Janhvi Kapoor और नोरा फतेही के करीबी का हुआ निधन, अचानक हुई मौत से सदमे में बॉलीवुड
मार्से पेड्रोजो के निधन से बॉलीवुड सितारे शोक में हैं। नोरा फतेही से लेकर जाह्नवी कपूर और वरुण धवन तक कई स्टार्स ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मार्से पेड्रोजो के सितारों ने की श्रद्धांजलि अर्पित/ फोटो- Instagram

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। बॉलीवुड से बीते दिनों एक ऐसी दुखद खबर सामने आई है, जिसने वरुण धवन और जाह्नवी कपूर सहित कई सितारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मुंबई बेस्ड हाई-प्रोफाइल सेलिब्रिटी हेयरस्टाइलिस्ट और मेकअप आर्टिस्ट मार्से पेड्रोजो (Marce Pedrozo) का अचानक निधन हो गया है।
इस खबर ने कई सितारों का दिल तोड़ दिया है। सोशल मीडिया पर तमाम बड़े सितारों ने अपने चहेते हेयरस्टाइलिस्ट को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साथ बिताए खूबसूरत पलों को याद किया है।
'हम दोनों एक-दूसरे की टीम का हिस्सा थे'- जाह्नवी कपूर
मार्से पेड्रोजो के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जाह्नवी कपूर (Janhvi Kapoor) ने एक बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, "आई लव यू मार्से। जिस तरह से मैं अपनी वैनिटी वैन में एंट्री लेती थी और हम एक-दूसरे को देखकर पूरे जोश में चिल्लाते हुए हंसकर कहते थे कि 'हमारे पास सिर्फ 20 मिनट हैं, चलो-चलो...'। वह असंभव टास्क, क्रेजी वर्किंग आवर्स और मैडनेस, सब कुछ बहुत अच्छा था। इन सब शोर-शराबे के बीच, जब भी हम साथ काम करते थे, तो मुझे एक भरोसा और खुशी मिलती थी।"
यह भी पढ़ें- 'महाभारत' के 'कर्ण' Pankaj Dheer के लिए कैंसर बना काल, इन सितारों को भी खा गई ये बीमारी!
जाह्नवी ने आगे लिखा, "तुम सिर्फ मेरी टीम का हिस्सा नहीं थे, बल्कि हम एक-दूसरे की टीम थे। जिस तरह से हम दोनों एक-दूसरे पर अधिकार जमाते थे, उसमें एक अपनापन था। मैं तुम्हारे साथ 20 मिनट और बिताने के लिए कुछ भी कर सकती थी, ताकि मैं तुम्हें बता सकूं कि तुम हमारी जिंदगी की रोशनी थे। तुम सिर्फ मेरा सेफ प्लेस नहीं थे, बल्कि तुम्हारे प्यार ने मेरी जिंदगी में कई खूबसूरत रंग भरे। मैं तुम्हें बहुत ज्यादा याद कर रही हूं।"
'पहले दिन से मेरे सफर का हिस्सा था'- नोरा फतेही
नोरा फतेही ने अपने 'डियर फ्रेंड' को खोने का दर्द बयां करते हुए लिखा, "आज मैंने अपने सबसे करीबी दोस्त, भाई और एक विश्वासपात्र को खो दिया है... कोई ऐसा शख्स, जो पहले दिन से मेरे सफर का हिस्सा था। वह मेरी पर्सनैलिटी का बेस्ट साइड सामने लेकर आता था। जब भी लोगों ने हमें साथ देखा है, हम हमेशा हंसते और मुस्कुराते हुए ही नजर आए। हम सबकुछ साथ मिलकर करते थे।"
वहीं, वरुण धवन ने गहरा दुख जताते हुए लिखा, "रेस्ट इन पीस भाई। मैं यकीन नहीं कर पा रहा हूं। ऐसा लग रहा है कि कुछ ही दिनों पहले हम एक-दूसरे के साथ शूटिंग कर रहे थे। वह बहुत ही प्यारी और प्योर सोल (Pure Soul) था।"
'हमने 10 साल तक एक साथ काम किया है'- तारा सुतारिया
तारा सुतारिया ने अपने दोस्त और हेयरस्टाइलिस्ट को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे, स्वीट मार्से। यह जानकर मेरा दिल बहुत दुख रहा है कि अब तुम हमारे साथ नहीं हो। हमने 10 साल तक साथ काम किया है और तुम सेट पर सबसे ज्यादा मजे करते थे। मुझे याद है कि हम पहली बार एक फोटोशूट के लिए मिले थे, तब मैं सिर्फ 20 साल की थी और बहुत शर्माती थी। मैं कभी नहीं भूल सकती कि तुमने मुझे कितना कंफर्टेबल और अच्छा महसूस करवाया था।"
इन सितारों के अलावा, अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीस ने भी मार्से पेड्रोजो को श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि मार्से पेड्रोजो का निधन 15 मार्च 2026 को हुआ है।
यह भी पढ़ें- राजनेता से अभिनेता और बिजनेसमैन तक: 2025 में इन दिग्गजों ने दुनिया को कहा अलविदा
