल्में बना चुके हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। निर्देशक नितिन कक्कड़ की फ़िल्म जवानी जानेमन बॉक्स ऑफ़िस पर ठीकठाक प्रदर्शन कर रही है। नितिन की अगली पेशकश एक स्पोर्ट्स ड्रामा होगी। हालांकि अभी इसको लेकर ज़्यादा जानकारी सामने नहीं आयी है। फ़िल्म का निर्माण जैकी भगनानी करेंगे।
जवानी जानेमन में सैफ़ अली ख़ान, तब्बू और अलाया फर्नीचरवाला ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं। यह अलाया का बॉलीवुड डेब्यू है। इस फ़िल्म का निर्माण भी जैकी ने ही किया है। जानकारी के मुताबिक, स्पोर्ट्स ड्रामा फ़िल्म पर अभी काम चल रहा है। फाइनल होते ही इस साल के अंत तक शूटिंग शुरू होने की सम्भावना है।
नितिन इस फ़िल्म को लेकर काफ़ी उत्साहित हैं। यह उनकी पहली स्पोर्ट्स फ़िल्म होगी। नितिन इससे पहले फिल्मिस्तान, मित्रों और नोटबुक जैसी फिल्में बना चुके हैं। जैकी भगनानी की प्रोडक्शन कम्पनी पूजा एंटरटेनमेंट की बात करें तो बैनर अक्षय कुमार के साथ बेल बॉटम का निर्माण कर रहा है। वहीं, वरुण धवन और सारा अली ख़ान की कुली नंबर 1 भी इस साल रिलीज़ होगी।
(Photo- PR)
बॉलीवुड में स्पोर्ट्स फ़िल्में
बॉलीवुड में इन दिनों स्पोर्ट्स फ़िल्मों का ट्रेंड चल रहा है। कई खिलाड़ियों और खेल की घटनाओं पर स्पोर्ट्स फ़िल्में पाइपलाइन में हैं। कबीर ख़ान निर्देशित 83 इसी साल जून में रिलीज़ होगी, जो भारतीय की पहली विश्व कप जीत पर आधारित है। फ़िल्म में रणवीर सिंह कपिल देव का किरदार निभा रहे हैं।
अजय देवगन मैदान लेकर आ रहे हैं, जो दिसम्बर में आएगी। इस फ़िल्म में अजय फुटबॉल कोच के रोल में हैं। यह पीरियड ड्रामा है। महिला क्रिकेटर मिताली राज और झूलन गोस्वामी की बायोपिक भी अंडर प्रोडक्शन हैं। मिताली की बायोपिक शाबाश मिट्ठू में तापसी पन्नू लीड रोल में हैं तो झूलन का किरदार अनुष्का शर्मा निभा रही हैं।
बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल की बायोपिक साइना में परिणीति चोपड़ा लीड रोल में हैं। इस फ़िल्म का निर्देशन अमोल गुप्ते कर रहे हैं। शूटिंग में ओलंपिक गोल्ड मेडल जीतने वाले अभिनव बिंद्रा की बायोपिक में हर्षवर्धन कपूर और अनिल कपूर नज़र आएंगे। इस फ़िल्म का निर्देशन कनन अय्यर कर रहे हैं।