Rajiv Kapoor Prayer Meet: राजीव कपूर की प्रेयर मीट में इकट्ठा हुए परिवार के सदस्य, देखें तस्वीरें
राजीव कपूर सालों तक फ़िल्मों से दूर रहने के बाद आशुतोष गोवारिकर की फ़िल्म तुलसीदास जूनियर से वापसी करने वाले थे। फ़िल्म की शूटिंग भी पूरी कर ली और प्रमोशंस का हिस्सा बनने वाले थे मगर किस्मत का खेल देखिए जब फ़िल्मों की और लौटे तो ज़िंदगी उनसे रूठ गयी।
नई दिल्ली, जेएनएन। राज कपूर के सबसे छोटे बेटे राजीव कपूर का निधन 9 फरवरी को दिल का दौरा पड़ने से हो गया था। 58 साल के राजीव का इस तरह जाना परिवार के लिए बड़ा सदमा है। ख़ासकर, सबसे बड़े भाई रणधीर कपूर के लिए यह सदमा बर्दाश्त करना आसान नहीं रहा होगा, जिन्होंने क़रीब एक साल के भीतर अपने दो भाइयों और एक बहन को खो दिया।
राजीव के निधन से गमगीन परिवार शुक्रवार को हुई शांति सभा में एक बार फिर इकट्ठा हुआ। शांति सभा में सिर्फ़ परिवार के सदस्य ही शामिल हुए। कोरोना वायरस पैनडेमिक की वजह से इस आयोजन में बाहरी लोगों को नहीं बुलाया गया। नीतू कपूर ने पहले ही सोशल मीडिया के ज़रिए जानकारी दे दी थी कि चौथा रस्म का आयोजन नहीं किया जाएगा।
शुक्रवार को शांति सभा में पूजा-अर्चना करके राजीव कपूर को श्रद्धांजलि दी गयी। इस आयोजन में परिवार के लगभग सभी सदस्य शामिल हुए। रणधीर कपूर, उनकी पत्नी बबीता, नीतू कपूर, करिश्मा कपूर, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, रणबीर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी और अरमान जैन मौजूद रहे। वहीं, अर्जुन कपूर अपने पिता बोनी कपूर के साथ पहुंचे। वहीं, सैफ़ अली ख़ान ने भी शांति सभा में शामिल हुए।
यह विडम्बना ही है कि राजीव कपूर सालों तक फ़िल्मों से दूर रहने के बाद आशुतोष गोवारिकर की फ़िल्म तुलसीदास जूनियर से वापसी करने वाले थे। उन्होंने फ़िल्म की शूटिंग भी पूरी कर ली और प्रमोशंस का हिस्सा बनने वाले थे, मगर किस्मत का खेल देखिए जब फ़िल्मों की और लौटे तो ज़िंदगी उनसे रूठ गयी। इस फ़िल्म में संजय दत्त भी राजीव कपूर के साथ नज़र आएंगे।
राजीव आख़िरी दफ़ा 1990 में एक फ़िल्म में एक्टिंग करते हुए देखे गये थे। इसके बाद उन्होंने फ़िल्मों से बिल्कुल दूरी बना दी। आशुतोष गोवारिकर ने ट्विटर पर राजीव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा था कि राजीव इतने प्यारे थे कि उनकी बहुत याद आएगी। बता दें, रणधीर कपूर की बहन रितु नंदा की पिछले साल जनवरी में डेथ हुई थी। इसके बाद अप्रैल में ऋषि कपूर का निधन हो गया था।