विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 06, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Box Office: रजनीकांत की काला रिलीज़, पहले दिन इतनी कमाई की उम्मीद

By Manoj KhadilkarEdited By:
Published: Wed, 06 Jun 2018 12:57 PM (IST)Updated: Fri, 08 Jun 2018 11:51 AM (IST)

ट्रेड सर्किल के मुताबिक काला को घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर...रूपये की ओपनिंग मिल सकती है। ऐसा इसलिए कि रजनीकांत के जादू हर जगह चलता है l

Box Office: रजनीकांत की काला रिलीज़, पहले दिन इतनी कमाई की उम्मीद
Box Office: रजनीकांत की काला रिलीज़, पहले दिन इतनी कमाई की उम्मीद

मुंबई। दो साल बाद बड़े परदे पर फिर से अपना जलवा दिखाने के लिए लौटे रजनीकांत की फिल्म काला इस गुरूवार को रिलीज़ हो गई । जिस तरह देश और दुनिया में रजनीकांत के फैन्स की दीवानगी है ये कहा जा सकता है कि काला इस साल की बड़ी हिट में शामिल होगी।

रजनीकांत की काला (काला करिकालन) इस शुक्रवार की बजाय गुरूवार को रिलीज़ हो गई है। थलाईवा इस बार भी अपने अंदाज़ में हैं और फैन्स भी पूरे रंग में उनका स्वागत करने के लिए। हालांकि रजनीकांत के कावेरी मुद्दे पर दिए गए एक बयान के कारण कर्नाटक में सिनेमाघर मालिक फिल्म को रिलीज़ करने को तैयार नहीं रहे लेकिन अदालत ने सरकार से सुरक्षा देने को कहा है। पा रंजीत के निर्देशन में बनी काला, तमिल की ओरिजनल फिल्म है जिसे तेलुगु, मलयालम और हिंदी में भी रिलीज़ किया जा रहा है। फिल्म को रजनीकांत के दामाद धनुष ने प्रोड्यूस किया है। काला मुंबई की पृष्ठभूमि में एक गैंगस्टर ड्रामा है। फिल्म में रजनीकांत ने डॉन की भूमिका निभाई है, जो तमिलनाडु से भाग कर मुंबई आये ऐसे आदमी की कहानी है जो धारावी इलाके में अपना सिक्का चलाता है। ये रजनीकांत की 164वीं फिल्म है। फिल्म में नाना पाटेकर की अहम् भूमिका है। उनके अलावा हुमा कुरैशी,अंजलि पाटिल, प्रकाश राज और पंकज त्रिपाठी भी नज़र आएंगे। ईश्वरी राव ने रजनीकांत की पत्नी का रोल निभाया है।

काला को लेकर बॉक्स ऑफ़िस गरम है। बताया जाता है कि करीब 140 करोड़ रूपये में बनी इस फिल्म को अब तक थियेट्रिकल और म्युज़िक राइट्स से 230 करोड़ की कमाई हो चुकी है। इनमे से फिल्म को तमिलनाडु से 70 करोड़, आंध्र प्रदेश से 33 करोड़ और केरल से 10 करोड़ रूपये थियेट्रिकल राइट्स के रूप में मिल चुके हैं। ओवरसीज राइट्स को 45 करोड़ रूपये में बेचा जा चुका है। लेकिन फिल्म को लेकर सबसे बड़ा संकट कर्नाटक से है। रजनीकांत की पिछली फिल्म कबाली को कर्नाटक से करीब 20 करोड़ रूपये मिले थे और यदि विरोध जारी रहा तो 15 से 20 करोड़ रूपये का नुकसान तो तय है। बता दें कि रजनीकांत की पिछली तीन फिल्मों कबाली, इंधीरन/रोबोट और शिवाजी द बॉस ने 100 करोड़ से अधिक का कलेक्शन किया था। इधर काला के हिंदी वर्जन को लेकर भी उत्सुकता है। ट्रेड सर्किल के मुताबिक काला को घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर पांच करोड़ रूपये की ओपनिंग मिल सकती है। ऐसा इसलिए कि रजनीकांत के जादू हर जगह चलता है और दक्षिण की तरह उत्तर भारत में भी उनकी बड़ी फैन फालोविंग है। याद हो कि कबाली के हिंदी वर्जन को 38 करोड़ रूपये का कलेक्शन मिला था।

ट्रेड एक्सपर्ट के मुताबिक भले ही काला के साथ अमेरिका से पहले जुरासिक वर्ल्ड फोलेन किंगडम रिलीज़ हो रही है लेकिन रजनीकांत के जादू को ख़त्म करना मुश्किल है। फिल्म काला को कर्नाटक में 130 सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जाना है। वहां के सी एम कुमारस्वामी ने डिस्ट्रीब्युटर्स से अपील की है कि फिल्म को सुचारू रूप से जारी करने दिया जाय। काला को 19 देशों में रिलीज़ किया गया है, जिसमें जापान भी शामिल है, जहां रजनीकांत का अपना रूतबा है।

यह भी पढ़ें: काला बैन: कर्नाटक हाईकोर्ट का इस मामले में दखल से इंकार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।